अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर हमला किया. इसी बीच खबर आयी कि हमले के जवाब में ईरान ने मध्य पूर्व देशों में दुबई के लग्जरी होटल और एयरपोर्ट जैसे कई स्थानों पर हमला किया. दुबई में हुए हमले और हमले से हुई क्षति के कुछ विजुअल्स भी जल्दी ही सामने लगे.

इन सबके बीच भारतीय मीडिया संस्थान आज तक पर मुख्य एंकर अंजना ओम कश्यप ने दुबई पर ईरान का बड़ा हमला बताते हुए एक वीडियो चलाया. वीडियो में एक उड़ता हुआ ड्रोन एक ऊँची इमारत से टकराता है जिससे धमाका होता है. और सड़क पर खड़े होकर  घटना की वीडियो बना रहे लोगों में अफरातफरी मच जाती है. इस वीडियो को दिखाते हुए बताया गया कि ईरान ने शाहेद 136 ड्रोन से हमला कर दुबई के मल्टीराइज़ इमारतों को नुकसान पहुंचाया और यहीं पर अमेरिकी सैनिक रह रहे थे. नीचे रिपोर्ट में 4 मिनट 8 सेकंड पर ये वीडियो दिखाया गया है.

इसके अलावा आज तक ने अपने न्यूज़ वेबसाइट पर रिपोर्ट भी प्रकाशित किया जिसमें वीडियो का स्क्रीनग्रैब इस्तेमाल किया गया था. साथ ही रिपोर्ट में ड्रोन धमाके वाले वीडियो को एम्बेड किया गया था. जिसे बाद में अपडेट करके हटा दिया गया. नीचे तस्वीरों में रिपोर्ट के अपडेट किए जाने से पहले के स्क्रीनग्रैब मौजूद हैं.

This slideshow requires JavaScript.

इसी तरह India today, NDTV, News18 ने अपने रिपोर्ट में ये वीडियो दिखाए. CNN News18 के संपादकीय मामलों के निदेशक राहुल शिवशंकर और न्यूज नैशन के सीनियर एडिटर मधुरेन्द्र कुमार ने भी ईरान के शाहेद 136 ड्रोन ने दुबई की एक इमारत को निशाना बनाया बताते हुए यही वीडियो चलाया और शेयर किया. स्टोरी लिखे जाने तक कुछ मीडिया संस्थानों ने अपने पोस्ट हटा दिए या उसे अपडेट कर दिया गया.

This slideshow requires JavaScript.

तेहरान स्थित मीडिया PressTv ने भी अपने एक्स-हैंडल पर ईरान के शाहेद 136 ड्रोन से दुबई पर हमला के वीडियो बताते हुए वीडियो शेयर किया.

 

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने रिपोर्ट्स में दिखाए जा रहे वीडियो के कुछ की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही वीडियो 1 मार्च 2026 को @iv1cky नामक X-अकाउंट पर अपलोडेड मिला. जिसमें वीडियो और घटना के बारे में बताया कि बहरीन के मनामा में एक गगनचुंबी इमारत से ईरानी ड्रोन, शाहिद-136 टकरा गई.

वीडियो को ध्यान पूर्वक देखने पर इसमें एक इमारत पर Zaya Tower लिखा हुआ दिखता है. हमने इस धमाके वाले जगह को जियोलोकेट किया. हमें यह लोकेशन बहरीन देश की राजधानी मनामा में स्थित Zaya Tower और Hayat Palace के स्ट्रीट व्यू पर मिला. Zaya Tower और Hayat Palace के पीछे जो ऊँची इमारत है, जिस पर धमाका होता नजर आता है, उसका नाम Era Views Tower है. 

CNN न्यूज़ ने जियोलोकेटेड और सत्यापित वीडियो के आधार पर ख़बर दी कि ईरानी शाहेद ड्रोन बहरीन के मनामा में Era Views Tower की ऊपरी मंजिलों पर हमला किया है.

यानी, जिस वीडियो को आज तक, इंडिया टुडे, न्यूज़18 समेत एनडीटीवी जैसे भारतीय मीडिया घरानों ने ईरानी ड्रोन द्वारा दुबई पर हमले का दृश्य बताया, असल में वह ईरानी ड्रोन द्वारा बहरीन के राजधानी मनामा में हमले का दृश्य है.

यह पहली बार नहीं है जब भारतीय मीडिया संस्थानों ने जल्दबाजी दिखाते हुए बिना वीडियो की सत्यता जांच के ख़बर चला दी हो. पिछले साल पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति में AI जनरेटेड, पुराने वीडियो या गेमिंग क्लिप्स को तात्कालिक घटना का बताकर कई ग़लत खबरें चलाई गई थीं.

पढ़ें :- ज़ी न्यूज़ और अन्य ने पकड़े गए पाकिस्तानी पायलट की बताकर दिखाई तुर्की की पुरानी तस्वीर

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

Tagged: