केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. इसमें वो चार पोस्टर लिए नज़र आ रहे हैं. इन तस्वीरों में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू अलग-अलग महिलाओं के साथ नजर आ रहे हैं. इन तस्वीरों पर हिंदी और अंग्रेजी में कुछ टेक्स्ट भी लिखे हैं जो कश्मीर पर नेहरू के राजनीतिक रुख की आलोचना करते हैं.
भाजपा नेता ने पोस्टर दिखाते हुए पत्रकारों से कहा, “भारत की गरिमा को कांग्रेस पार्टी आज से नहीं नेहरु के जमाने से तार-तार किया है. ये नेहरू जी ने अपनी आकांक्षाओं को अपने कामनाओं को पूरा करने के लिए, उन्होंने कश्मीर को गिरवी रखा, यूनाइटेड नेशन गए POK दे दिया.. और दूसरा है अंग्रेज के बाहों में सरेंडर किया. ये नेहरू ने सरेंडर कर दिया अपने आप को. और तो और बाबा साहब अंबेडकर के चुनाव हारने के बाद जश्न मना रहे हैं. यही दोनों फ़ोटो कह रहा है इससे ज्यादे मुझे कुछ नहीं कहना है. राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए देश से. नरेंद्र मोदी ने दुनिया में भारत का नाम उंचा किया है.”
#WATCH | Delhi | Union Minister Giriraj Singh says,” To fulfil his own aspirations, Nehru ji mortgaged Kashmir. He also surrendered to the British. These photos explain everything. Rahul Gandhi should apologise to the nation.” pic.twitter.com/O9JzvHkqdJ
— ANI (@ANI) February 10, 2026
नीचे दी गई तस्वीर में पोस्टर साफ तौर से देखे जा सकते हैं. पोस्टर में पांच अलग-अलग तस्वीरें हैं.

X पेज @NewsArenaIndia ने यही वीडियो 10 फ़रवरी पोस्ट किया और लिखा, “‘नेहरू ने व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के लिए देश का अपमान किया.’ – केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने संसद परिसर में नेहरू की तस्वीरें दिखाईं.” (आर्काइव)
“Nehru insulted the nation for personal ambitions.”
– Union Minister Giriraj Singh shows photos of Nehru in Parliament complex pic.twitter.com/TnJSlkBt6z
— News Arena India (@NewsArenaIndia) February 10, 2026
कई अन्य X यूज़र और पेज, जैसे @MeghUpdates और @SheetalPronamo ने इस वीडियो को शेयर किया.
फ़ैक्ट-चेक
गिरिराज सिंह के दाहिने हाथ के पोस्टर में तीन तस्वीरों का एक कोलाज है.
बीच में दिख रही तस्वीर से सबंधित कीवर्ड सर्च करने पर हमें 2017 की बीबीसी की एक रिपोर्ट मिली जिसमें भारत की पहली महिला फ़ोटो जर्नलिस्ट, होमाई व्यारावाला के कार्यों पर एक फ़ोटो गैलरी थी. इस गैलरी की आखिरी तस्वीर, गिरिराज सिंह वाले कोलाज में दिख रही बीच की तस्वीर के समान है. इसमें नेहरु और उनकी बहन विजया लक्ष्मी पंडित एक साथ दिख रहे हैं. (वैकल्पिक रूप से कुछ डाक्यूमेंट्स में इसे विजयालक्ष्मी या विजयलक्ष्मी के रूप में लिखा गया है)

गैलरी में वो तस्वीर भी शामिल है जो गिरिराज सिंह के बाएं हाथ में है. गिरिराज सिंह के साथ में दिख रहे पोस्टर में दावा किया गया है कि नेहरू एडविना माउंटबेटन के लिए सिगरेट जलाते नज़र आ रहे हैं. हालांकि, बीबीसी गैलरी में, फ़ोटो के कैप्शन में लिखा है, “मिस्टर नेहरू एक ब्रिटिश राजनयिक की पत्नी के लिए सिगरेट जला रहे हैं.”
इस तस्वीर के बारे में ज़्यादा जानकारी पाने के लिए हमने इस तस्वीर पर रिवर्स इमेज सर्च किया. इससे हमें पहले की कई न्यूज़ रिपोर्ट्स और फैक्ट-चेक का पता चला, जिनमें से कुछ से पता चला कि तस्वीर में दिख रही महिला मिसेज साइमन हैं, जो 1960 में एक ब्रिटिश राजनयिक की पत्नी थीं.

कोलाज पर वापस आते हुए, बाईं ओर की तस्वीर में नेहरू को अपनी बहन विजया लक्ष्मी पंडित को गले लगाते हुए दिखाया गया है. ये तस्वीर पहले भी ग़लत दावे के साथ शेयर हुई थी, 2017 में ऑल्ट न्यूज़ ने इसकी सच्चाई बताई थी और साथ ही 2024 में आउटलुक ने भी इसे रिपोर्ट किया था.

इस तस्वीर को कई बार अलग-अलग दावों के साथ शेयर किया गया है, जिसमें भाजपा द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री को बदनाम करने के प्रयास भी शामिल हैं. कई आउटलेट्स ने ऐसे दावों का फ़ैक्ट-चेक किया है.
कोलाज की तीसरी तस्वीर 1955 की है जब लंदन हवाई अड्डे पर यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री सर एंथोनी ईडन और ब्रिटेन में भारत की तत्कालीन उच्चायुक्त विजया लक्ष्मी पंडित ने नेहरू का स्वागत किया था. भारतीय प्रधानमंत्री के गाल पर कीस करने वाली महिला पंडित की बेटी और नेहरू की भांजी, नयनतारा सहगल है.
यही फ़ुटेज विंटेज टेलीविज़न कंपनी, ब्रिटिश पाथे के यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में 27 सेकेंड पर दिखता है:
तस्वीर अलामी पर भी मौजूद है.

बची हुई एक तस्वीर जवाहरलाल नेहरू जैसे दिखने वाले एक पुरुष की है जो एक महिला को गले लगा रहा है. जब हमने इसे रिवर्स इमेज सर्च किया तो कोई नतीजा नहीं निकला. इससे पता चलता है कि तस्वीर हाल ही में बनाई गई हो सकती है और इंटरनेट पर इसकी कोई मौजूदगी पहले से नहीं है. इसका कोई पूर्व रिकॉर्ड या अभिलेखीय संदर्भ भी नहीं है.
जब हमने इसे करीब से देखा तो साफ हो गया कि ये पूर्व प्रधानमंत्री की असली तस्वीर नहीं है. नीचे नेहरू की तस्वीर और पोस्टर में तस्वीर की एक साथ-साथ तुलना दी गई है. पोस्टर में दिख रहे व्यक्ति के चेहरे की कुछ विशेषताएं – उदाहरण के लिए जबड़ा और नाक – जवाहरलाल नेहरू से साफ तौर से अलग हैं. इससे पता चलता है कि ये विशेष तस्वीर शायद डिजिटल रूप से बनाई गई या आर्टिफ़िशियल रूप से बनाई गई है.

जब हमने AI कंटेंट डिटेक्शन प्लेटफॉर्म पर तस्वीर की सच्चाई की जांच की, तो परिणाम में AI से बनने की 89% संभावना दिखाई दी.

कुल मिलाकर, संसद के बाहर गिरिराज सिंह द्वारा प्रदर्शित पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की तस्वीरें वो नहीं कहती हैं जो केंद्रीय मंत्री दावा करते हैं. वे किसी भी तरह से नेहरू के अंग्रेजों के साथ गठबंधन का संकेत नहीं हैं. इनमें से तीन तस्वीरें नेहरू जी की उनकी बहन और भतीजी के साथ हैं. उनमें से एक विदेशी राजनयिक की पत्नी के साथ. और दूसरा शायद डिजिटल रूप से तैयार की गई फ़ोटो है.
जैसा कि पहले बताया गया है, इनमें से ज़्यादातर तस्वीरें कई बार वायरल हुई हैं और कई बार फ़ैक्ट-चेक की गई हैं. ऑल्ट न्यूज़ ने 2017 में इनमें से चार तस्वीरों की फ़ैक्ट-चेक की थी.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.




