एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें भीड़ सड़कों पर तेज़ संगीत पर नाच रही है. भीड़ के बीच भगवा झंडे हैं जो लेज़र और स्ट्रोब रोशनी से नहाए हुए लगते हैं.

4 मार्च को होली के दिन 26 साल के तरुण कुमार की हत्या के बाद दिल्ली के उत्तम नगर में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ खुलेआम धमकी देते हुए हिंदुत्व संगठनों ने “ईद पर मुसलमानों के खून से होली खेली जाएगी” जैसे बयान जारी किए थे जिसके बाद इस क्लिप को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था.

X यूज़र विनीता सिंह (@biharigurl) ने 22 मार्च को वायरल क्लिप पोस्ट करते हुए लिखा कि इसमें उत्तम नगर में हिंदुओं को होली मनाते हुए दिखाया गया है. ये आर्टिकल लिखे जाने तक, इस वीडियो को लगभग 5 लाख बार देखा गया है और 5 हज़ार से ज़्यादा बार रीशेयर किया गया है. (आर्काइव)

एक और X हैन्डल @indiclogic ने इसी दावे के साथ क्लिप पोस्ट किया. (आर्काइव)

ये क्लिप फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी इसी दावे के साथ वायरल है कि इसमें उत्तम नगर में हिंदुओं को ईद पर होली मनाते हुए देखा जा सकता है. उदाहरण के लिए, ‘हिंदुस्तानी‘ नामक एक यूज़र ने इसे फ़ेसबुक पर शेयर किया. इंस्टाग्राम पर, इस वीडियो को कई यूज़र्स ने इसी दावे के साथ शेयर किया, उनमें से ‘मोस्टली IND‘ भी था जो एक ‘न्यूज़ और मीडिया वेबसाइट’ होने का दावा करता है. इस पोस्ट को 2.1 मिलियन व्यूज़ और 1,63,000 रिएक्शन मिलें हैं:

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने ये वेरिफ़ाई करने की कोशिश की कि क्या वायरल वीडियो में दिखाई दे रही भीड़ को लेकर किसी मीडिया आउटलेट ने रिपोर्ट पब्लिश की है या नहीं. लेकिन हमें इस बारे में कोई खबर नहीं मिली. हमें पता चला कि दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा पुलिस को शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश के बाद 21 मार्च को दिल्ली के उत्तम नगर में कड़ी सुरक्षा के बीच ईद मनाई गई.

हमने वायरल क्लिप के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें 23 सितंबर, 2024 का इंस्टाग्राम रील में ये वीडियो मिला. यानी, वायरल क्लिप पुरानी है.

रील का निरीक्षण करने पर हमने पाया कि एक अन्य यूज़र (@amar_sound_raichur) को टैग किया गया था जो दिखाता है कि वीडियो कर्नाटक के रायचूर का हो सकता है. इसके अलावा, रील से जुड़े हैशटैग से पता चला कि ये गणेश चतुर्थी समारोह का है.

इस वीडियो में हम मस्जिद पर एक साइनबोर्ड देख सकते हैं जो सड़क पर डांस कर रही भारी भीड़ के ठीक बगल में है. इसमें लिखा है “उस्मानिया मस्जिद”.

इसी क्लू को ध्यान में रखते हुए हमने रायचूर में इस मस्जिद की तलाश शुरू की. रायचूर में हमें ये मस्जिद भी मिली जिससे पता चलता है कि ये वीडियो यही शूट किया गया था. 

गूगल मैप से मिली मस्जिद की तस्वीर और वायरल वीडियो में दिख रहे साइनबोर्ड को कम्पेर करने पर साफ होता है कि वायरल क्लिप दिल्ली के उत्तम नगर की नहीं, बल्कि कर्नाटक के रायचूर की है.

कुल मिलाकर, हम ये कह सकते हैं कि वायरल वीडियो रायचूर, कर्नाटक का है और इंटरनेट पर सितंबर 2024 से मौजूद है. इस क्लिप को हाल में शेयर करते हुए भ्रामक सांप्रदायिक दावा किया गया कि उत्तम नगर में ईद के दिन हिंदुओं ने होली मनाई.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.