महाराष्ट्र के बारामती में 28 जनवरी के अहले सुबह एक प्लेन दुर्घटना में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत प्लेन में मौजूद 4 लोगों की मौत हो गई. इन लोगों में अजीत पवार, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव के अलावा, पायलट सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल थे.
इस दुर्घटना के बाद एक तरफ लोगों ने शोक व्यक्त किया, वहीं कुछ लोगों ने को-पायलट शांभवी पाठक को लेकर लड़कियों के लिए संकीर्ण मानसिकता का उदाहरण पेश किया. इसी बीच कई लोगों ने और मीडिया आउटलेट्स ने एक पायलट की तस्वीर शेयर करते हुए दावा किया कि जो प्लेन बारामती में क्रैश हुआ, उसे कैप्टन साहिल मदान उड़ा रहे थे. वहीं कुछ लोगों ने एक युवा पायलट की तस्वीर शेयर करते हुए उसे पायलट सुमित कपूर बताया.
DNA इंडिया ने अपने एक आर्टिकल में दावा किया कि महाराष्ट्र के बारामती हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त विमान, जिसमें अजीत पवार सवार थे, उसे कैप्टन साहिल मदान उड़ा रहे थे. बाद में उन्होंने ये आर्टिकल डिलीट कर दिया, हालांकि, DNA का पोस्ट फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर अभी भी मौजूद है. यूट्यूब वीडियो में DNA ने युवा पायलट की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए उसे सुमित कपूर बताया है.
वन इंडिया ने भी अपने आर्टिकल और वीडियो में दावा किया कि कैप्टन साहिल मदान दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान को उड़ा रहे थे, जिस हादसे में अजीत पवार समेत विमान में मौजूद सभी लोगों की मौत हो गई. बाद में उन्होंने ये वीडियो डिलीट कर दिया और इंग्लिश आर्टिकल भी डिलीट कर दिया. हालांकि हिन्दी वर्जन अब भी उनकी वेबसाइट पर मौजूद है, जिसमें से वीडियो डिलीट हो चुका है.

द क्विन्ट ने भी युवा पायलट की तस्वीर शेयर करते हुए उसे कैप्टन सुमित कपूर बताया था. बाद में उन्होंने अपने फ़ेसबुक पोस्ट से ये तस्वीर हटा दी, और लिंकड्इन पोस्ट डिलीट कर दिया.

फ़ोटोग्राफर वरिंदर चावला ने भी युवा पायलट की तस्वीर शेयर करते हुए उसे कैप्टन सुमित कपूर बताते हुए शोक व्यक्त किया.

फ़ैक्ट-चेक
फ्लाइट मेनीफेस्ट में मौजूद दुर्घटनाग्रस विमान के डिटेल्स के मुताबिक, पाइलट इन कमांड सुमित कपूर थे. इसलिए न्यूज़ आउटलेट्स का ये दावा भ्रामक है कि कैप्टन साहिल मदान विमान को उड़ा रहे थे.

युवा पायलट की वायरल तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें कैप्टन साहिल मदान का लिंकड्इन प्रोफ़ाइल मिला, जहां उन्होंने बताया है कि वो VSR VENTURES प्राइवेट लिमिटेड के लिए काम करते हैं.

कैप्टन साहिल मदान की पत्नी संजाम सहनी ने DNA की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेन्ट करते हुए लिखा है कि साहिल उस विमान में मौजूद नहीं थे.

कुल मिलाकर, कई मीडिया आउटलेट्स ने भ्रामक दावा किया कि जो प्लेन बारामती में क्रैश हुआ, उसे कैप्टन साहिल मदान उड़ा रहे थे. जबकि असल में उस प्लेन के पायलट इन कमांड सुमित कपूर थे. इसके अलावा, कुछ मीडिया आउटलेट्स ने कैप्टन साहिल मदान की तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें प्लेन क्रैश में मारे गए पायलट सुमित कपूर बता दिया.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.




