पश्चिम एशिया के बढ़ते संघर्ष के बीच 10 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एक रोती महिला और ऊंची इमारतों के नीचे सड़क पर जलती हुई कुछ कारें नज़र आ रही हैं. कुछ न्यूज़ चैनल्स और यूज़र्स ईरानी मिसाइलों द्वारा इज़राइल के तेल अवीव में पेटाह टिकवा शहर पर हमला बताकर ये वीडियो शेयर कर रहे हैं .

भाजपा गुजरात के विदेश मामलों के संयोजक मनोज कपाड़िया ने अपने एक्स-हैंडल, फेसबुक समेत इंस्टाग्राम सभी सोशल मीडिया में वीडियो को हालिया पश्चिम एशिया संघर्ष का वीडियो बताते हुए लिखा, “मध्य इज़राइल में तेल अवीव के पास स्थित पेटाह टिकवा पर ईरान ने बमबारी की”

तो वहीं 4 मार्च 2026 को दैनिक भास्कर के हिंदी और इंग्लिश संस्करण में प्रकाशित खबर में GIF के रूप में हालिया विजुअल बताते हुए लिखा, “ईरान ने मंगलवार (3 मार्च) को इजराइल के पेटाह टिकवा शहर पर मिसाइल अटैक किया”

This slideshow requires JavaScript.

इसके अलावा tuzlanski.ba, vetogate, coptstoday जैसी न्यूज़ वेबसाईट्स ने भी ईरानी मिसाइलों द्वारा इज़राइल के शहर पर हमले की हलिया तस्वीर बताते हुए अपने रिपोर्ट्स में वीडियो के स्क्रीनग्रैब का इस्तेमाल किया.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल विजुअल के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ये वीडियो 9 अक्टूबर 2023 को @AzukaDM नामक एक X-हैंडल पर अपलोडेड मिला. यूज़र ने कैप्शन में ब्रेकिंग न्यूज़ बताते हुए जानकारी दी थी, “हमास के रॉकेटों ने इज़राइली शहर अशदोद पर हमला किया”

साथ ही हमें यही वीडियो 9 अक्टूबर 2023 को प्रकाशित “Sky न्यूज़” की एक रिपोर्ट में मिला, जिसमें Sky न्यूज़ ने सत्यापित करते हुए बताया, “इजराइल-हमास युद्ध के दौरान इजरायली शहर अशदोद में रॉकेट गिरने से गाड़ियां जल उठीं.”

9 अक्टूबर 2023 को Forbes Breaking News के वीडियो रिपोर्ट में इसे “इजराइल का अशदोद शहर हमास के रॉकेट हमलों के बाद की स्थिति” बताकर शेयर किया गया था.

इसके अलावा, “ईरान द्वारा इज़राइल में तेल अवीव के पास स्थित पेटाह टिकवा पर हमले” का दावा के संबंध में की-वर्ड सर्च से हमें 3 मार्च 2026 को प्रकाशित “रॉयटर्स” की एक रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के अनुसार, “इज़रायल की सेना ने 3 मार्च को ईरान की मिसाइलों द्वारा इजरायल के पेटाह टिकवा समेत तेल अवीव क्षेत्र में हमले की पुष्टि करते हुए सूचना दी है.”

यानी, वायरल विजुअल अक्टूबर 2023 में इजराइल-हमास युद्ध के दौरान इजरायली शहर अशदोद पर हमले की घटना का है. लेकिन इसे दैनिक भास्कर समेत कई अलग मीडिया हाउस ने भी अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच जारी पश्चिम एशिया संघर्ष से जोड़कर शेयर कर दिया.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

Tagged: