हाल ही में एपस्टीन फाइल्स के सार्वजनिक होने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के दावों की बाढ़ आ गई है. इसके नाम पर भारतीय राजनेताओं की तस्वीरों को भी निशाना बनाया जा रहा है. इसी बीच, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं. इनमें उन्हें कुख्यात सेक्स ऑफेंडर जेफरी एपस्टीन के साथ दिखाया गया है.
अरुण प्रकाश मिश्रा नाम के एक यूजर ने पीएम मोदी की तस्वीर शेयर करते हुए दावा किया कि उनका नाम एपस्टीन फाइल्स में है और वह एपस्टीन के साथ नज़र आ रहे हैं. (आर्काइव लिंक)

अनिल नाम के एक अन्य यूजर ने राहुल गांधी की वैसी ही तस्वीर शेयर कर उन पर भी ऐसे ही आरोप लगाए. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक
वायरल दावों से जुड़े की-वर्ड्स गूगल पर सर्च करने पर हमें ऐसी एक भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली जो इन तस्वीरों या दावों की पुष्टि करती हो. वायरल तस्वीरों को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें किसी भी प्रामाणिक न्यूज़ आउटलेट या आधिकारिक वेबसाइट पर ऐसी कोई तस्वीर नहीं मिली. अगर भारत के प्रधानमंत्री या विपक्ष के नेता का नाम इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय फाइल या तस्वीरों में शामिल होता, तो यह वैश्विक स्तर पर एक बड़ी खबर होती.
वायरल तस्वीरों को ध्यान से देखने पर इसमें कई खामियां दिखती हैं, जो इनके असली होने पर सवाल उठाती हैं. एक ही तस्वीर में जेफ्री एपस्टीन के पीछे की जगह खुली दिख रही है, जबकि मोदी और राहुल गांधी के ठीक पीछे किताबों की एक अलमारी जैसी नजर आती है. एक ही फ्रेम में दो अलग-अलग बैकग्राउंड का होना तस्वीर पर संदेह और गहरा करता है. इसके अलावा, नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की अलग-अलग तस्वीरों में बैकग्राउंड से लेकर सबकुछ बिल्कुल एक जैसा है. यह इस बात का पुख्ता सबूत है कि दोनों तस्वीरों को एडिट करने में एक ही टेम्प्लेट का इस्तेमाल किया गया है.

कुल मिलाकर, कई यूज़र्स ने नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की एडिटेड तस्वीर शेयर करते हुए भ्रामक दावा किया कि उनकी तस्वीर एपस्टीन फाइल्स में कुख्यात सेक्स ऑफेंडर जेफरी एपस्टीन के साथ मिली. जबकि, तस्वीरों की बनावट और विजुअल कलू स्पष्ट करते हैं कि इन तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या फोटो एडिटिंग सॉफ्टवेयर की मदद से बनाया गया है.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.




