उत्तरप्रदेश के मेरठ के सरधना विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक रहे संगीत सिंह सोम का 15 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें वो कथित रूप से बाबा साहब अंबेडकर को ‘भू-माफिया’ बताते नज़र आ रहे हैं. वीडियो में वो कहते हैं, “ये अंबेडकर भू-माफिया है, ये जिस प्लॉट पर खड़ा होता है उस प्लॉट को कब्ज़ाता है और फिर उंगली उठाकर के कहता है कि अगला प्लॉट आप जाकर कब्ज़ा लीजिए.”
गौतमबुद्धनगर के समाजवादी पार्टी जिला उपाध्यक्ष विपिन नागर ने X पर 15 सेकेंड के इस वीडियो को शेयर किया और लिखा, “भाजपा का पूर्व विधायक संगीत सोम ये क्या बोल रहा है?” विपिन नागर ने अपने इंस्टाग्राम पर भी यही सवाल करते हुए ये वीडियो शेयर किया.
भाजपा का पूर्व विधायक संगीत सोम ये क्या बोल रहा है? pic.twitter.com/dQWpvAKyrf
— Adv Vipin Nagar (@VipinNagarX) March 31, 2026
View this post on Instagram
पब्लिक टीवी नामक एक यूट्यूब चैनल ने भी ये वीडियो चलाते हुए ऐसा ही दावा किया.
फैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो के कुछ की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें TV9 समूह के यूट्यूब चैनल TV9 Uttar Pradesh Uttarakhand पर संगीत सिंह सोम का दूसरे ऐंगल से शूट किया हुआ 18 मिनट लंबा वीडियो मिला. हमने पूरे वीडियो को गौर से सुना और पाया कि भाजपा नेता संगीत सिंह सोम, अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के नेताओं को अपने भाषण के ज़रिए निशाना बना रहे थे. इसी दौरान वो समाजवादी पार्टी के नेता आज़म ख़ान को लेकर कह रहे थे, “आज़म ख़ान समाजवादी पार्टी के मंच पर खड़ा होकर बाबा साहब अंबेडकर के सम्मान में गुस्ताखी कर रहा था और वो कहा रहा था कि ये अंबेडकर भू-माफिया है ये जिस प्लॉट पर खड़ा होता है, उस प्लॉट को कब्ज़ाता है और फिर उंगली उठाकर के कहता है कि अगला प्लॉट आप जाकर कब्ज़ा लीजिए. ये भाषा थी आपके नेता की.” नीचे दिए गए वीडियो में 6 मिनट 11 सेकेंड पर वायरल वीडियो का हिस्सा आता है.
हमने जांच में पाया कि 30 मार्च को उत्तरप्रदेश, मेरठ के सरधना विधानसभा क्षेत्र के भगवानपुर गांव में बाबा साहेब अम्बेडकर की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के दौरान संगीत सिंह सोम ने करीब 10 साल पुराने आज़म ख़ान के भाषण को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को निशाना बनाया.
जागरण की एक रिपोर्ट अनुसार, 2016 में तात्कालिक उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आज़म ख़ान ने गाजियाबाद में आला हजरत हज हाउस के उद्घाटन समारोह के दौरान मंच पर अखिलेश यादव के मौजूदगी में ही बाबा साहेब अम्बेडकर पर आपत्तिजनक बयान दिया था. आज़म ख़ान ने पिछली सरकार बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) और मायावती पर निशाना बनाते हुए कहा था उत्तर प्रदेश में सैकड़ों जगह पर एक साहब की प्रतिमा लगी है, उसमें उनकी उंगली कुछ खास इशारा करती है.

आगे रिपोर्ट में बताया गया है कि आज़म ख़ान ने कहा, “प्रतिमा कह रहा है कि यह ज़मीन मेरी है, लेकिन सामने वाला प्लॉट भी तो मेरा ही है हर प्रतिमा में उंगली आगे की तरफ होती है. इस प्रतिमा के यह मायने थे कि जहां मूर्ति लगी है वह ज़मीन तो मेरी है लेकिन सामने वाली भी मेरी ही है.” आज़म ख़ान बसपा पर हमला बोल रहे थे, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से उन्होंने बाबा साहेब और बसपा को भू-माफिया करार दे दिया था.
यानी, 10 साल पहले आज़म ख़ान ने बाबा साहेब अंबेडकर पर एक विवादित भाषण दिया था जिसे लेकर संगीत सिंह सोम, समाजवादी पार्टी को निशाना बना रहे थे. लेकिन भाषण के क्लिप्ड वीडियो को शेयर कर यह भ्रामक दावा किया जा रहा है कि भाजपा नेता संगीत सिंह सोम ने बाबा साहब अंबेडकर को भू-माफिया बताया.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.




