सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोते दिख रहे हैं. उनके पास सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, वेणुगोपाल अय्यर और जयराम रमेश खड़े हैं. कई यूज़र्स इसे असली मानकर शेयर करते हुए राहुल गांधी का मज़ाक उड़ा रहे हैं. जबकि कुछ यूज़र्स उनके प्रति सहानुभूति जता रहे हैं. कई यूज़र्स ये भी दावा कर रहे हैं कि ये वीडियो सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन के दौरान का है जब राहुल गांधी अपने पिता और दादा को याद करके रोने लगे थे.
अजीत यादव नाम के एक सोशल मीडिया यूज़र ने राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए ये वीडियो पोस्ट किया.
पप्पू जी ने किताब का कौनसा पन्ना पढ़ लिया है मुझसे भाई का ये सब देखा नहीं जा रहा है!😅😅😂
किसी को कुछ बता हो तो बताना 🤣🤣
@grok तुम्हे पता है क्या? https://t.co/NFZEkvoq5L
— Ajeet Yadav 🚩 (@AjeetPataudi) November 17, 2026
संचिता बसु नामक एक फैन अकाउंट ने वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “हिम्मत रखना, वक्त भी बदलेगा और देश के हालात भी”.

मनोज यादव नाम के एक शख्स ने वायरल वीडियो पोस्ट कर लिखा कि सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन के दौरान राहुल गांधी अपने पिता और दादा को याद करके रोने लगे.

फ़ैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने देखा कि वायरल वीडियो पर बीजेपी पुडुचेरी का वाटरमार्क लगा था. हमने इस हैंडल को खंगाला तो यही वीडियो 16 नवंबर को बीजेपी पुडुचेरी के एक पोस्ट में मिला. इस पोस्ट पर ‘AI-generated’ का वॉटरमार्क साफ़ दिख रहा है. यानी, ये कथित वीडियो पोस्ट करने वाले ने ही इस कंटेन्ट के AI से बने होने का संकेत दिया था.
This is just the beginning 💀 https://t.co/F3IRxswE7b
— BJP Puducherry (@BJP4Puducherry) November 16, 2026
हमने वायरल वीडियो के अलग-अलग फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया तो हमें इससे मिलता जुलता वीडियो ‘NewsTamil 24×7’ फ़ेसबुक पेज के 13 नवंबर के पोस्ट में मिला. इसके कैप्शन में तमिल भाषा में लिखा है, “मैं अकेला ही बहुत संघर्ष कर रहा हूं. हमने ये फिल्म बहुत मुश्किलों से बनाई है. कृपया मेरा समर्थन करें.” प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रोड्यूसर अचानक भावुक हो गए और रो पड़े.
दोनों वीडियो को देखने पर साफ़ है कि पीछे लगा पोस्टर, वहां मौजूद लोग और टेबल पर रखे मीडिया के माइक एक जैसे हैं. दोनों वीडियो में रोने वाले व्यक्ति का हाव-भाव और हाथ का इशारा भी एक जैसा है. इससे स्पष्ट है कि ऑरिजनल वीडियो में रोते दिख रहे फिल्म निर्माता की जगह AI की मदद से राहुल गांधी को दिखाया गया. और इसके अलावा अन्य कांग्रेस नेताओं को भी इसी तरह AI की मदद से वीडियो में लाया गया.

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने राहुल गांधी का रोने वाला वीडियो असली घटना का मानकर शेयर किया. जबकि असल में ये क्लिप AI की मदद से बनाई गई है. वहीं कुछ लोगों ने इसी वीडियो के आधार पर उनके प्रति सहानुभूति भी जताई.





