सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो में महिला एक अमूल पार्लर में तोड़-फोड़ और हंगामा करती दिखती हैं. महिला कहती है कि उसके पति ने उससे झूठ बोल कर आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली और दो बच्चों का बाप निकला. लोग इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि एक मुलिस्म व्यक्ति ने झूठ बोलकर हिन्दू लड़की से शादी की है. अवनी दवे नाम की यूज़र ने ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, “झूठ बोलकर दो बच्चों के बाप मुस्लिम युवक ने हिन्दू लड़की से आर्य समाज मंदिर में शादी की!सच्चाई सामने आईं तो हंगामा खड़ा होना ही था हिन्दू लड़की अब अपने तकदीर को कोस रही हैं!”

 

झूठ बोलकर दो बच्चों के बाप मुस्लिम युवक ने हिन्दू लड़की से आर्य समाज मंदिर में शादी की!

सच्चाई सामने आईं तो हंगामा खड़ा होना ही था हिन्दू लड़की अब अपने तकदीर को कोस रही हैं!

👇👇

Posted by Avani A Dave on Friday, 16 October 2020

मिसिंग डॉटर्स, पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ट्र फैन क्लब नामक फ़ेसबुक पेज ने ये वीडियो शेयर करते हुए यही दावा किया है. ट्विटर पर भी कई लोगों ने ये वीडियो शेयर करते हुए यही दावा किया है. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो में दिख रहा है कि एक अमूल पार्लर में ये घटना हो रही है. इसके अलावा एक मौके पर महिला कह रही है कि आर्य समाज मंदिर में शादी हुई. इस जानकारी को क्लू की तरह इस्तेमाल करते हुए जब हमने कीवर्ड सर्च किया तो कुछ मीडिया रिपोर्ट्स मिले. ये घटना इंदौर के भंवरकुआं की है. भास्कर में 14 अक्टूबर को छपी एक रिपोर्ट में झूठ बोलकर शादी करने वाले शख्स का नाम आनंद पाटिल बताया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, तोड़-फोड़ करने वाली महिला का आरोप था कि मिल्क पार्लर संचालक आनंद ने खुद को अनाथ बोलकर उससे शादी की.

भोपाल समाचार ने भी इस घटना की रिपोर्ट में महिला के पति का नाम आनंद पाटिल बताया है. मध्य प्रदेश की एक और स्थानीय समाचार वेबसाइट स्वदेश ने भी इस मामले पर रिपोर्ट छापी है.

हमें उस महिला का मीडिया से बात करते हुए भी एक वीडियो मिला. MP ब्रेकिंग न्यूज़ नाम के समाचार चैनल ने 14 अक्टूबर को महिला से बातचीत का वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में वो अपना नाम नेहा पाटिल और अपने पति का नाम आनंद पाटिल बताती हैं . वो कहती हैं कि आनंद की पहली शादी 2010 में ही हो गयी थी. लेकिन ये बात उसने नेहा से छुपाई और खुद को एक अनाथ बताकर उससे 2017 में शादी कर ली.

इस तरह ये वीडियो ग़लत दावे के साथ शेयर हो रहा है कि हिन्दू महिला से झूठ बोलकर पहले से शादीशुदा मुस्लिम व्यक्ति ने शादी की.

ग़लत
दावा:
हिन्दू महिला से झूठ बोलकर पहले से शादीशुदा मुस्लिम व्यक्ति ने शादी की

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें