सोशल मीडिया पर एबीपी न्यूज के प्रोग्राम का एक वीडियो वायरल है. दावा किया जा रहा है कि एक पाकिस्तानी पैनलिस्ट ने एंकर चित्रा त्रिपाठी को लाइव डिबेट में अपमानित किया. वायरल दावे के अनुसार, पैनलिस्ट ने एंकर से कहा कि पाकिस्तानी महिलाएं अपने खर्च पर मेकअप करती हैं, जबकि एंकर के मेकअप का खर्च नरेंद्र मोदी उठाते हैं.

कार्टूनिस्ट मंजुल ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए कहा, “पाकिस्तानी पैनलिस्ट सारी हदें पार कर रहे हैं. चित्रा जी के तमाम उकसावे के बावजूद, किसी भी भारतीय ने आजतक उनपर ऐसी भद्दी टिप्पणी नहीं की. टीवी डिबेट को इस स्तर तक ले जाने के लिए कौन जिम्मेदार है?”

इसी पोस्ट को कोट करते हुए कांग्रेस नेता अलका लांबा ने लिखा कि चित्रा की क्या मजबूरी होगी कि उन्हें चर्चा के लिए अपने चैनल/शो में पाकिस्तानियों को बुलाने की जरूरत पड़ती है? और फिर उनसे अपमानित होना पड़ता है? चैनलों को पाकिस्तानियों को बुलाना करना बंद कर देना चाहिए.

कांग्रेस नेता डॉ. रागिनी नायक ने भी वायरल् वीडियो शेयर करते हुए कहा कि शो में पाकिस्तानियों को बुलाने और उनके हाथों इस तरह अपमानित होने की क्या मजबूरी है? (आर्काइव लिंक)

इसी तरह, कई अन्य सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी इसी तरह के दावों के साथ वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि पाकिस्तानी पैनलिस्ट ने चित्रा त्रिपाठी के शो में कहा कि उनके मेकअप का खर्च नरेंद्र मोदी उठाते हैं.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

इस दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वायरल वीडियो में चल रहे ‘टिकर’ से संबंधित की-वर्ड्स यूट्यूब पर सर्च किया. हमें एबीपी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर 2 मई 2025 को अपलोड किया गया ओरिजनल वीडियो मिला. इस डिबेट शो में पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा हो रही थी जिसमें आतंकियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर उन्हें मार डाला था. इसी मुद्दे पर एबीपी न्यूज़ का ‘महादंगल’ नाम का डिबेट प्रोग्राम था जिसमें दो पाकिस्तानी पत्रकार हैदर हयात खान और मुकीम अहमद खान पैनलिस्ट के तौर पर मौजूद थे.

एबीपी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर मौजूद पूरे वीडियो को देखने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि वायरल वीडियो पूरी तरह से एडिटेड है और इसमें दिख रहा व्यक्ति असल डिबेट का हिस्सा था ही नहीं. वायरल वीडियो की शुरुआत में एबीपी न्यूज़ कि एंकर चित्रा त्रिपाठी कहती हैं “अपने बलूचिस्तान को देखिए, खैबर पख्तूनख्वा को देखिए”, जो ओरिजनल वीडियो में 12 मिनट 33 सेकेंड पर आता है. असल में वहां चित्रा त्रिपाठी यह बात पाकिस्तानी पत्रकार हैदर हयात खान को कह रही थीं, लेकिन वायरल वीडियो में हैदर हयात खान की जगह किसी और व्यक्ति का वीडियो एडिट कर लगा दिया गया है. डिबेट के दौरान एंकर के मेकअप के खर्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जोड़ने वाली कोई भी अपमानजनक बात कभी नहीं कही गई थी.

डिबेट के दौरान मेकअप का ज़िक्र ज़रूर हुआ था, लेकिन वह एक अलग संदर्भ में था. पाकिस्तानी पैनलिस्ट मुकीम अहमद खान ने भारतीय मीडिया के बारे में कहा था कि अगर भारत के पास इतनी ताकत और टेक्नॉलजी है और फौज भी मजबूत है तो आप सुबह शाम शो क्यों कर रहे हैं? कोई म्यूज़िक प्रोग्राम, लड्डू बनाने की रेसिपी, फिंगर नेल्स की टिप्स या योगा प्रैक्टिस दिखाइए, रोना-पीटना क्यों पड़ा हुआ है? जब चित्रा त्रिपाठी ने जवाब में कहा कि आपके चेहरे पर डर दिख रहा है, तब मुकीम खान ने तंज में कहा था कि वह मेकअप पहनकर नहीं आए हैं. इस पर चित्रा त्रिपाठी ने जवाब दिया था कि मेकअप महिलाओं पर अच्छा लगता है और पाकिस्तान में भी महिलाएं मेकअप करती हैं, इसलिए इस पर टिप्पणी न करें. इस डिबेट में कहीं भी एंकर के मेकअप का खर्च नरेंद्र मोदी द्वारा उठाने जैसी टिपण्णी नहीं की गई थी.

इसके अलावा, वायरल वीडियो में बतौर गेस्ट बना दिख रहा शख्स अट्टा मारी बलोच है. इसके फेसबुक पेज पर 6 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो पोस्ट किया गया था. इस यूज़र के यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज खंगालने पर इस तरह के कई एडिटेड वीडियो मौजूद मिले, जिनमें वह खुद को एडिट कर भारतीय न्यूज चैनलों के डिबेट शो में बतौर गेस्ट दिखाता है.

चित्रा त्रिपाठी ने वायरल वीडियो को लेकर ट्वीट किया और अलका लांबा के पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए कहा कि पाकिस्तान का यूट्यूबर अपने व्यूज बढ़ाने के लिये मेरे वीडियो में कांट छाँट करके फेक न्यूज़ तैयार करता है. आजतक कभी भी ये व्यक्ति मेरे शो का हिस्सा नहीं रहा. हैरान होती हूँ जब कांग्रेस के बड़े पद पर बैठी महिला एक न्यूज एंकर के पीछे पड़ जाये.

 

ध्यान दें कि मंजुल और डॉ. रागिनी नायक को जब बताया गया कि ये वीडियो एडिटेड है तो उन्होंने फिर से पोस्ट किया लेकिन ये वीडियो डिलीट नहीं किया.

कुल मिलाकर, वायरल दावा पूरी तरह फ़र्ज़ी है. एबीपी न्यूज़ के डिबेट के वीडियो के एक छोटे हिस्से को काटकर उसमें एक अन्य व्यक्ति का वीडियो जोड़ दिया गया है ताकि यह दिखाया जा सके कि एंकर को अपमानित किया गया है. असलियत में उस डिबेट में नरेंद्र मोदी द्वारा चित्रा त्रिपाठी के मेकअप का खर्च उठाने जैसा कोई भी बयान नहीं दिया गया था. कांग्रेस नेता अलका लांबा, रागिनी नायक आदि ने एक एडिटेड वीडियो शेयर करते हुए ग़लत दावा किया कि चित्रा त्रिपाठी पाकिस्तानियों को शो पर बुला कर, उनके हाथों ज़लील होती हैं.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

About the Author

Abhishek is a senior fact-checking journalist and researcher at Alt News. He has a keen interest in information verification and technology. He is always eager to learn new skills, explore new OSINT tools and techniques. Prior to joining Alt News, he worked in the field of content development and analysis with a major focus on Search Engine Optimization (SEO).