उत्तराखंड के हल्द्वानी में 8 फरवरी को नगर निगम द्वारा मदरसे और नमाज़ के लिए बन रही इमारत पर बुलडोज़र चलाने के बाद वहां हिंसा भड़क गई. इसमें 6 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर पर कई तरह के दावे किये जा रहे हैं. उनमें से एक दावा ये भी है कि हल्द्वानी में मुस्लिम समुदाय की आबादी 20 साल पहले 1000 से कम थी जो अब बढ़कर 1 लाख से ज्यादा हो चुकी है. कई अन्य यूज़र्स ऐसा ही एक दावा कर रहे हैं कि हल्द्वानी में 20 साल पहले मुस्लिम आबादी 1 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 20 प्रतिशत हो चुकी है.

राइट-विंग अकाउंट बाबा बनारस ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि 20 साल पहले उत्तराखंड के हल्द्वानी में मुस्लिमों को संख्या 1000 से कम थी, लेकिन अब उनकी संख्या बढ़कर 1 लाख से ज्यादा हो चुकी है. (आर्काइव लिंक)

हालांकि जिस वीडियो का इस्तेमाल ये दावा करने के लिए किया जा रहा है वो हल्द्वानी में हुई हालिया हिंसा ही दिखाता है. निलेश यादव नाम के यूज़र ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

लकी वैष्णव नाम के यूज़र ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि 20 साल पहले हल्द्वानी में मुस्लिमों की आबादी 1 प्रतिशत थी, लेकिन अब ये 20 प्रतिशत हो चुकी है. हालांकि, जिस वीडियो का इस्तेमाल यूज़र ने किया है वो पुराना है और हल्द्वानी का नहीं, बल्कि हरिद्वारा का है. ऑल्ट न्यूज़ ने इसका फ़ैक्ट-चेक किया था.

फ़ैक्ट-चेक

हमने उत्तराखंड के हल्द्वानी में धर्म के आधार पर 20 साल पहले की आबादी का पता लगाने के लिए 2001 का सेंसस डाटा चेक किया. उस वक्त उत्तराखंड का नाम उत्तरांचल हुआ करता था. हमने पाया कि उस 2001 में उत्तराखंड के हल्द्वानी की कुल आबादी 497869 थी जिसमें 80436 मुस्लिम समुदाय से आते थे. यानी, 2001 में मुस्लिम समुदाय की आबादी, कुल आबादी का करीब 16.15 प्रतिशत था.

हमने इस आबादी में बढ़ोतरी का पता लगाने के लिए 2011 के सेंसस का डाटा चेक किया. इसके मुताबिक, उत्तराखंड की कुल आबादी 2011 में घटकर 364129 हो गई. इसमें मुस्लिम आबादी में भी घटोतरी हुई और इसकी संख्या घटकर 67559 हो गई. लेकिन प्रतिशत के मामले में मुस्लिम समुदाय की आबादी में 2001 से 2011 सेंसस के बीच 2.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. चूंकि हल्द्वानी में 2011 में मुस्लिम समुदाय की आबादी, कुल आबादी का करीब 18.55 प्रतिशत था.

भारत सरकार ने 2021 में होने वाली जनगणना अबतक नहीं कारवाई है इसलिए उसका डाटा उपलब्ध नहीं है. लेकिन हल्द्वानी में मुस्लिम समुदाय की बहुत बड़ी बढ़ोतरी होने का दावा भ्रामक और बेबुनियाद है. हमने ये दावा भी झूठा पाया कि 20 साल पहले हल्द्वानी में मुस्लिम समुदाय के लोगों की संख्या 1 हजार से कम थी, जबकि असल में 2001 सेंसस के अनुसार, उस वक्त हल्द्वानी में मुस्लिम समुदाय की आबादी 80 हज़ार से अधिक थी.

वर्गीकरण करना कठिन
दावा:
उत्तराखंड में 20 साल में मुस्लिम आबादी 1 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत हो गई.

There is insufficient information to make a definitive determination.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें