झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में कई पार्टी ने नेता पहुंचे थे. इसी समारोह के 24 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसपर न्यूज़ एजेंसी ANI का लोगो लगा है. इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हाथ नहीं मिलाया. इस वीडियो को आने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी शेयर किया जा रहा है.

काव्या नाम की यूज़र ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी से हाथ नहीं मिलाया, मतलब आम आदमी पार्टी दिल्ली चुनाव में कांग्रेस पार्टी को भाव देने के मूड में नहीं है. (आर्काइव लिंक)

बालियान नाम के यूज़र ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए दावा किया कि राहुल गांधी ने अरविंद केजरीवाल से हाथ नहीं मिलाया. (आर्काइव लिंक)

हमने देखा कि न्यूज़ एजेंसी ANI ने ये वायरल वीडियो 28 नवंबर को पोस्ट किया था. हालांकि, इसके साथ टेक्स्ट में कोई दावा नहीं किया गया है. लेकिन इस वीडियो में भी केजरीवाल को राहुल गांधी से हाथ मिलाते नहीं देखा जा सकता है.

फ़ैक्ट-चेक

हमने झारखंड सरकार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मौजूद शपथ ग्रहण समारोह का पूरा वीडियो देखा.

इस वीडियो के 2 घंटे 56 मिनट 1 सेकेंड पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, तीनों आम आदमी पार्टी के नेता की मंच पर एक साथ एंट्री होती है. इसके बाद अरविंद केजरीवाल, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव समेत अन्य लोगों को हाथ जोड़कर अभिवादन करते हैं और मंच पर सबसे पहले राहुल गांधी से हाथ मिलाते हैं और इसके बाद कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से हाथ मिलाते हैं.

ANI द्वारा पोस्ट किये गए वीडियो में अरविंद केजरीवाल का राहुल गांधी से हाथ मिलाने वाला हिस्सा क्रॉप कर उसके बाद का हिस्सा ट्वीट किया गया था, इस वजह से लोग गुमराह हुए और उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल ने राहुल गांधी से हाथ नहीं मिलाया.

ग़लत
दावा:
हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण में अरविन्द केजरीवाल ने राहुल गांधी से हाथ नहीं मिलाया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें