एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें आसमान से आग के गोले गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं. कई यूज़र्स इसे इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष से जोड़कर शेयर कर रहे हैं.

इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान नाम के पैरोडी अकाउंट ने वीडियो शेयर करते हुए इसे ईरानी कला बताया. (आर्काइव लिंक)

अक्सर गलत जानकारी फैलाते हुए पाए जाने वाले जैक्सन हिंकल ने वायरल वीडियो ईरान के झंडे वाले इमोजी के साथ ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

Hosniye नाम के अकाउंट ने भी एक ईरानी कहावत के जरिए वायरल वीडियो को ईरान से जोड़कर शेयर किया. (आर्काइव लिंक)

कई अन्य यूज़र्स ने भी वायरल वीडियो इज़राइल-ईरान संघर्ष से जोड़कर शेयर किया.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल वीडियो के फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें कई न्यूज़ रिपोर्ट और वीडियोज़ मिले जिसमें बताया गया है कि ये वीडियो स्पेसएक्स के स्टारशिप का विस्फोट होने की घटना है. इसी क्रम में हमें जेसी नाम की न्यू यॉर्क बेस्ड डिजिटल क्रियेटर द्वारा 17 जनवरी 2025 को पोस्ट किया गया वीडियो मिला. इसे वायरल वीडियो से मिलते-जुलते एंगल से रिकार्ड किया गया था, इस वीडियो के बैकग्राउंड में मौजूद टेंट आदि वायरल वीडियो से मेल खाते हैं. पोस्ट के कैप्शन में जेसी ने बताया है कि ये तुर्क और केकोस आइलैंड का वीडियो है जहां स्पेसएक्स का स्टारशिप वायुमंडल में विस्फोट हो गया और पृथ्वी पर उसका मलबा गिर रहा है. इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक जेसी ने ये वीडियो डिलीट कर लिया लेकिन हमें एक और यूज़र का पोस्ट मिला जिसने इस वीडियो के लिए जेसी को क्रेडिट दिया है. इस यूज़र ने 18 जनवरी को ये वीडियो पोस्ट किया था.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by astronomy (@cosmic.seeker_)

रॉकेट और अंतरिक्ष यान बनाने वाली कंपनी स्पेसएक्स ने 17 जनवरी को ट्वीट किया था कि स्टारशिप को लॉन्च के दौरान अलग-अलग हिस्सों में टूट-फूट का सामना करना पड़ा. उड़ान परीक्षण के डेटा की समीक्षा जारी रहेगी ताकि मूल कारण को बेहतर ढंग से समझा जा सके.

स्पेसएक्स के सीईओ एलोन मस्क ने 17 जनवरी को इस घटना से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया था.

कुल मिलाकर, कई यूज़र्स ने स्पेसएक्स के स्टारशिप को विफल होकर ज़मीन पर गिरने का वीडियो शेयर करते हुए इसे इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष से जोड़ दिया.

ग़लत
दावा:
ये वीडियो इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष से संबंधित है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें