सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल है जिसमें एक आलीशान बंगला आग की लपटों में घिरा हुआ है. वीडियो में पूरी इमारत आग की चपेट में है और मौके पर दमकल की गाड़ी मौजूद है. इस वीडियो को हालिया ईरान-इज़रायल संघर्ष से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है. पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ईरान ने इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के घर पर बैलिस्टिक मिसाइल से सीधा हमला किया है जिसमें उनके भाई इद्दो नेतन्याहू की जलकर मौत हो गई है.

‘Hakan Boyav’ नाम के यूज़र ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि बच्चों के हत्यारे नेतन्याहू का अंत आ गया है. ईरान की एक बैलिस्टिक मिसाइल सीधे नेतन्याहू के घर पर गिरी जिसमें नेतन्याहू के भाई इद्दो नेतन्याहू की आग में जलने से मौत हो गई. (आर्काइव लिंक)

वकास मुग़ल नाम के यूज़र ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि बेंजामिन नेतन्याहू के भाई एडो नेतन्याहू के परिवार के घर पर ईरानी मिसाइल हमले के बाद उसकी मौत हो गई. लोगों को दुःख देने वाले को अपने ही घर में शोक और कष्ट सहना बहुत आवश्यक था. (आर्काइव लिंक)

‘La Catrina Norteña’ नाम के यूज़र ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए कहा कि ईरानी मीडिया आउटलेट्स ने खबर दी है कि कैसे नेतन्याहू के भाई के घर में आग लगा दी गई जिससे उसकी मृत्यु हो गई. अब ये स्पष्ट है कि ट्रम्प क्यों कहते हैं कि युद्ध समाप्त होने वाला है. वो हार रहे हैं और अब अपमान नहीं सह सकते. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

वायरल वीडियो के फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ को 10 फरवरी 2026 की एक अमेरिकी स्थानीय समाचार वेबसाइट BreakingAC की एक रिपोर्ट मिली. आर्टिकल में वायरल वीडियो से मिलती-जुलती तस्वीर फीचर की गई थी. रिपोर्ट के अनुसार, ये घटना वास्तव में अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित गैलोवे टाउनशिप (Galloway Township) की है जहां 8 फरवरी की रात और 9 फरवरी की सुबह के बीच एक घर में भीषण आग लग गई थी.

रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि गैलोवे टाउनशिप पुलिस के अनुसार, कड़ाके की ठंड, बर्फ और पाले की वजह से दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी. घर के मालिक ने धुआं उठने और अलार्म बजने के बाद तुरंत मदद के लिए फोन किया था. राहत की बात ये रही कि घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और इस दुर्घटना में किसी के घायल होने या मृत्यु की कोई खबर नहीं थी.

इस आर्टिकल में एक फ़ेसबुक पोस्ट एम्बेड की गई है जब हमें फेसबुक पोस्ट देखा तो पाया गया कि वायरल वीडियो 9 फरवरी को ही पोस्ट कर दिया गया था. और इसमें घटना का अड्रेस ‘पार्क प्लेस, गैलोवे, न्यू जर्सी’ बताया गया था.

फ़ेसबुक पोस्ट में बताए गए पते को हमने गूगल स्ट्रीट व्यू पर खोजा गया तो वहां वही बंगला दिखाई दिया जो वायरल वीडियो में जलता हुआ दिख रहा है.

इससे येपूरी तरह साबित हो जाता है कि आग की घटना ये अमेरिका के न्यू जर्सी में हुई थी और इसका ईरान-इज़रायल युद्ध या नेतन्याहू के परिवार से कोई संबंध नहीं है. सोशल मीडिया पर किया गया दावा कि कथित वीडियो नेतन्याहू के भाई के घर में लगी आग का है, जिसमें उनकी मौत हो गई, पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठा है.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

Tagged:
About the Author

Abhishek is a senior fact-checking journalist and researcher at Alt News. He has a keen interest in information verification and technology. He is always eager to learn new skills, explore new OSINT tools and techniques. Prior to joining Alt News, he worked in the field of content development and analysis with a major focus on Search Engine Optimization (SEO).