प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को लेकर एक कथित ट्वीट का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसे राइट विंग यूज़र्स, अभिनेता प्रकाश राज का कथित ट्वीट बता रहे हैं. दावे के मुताबिक, PM मोदी की मां के निधन के बाद प्रकाश राज ने इस तरह श्रद्धांजलि दी थी. स्क्रीनशॉट ट्वीट में लिखा है, “हीराबेन मोदी, आपकी आत्मा को शांति मिले. लेकिन आपने एक ऐसे बदमाश को जन्म दिया है जो भारत को बर्बाद कर रहा है.” 

ज्ञात हो कि 31 मार्च को अभिनेता प्रकाश राज की मां, सुवर्णलता का निधन हो गया. प्रकाश राज के दुख की इस घड़ी में कई अभिनेता और राजनेता समेत आम जनता भी सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए उनके व उनके परिवार के प्रति सहानुभूति दिखा रहे हैं. लेकिन इसी बीच राइट विंग एक्स-हैंडल @tathvamasi6 ने कथित ट्वीट के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, “जो लोग जवाबों में आंसू बहा रहे हैं, उनके लिए ये रहा वो बयान जो उन्होंने मोदीजी की माता हीराबेन के निधन पर दिया था. तो आप अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते रह सकते हैं.” @tathvamasi6 ने इसी दावे से स्क्रीनशॉट को दूसरी बार भी शेयर किया.

राइट विंग हैडल @BackupBrainy, @vishnureddy_899, @PoornimaNimo,@perfectminz, @indiclogic समेत कईयों ने ट्वीट के स्क्रीनशॉट को अभिनेता प्रकाश राज का असल ट्वीट बताया.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने जब वायरल स्क्रीनशॉट के संबंध में जांच की. तो हमें प्रकाश राज के एक्स के टाइमलाइन में या किसी आर्काइव पेज या ऑनलाइन मौजूद नहीं मिले. गौर करे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ, हीराबेन का निधन 30 दिसंबर 2022 को हुआ था. और इसी दिन प्रकाश राज ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा था, “मां को खोना बहुत दर्दनाक होता है, आपके इस दुख में हमारी हार्दिक संवेदनाएं, नरेंद्र मोदी जी. उनकी आत्मा को शांति मिले.”

वायरल ट्वीट की तारीख़ 10 जनवरी 2023 लिखी है जबकि हीराबेन का निधन 30 दिसंबर 2022 को हुआ था. इसके अलावा, उस स्क्रीनशॉट में कई त्रुटियां हैं जो अक्सर फ़ेक ट्वीट जनरेटर के मदद से बनाए गए ट्वीट के स्क्रीनशॉट में देखने को मिलते है. नीचे तस्वीर में असली ट्वीट और फ़ेक के बीच अन्तरों को देख सकते हैं.

जैसा कि ऊपर तस्वीर में साफ देखा जा सकता है फ़र्ज़ी ट्वीट जनरेटर के ट्वीट और ओरिजिनल ट्वीट में यूज़र नेम, ग्रॉक-एक्स लोगो, एक दूसरे से अलग हैं जो कि ओरिजिनल किसी भी ट्वीट के स्क्रीनशॉट से मेल नहीं खा रहा है. ओरिजिनल ट्वीट के स्क्रीनशॉट्स एक्स के एक्सप्लोर सेक्शन से लिए गए हैं क्यूंकि फ़र्ज़ी वैसा ही बनाया गया मालूम पड़ता है. ऊपर तस्वीर में ग्रीन लाइन के ज़रिए फ़र्ज़ी ट्वीट के एडिटिंग की त्रुटियां दिखाई गईं हैं.

वायरल स्क्रीनशॉट में सबसे बड़ा अंतर हैशटैग का है. वायरल ट्वीट में #Just_Asking लिखा है, लेकिन प्रकाश राज के ओरिजिनल ट्वीट में केवल स्मॉल लेटर में #justasking लिखा हुआ रहता है.

हमने हैशटैग वाले अंतर को वेरीफाई करने के लिए ट्विटर एडवांस सर्च किया, लेकिन हमें अभिनेता प्रकाश राज कभी #Just_Asking का उपयोग अपने ट्वीट में करते नजर नहीं आए.

अभिनेता प्रकाश राज ने @tathvamasi6 नामक हैंडल के पोस्ट पर जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि वायरल ट्वीट पूरी तरह झूठा है. और अपने जवाब में व्यंग्यात्मक अंदाज से लिखा, “कट्टरपंथियों ने मेरे नाम पर एक फ़र्ज़ी ट्वीट बनाया और अप्रैलफूल्सडे पर अपने ही नेता को गाली दी, यह मज़ाक तुम मूर्खों पर ही है.”

हमने फ़ेक ट्वीट जनरेटर वेबसाइट की मदद से वायरल फ़र्ज़ी ट्वीट जैसा ही बना के देखा. इसका स्क्रीन रिकॉर्डिंग नीचे दिया गया है. वीडियो केवल फैक्ट-चेकिंग के उद्देश्य से बनाया गया है.

यानी, वायरल हो रहा स्क्रीनशॉट पूरी तरह फ़र्ज़ी है, लेकिन राइट विंग यूज़र्स प्रकाश राज पर निशाना साधने के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.