सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक युवक को बांग्ला भाषा में ये कहते हुए सुना जा सकता है, “हम जगन्नाथ यूनिवर्सिटी में किसी भी तरह की हिंदुत्ववादी आक्रामकता या भारतीय आक्रामकता को बर्दाश्त नहीं करेंगे.”
इस वीडियो को 7 नवंबर को ‘वॉयस ऑफ़ बीडी हिंदूज़’ (@HinduUnityBD) नामक एक X हैंडल ने इस दावे के साथ शेयर किया कि बांग्लादेश की जगन्नाथ यूनिवर्सिटी के मुस्लिम छात्रों ने दीवाली को ‘हिंदुत्ववादी आक्रामकता’ का एक रूप करार दिया है. (आर्काइव)
🚨 BREAKING : Jamaat Student leaders at Jagannath University have declared Diwali a form of “Hindutva aggression” and “Indian aggression,”
announcing that they will not allow Diwali celebrations to take place on campus. But they can celebrate EID. A Hindu Zamindar Built Jagannath University.
— Voice Of BD Hindus 🇧🇩 (@HinduUnityBD) November 7, 2026
25 सेकंड की इस क्लिप में व्यक्ति कहता है, “हम जगन्नाथ यूनिवर्सिटी में किसी भी तरह की हिंदुत्ववादी आक्रामकता या भारतीय आक्रामकता को बर्दाश्त नहीं करेंगे. ये यूनिवर्सिटी 92% मुसलमानों वाले देश में स्थित है, और यूनिवर्सिटी का दावा है कि ये मुसलमानों की संस्कृति, नैतिक मूल्यों और विरासत को बढ़ावा देकर चलती है. अगर कोई इसे अलग तरीके से चलाना चाहता है, तो बांग्लादेश की जनता उसे मुंहतोड़ जवाब देगी. इंशाल्लाह.”
इस वीडियो को X (पूर्व में ट्विटर) यूज़र मोनिका वर्मा ने शेयर किया है. उन्होंने दावा किया है कि “बांग्लादेश में मुस्लिम छात्र दीपावली मनाने को ‘हिंदू आक्रामकता’ बता रहे हैं और हिंदू छात्रों को चेतावनी दे रहे हैं कि अगर उन्होंने इसे मनाया, तो उन्हें इसके नतीजे भुगतने होंगे.”
Muslim Students in Bangladesh are calling Deepawali celebrations as “Hindu aggression” warning the Hindu students of consequences if they celebrate it.
Indian as well as the global Media will never show you this side of the F*cked Up Bangladeshi Gen Z. https://t.co/wij366yQtp
— Monica Verma (@TrulyMonica) November 7, 2026
कई अन्य प्रमुख भारतीय सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी इसी तरह के दावों के साथ वही वीडियो शेयर किया.
फ़ैक्ट-चेक
दावे की सच्चाई की जांच करने के लिए, हमने संबंधित वीडियो के कुछ हिस्सों (की-फ्रेम्स) का इस्तेमाल करके ‘रिवर्स इमेज सर्च’ किया.
इससे हमें बांग्लादेश के मीडिया आउटलेट ‘देश समय न्यूज़’ (Desh Somoy News) द्वारा पब्लिश किया गया एक वीडियो मिला. ये वीडियो बिल्कुल वैसा ही है जैसा कि अभी वायरल हो रहा है. इसे 16 अक्टूबर को ढाका की जगन्नाथ यूनिवर्सिटी में ‘बीफ़ फ़ेस्टिवल’ को लेकर हुए विवाद के संदर्भ में पब्लिश किया गया था.
ढाका के जगन्नाथ विश्वविद्यालय में विवाद 12 अक्टूबर को तब शुरू हुआ, जब इस्लामिक इतिहास और संस्कृति विभाग के छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य मंदिर के पास बीफ़ (गोमांस) की दावत आयोजित की. हिंदू छात्रों ने मंदिर के इतने करीब खाना पकाने की व्यवस्था करने और अस्थायी चूल्हा बनाने के लिए कथित तौर पर मंदिर की ईंटों का इस्तेमाल किए जाने पर आपत्ति जताई. इसके बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए, जिससे पूरे परिसर में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया.
14 अक्टूबर को विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में जानवरों के वध पर रोक लगाने का नोटिस जारी किया, जिसके कारण छात्रों ने और अधिक विरोध-प्रदर्शन किए.

प्रशासनिक फैसले के विरोध में जगन्नाथ यूनिवर्सिटी सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन के नेतृत्व में छात्रों ने 14 अक्टूबर को ही कैंपस में एक रैली निकाली और विरोध रैली के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. चर्चा में आया वीडियो उसी प्रेस कॉन्फ्रेंस का है.
बांग्लादेश के ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल ‘Bd24रिपोर्ट’ ने 14 अक्टूबर को अपने फ़ेसबुक पेज पर इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को कवर किया था. ये लाइव वीडियो 17 मिनट का है, जिसमें 5 मिनट13 सेकेंड से प्रेस कॉन्फ्रेंस देखी जा सकती है. 8 मिनट 39 सेकेंड पर, स्टूडेंट्स यूनियन के सोशल वर्क सेक्रेटरी मुस्तफिजुर रहमान प्रेस को संबोधित करते हैं. वायरल वीडियो में बोलते हुए जो व्यक्ति दिखाई दे रहा है, वो मुस्तफिजुर रहमान ही हैं.
रहमान ने 8 मिनट 50 सेकेंड से 10 मिनट 56 सेकेंड तक बात की, और वायरल क्लिप 10 मिनट 22 सेकेंड से 10 मिनट 47 सेकेंड के बीच की है. पूरे कार्यक्रम में दीवाली का कोई ज़िक्र नहीं था. छात्र, कैंपस के भीतर जानवरों की हत्या पर रोक लगाने के यूनिवर्सिटी प्रशासन के फैसले के विरोध में बोल रहे थे.
हालांकि बाद में प्रशासन ने अपना रुख नरम कर लिया था, लेकिन जगन्नाथ यूनिवर्सिटी सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन के नेतृत्व में छात्रों ने 16 अक्टूबर को एक गाय का वध किया और बीफ़ दावत का आयोजन किया. ये स्टूडेंट्स यूनियन, जमात-ए-इस्लामी बांग्लादेश के छात्र विंग ‘इस्लामी छात्र शिविर’ समर्थित उम्मीदवारों द्वारा चलाई जाती है.

17 अक्टूबर को, ‘बांग्लादेश खिलाफत छात्र मजलिस’ ने इसी तरह का एक आयोजन किया, जिसमें एक और गाय का वध किया गया और एक कव्वाली कार्यक्रम रखा गया.
ये भी ध्यान देने वाली बात है कि इस साल जगन्नाथ विश्वविद्यालय परिसर में दिवाली और काली पूजा का आयोजन किया गया था. काली पूजा के लिए एक पंडाल लगाया गया था और छात्र ज़मीन पर ‘अल्पना’ (एक पारंपरिक बंगाली कला) बनाते हुए देखे गए, जिसे शुभ माना जाता है.
कुल मिलाकर, अक्टूबर में ढाका के जगन्नाथ विश्वविद्यालय परिसर में हुए विवादित ‘बीफ़ फ़ेस्टिवल’ से जुड़ा एक वीडियो इस झूठे दावे के साथ शेयर किया गया कि जमात के छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय में दीवाली मनाने पर आपत्ति जताई थी. वीडियो क्लिप में दिए गए बयानों का दीवाली से कोई लेना-देना नहीं है. इसके अलावा, पिछले सालों की तरह ही इस बार भी परिसर में काली पूजा आयोजित की गई थी.





