5 नवंबर को तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक तस्वीर शेयर किया, जिसमें कुछ लोग संघ के ड्रेस में एक मैदान में लाठी लिए खड़े थे, उन्होंने इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा कि चंदन तिवारी, अभिषेक तिवारी, लालटू कुमार और सरस कुमार से 44,000 कारतूस पकड़े गए और इन्हें संघ से जुड़ा बताते हुए कहा कि क्या संघ को आतंकी संगठन घोषित नहीं करना चाहिए? क्या RSS के ये आतंकवादी देशभर में धमाके करने की साज़िश रच रहे थे?

10 नवंबर को कर्नाटक के गृहमंत्री प्रियंक खड़गे ने भी वही वायरल तस्वीर से बना एक ग्राफिक एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार और हरियाणा में 44,250 ज़िंदा कारतूसों की भारी बरामदगी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला है, कथित तौर पर इस रैकेट में शामिल लोगों की तस्वीरें RSS की वर्दी पहने हुए आई है. उन्होंने इस मामले को लेकर संघ पर सवाल उठाए.

क्या है मामला?

दरअसल, बिहार एसटीएफ और भोजपुर पुलिस ने 2 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर कोइलवर थाना क्षेत्र में कुल्हड़िया टोल प्लाज़ा के पास एक एसयूवी रोकी, जिसमें तीन लोग सवार थे. पुलिस को तलाशी में 19,250 ज़िंदा कारतूस और एक देसी पिस्टल मिली. आरोपी मुजफ्फरपुर के रहने वाले लालटू कुमार और सरस कुमार और सिवान का रहने वाला चंदन तिवारी है, जिसे पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया गया कि यह खेप उत्तर प्रदेश के बदायूं से आ रही थी और बिहार के कई जिलों में हथियार डीलरों तक पहुंचनी थी.

इसके बाद बिहार एसटीएफ की सूचना पर 3 नवंबर को हरियाणा एसटीएफ ने झज्जर के रोहद में छापा मारा, वहाँ उन्हें दो गाड़ियों से 25,000 जिंदा कारतूस बरामद हुए, पुलिस ने इस सिंडीकेट से जुड़े पाँच लोगों (अफीफुद्दीन उर्फ ​​मुन्ना खान, आसिम रईस, सबलू खान, अरबाज अली और जीनत) को भी गिरफ़्तार किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच में पाया गया कि उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित बदायूं गन हाउस का संचालक अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना खान इस नेटवर्क का सरगना है. जांच में यह भी सामने आया कि हरियाणा के सिरसा स्थित महक गन हाउस चलाने वाले विजय गोयल से मुन्ना ने गोलियों की बड़ी खेप ली थी, पुलिस ने विजय गोयल से भी पूछताछ की. एसटीएफ के अनुसार नेटवर्क पिछले तीन साल से चल रहा था, बिहार और हरियाणा में हुए दोनों बरामदगी मिलाकर आंकड़ा 44,250 कारतूस का पाया गया.

सबसे पहले इस मामले को किसने उठाया?

बिहार के वरिष्ठ पत्रकार संतोष सिंह ने 3 नवंबर को टाइम्स ऑफ स्वराज के लिए अपनी रिपोर्ट में इस मामले को उठाया और आरोपियों के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े होने की बात अपने रिपोर्ट में की. वे उन पहले पत्रकारों में थे जिन्होंने आरोपियों के संघ से जुड़े होने का दावा किया, और अपने वीडियो में आरोपियों व उनसे जुड़े लोगों की तीन तस्वीरें भी दिखाईं, जिसमें से 2 तस्वीरों में आरोपी संघ के ड्रेस में हैं, वहीं एक तस्वीर में आरोपी मुजफ्फरपुर के नगर विधायक के साथ हैं.

वीडियो में संतोष सिंह कहते हैं, “देश के सबसे बड़े हथियार तस्करों में से एक संघ का स्वयंसेवक निकला है. इसके बाद वे तस्वीरें दिखाते हैं, जिसमें एक तस्वीर में चंदन तिवारी संघ के गणवेश में है. दूसरी में दोनों भाई, अभिषेक और चंदन, मुजफ्फरपुर के नगर विधायक के दाएं और बाएं खड़े हैं. संतोष सिंह का कहना है कि दोनों भाई हथियार तस्करी के मामलों में शामिल हैं, अभिषेक पहले से जेल में है और चंदन को एसटीएफ ने 2 नवंबर को आरा से गिरफ्तार किया.”

प्रियंक खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज

बेंगलुरु निवासी तेजस ए. गौड़ा ने 10 नवंबर को प्रियंक खड़गे के खिलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर भ्रामक जानकारी और AI से बनी या छेड़छाड़ की गई एक तस्वीर शेयर की, जिसका मकसद बिहार और हरियाणा में लगभग 44,250 जिंदा कारतूस बरामद होने की घटना को गलत तरीके से RSS से जोड़ना था. शिकायतकर्ता ने कहा कि इस पोस्ट से सामाजिक सद्भाव बिगड़ सकता है और उन्होंने मामले की स्वतंत्र पुलिस जांच की मांग की.

तस्वीर को एडिट करने के लिए OpenAI का इस्तेमाल

तेजस्वी यादव, प्रियंक खड़गे व अन्य लोगों द्वारा शेयर की गई वायरल तस्वीर को जब हमने AI डिटेक्शन टूल SynthID से जांचा तो हमें मालूम हुआ कि ये तस्वीर OpenAI की तकनीक का उपयोग करके बनाई या एडिट की गई है.

 

हमने इस मामले को लेकर पत्रकार संतोष सिंह से संपर्क किया. उन्होंने हमें बताया कि आरोपी ने स्वयं संघ की वर्दी में अपनी तस्वीर फ़ेसबुक पर अपलोड की थी, अब उस अकाउंट को डीऐक्टीवेट कर दिया गया है. संतोष सिंह ने हमें वो तस्वीरें भेजी जिसका उन्होंने अपनी रिपोर्ट में इस्तेमाल किया था. हमने देखा कि यह तस्वीर तेजस्वी यादव और प्रियंक खड़गे द्वारा शेयर की गई तस्वीर से अलग है.

हालांकि, दोनों मिलती-जुलती दिखती हैं. दोनों तस्वीरों में सबने क्रमशः एक तरह के कपड़े पहने हैं और एक ही पोज में खड़े भी हैं. हालांकि, दोनों तस्वीरों में चेहरे बिल्कुल अलग हैं. तस्वीर में कई चेहरे दो बार हैं, लोगों की लंबाई भी अलग है. एक तस्वीर में खड़े लोगों के पीछे बास्केटबॉल का बैकबोर्ड दिख रहा है, वहीं दूसरी तस्वीर में ये नहीं दिखता. दोनों तस्वीरों को एनालाइज़ करने पर मालूम पड़ता है कि असल तस्वीर को प्रेरणा के रूप में इस्तेमाल करके AI की मदद से तस्वीर बनाई गई, जो एक्स पर वायरल है, जिसे तेजस्वी यादव और प्रियंक खड़गे ने इस्तेमाल किया.

पुलिस ने क्या कहा?

आरोपी के RSS से जुड़े होने के मामले पर हमने भोजपुर के एसपी अवधेश कुमार दीक्षित से बात की, उन्होंने हमें बताया कि “हम लोगों ने जिनको पकड़ा है उनका किसी संगठन से क्या कनेक्शन है, वो तो कहना मुश्किल है क्योंकि वो हमारे जांच का हिस्सा नहीं है. बाकी हो सकता है हो, ये भी हो सकता है नहीं हो, लेकिन हम लोगों ने उसपर इंक्वायरी अभी नहीं किया है.” उन्होंने आगे कहा, “जो भी इस सिंडिकेट में लोग शामिल हैं, वो अलग-अलग समुदाय व धर्म के लोग हैं, तो ऐसा नहीं है कि वो किसी विशेष संगठन से संबंधित हैं. हर आदमी का अपना-अपना कुछ एक अलायंस रहता है, हो सकता है किसी की निष्ठा RSS में या फिर किसी और संगठन में हो, लेकिन उसका हमारे इन्वेस्टिगेशन से बहुत ज़्यादा कोई संबंध नहीं है.”

हमने इस मामले पर हरियाणा पुलिस से भी बात करने की कोशिश की, झज्जर पुलिस से हमारी बात नहीं हो पाई, बात होने पर इस आर्टिकल को अपडेट कर दिया जाएगा.

निष्कर्ष

तेजस्वी यादव और प्रियंक खड़गे ने RSS कनेक्शन का दावा करने के लिए एक AI एडिटेड तस्वीर का इस्तेमाल किया.

पत्रकार संतोष सिंह के दावे को ऑल्ट न्यूज़ स्वतंत्र रूप से वेरिफाइ नहीं कर पाया है कि आरोपी का RSS से कोई संबंध है या नहीं. लेकिन जो तस्वीर वायरल हुई वो संतोष सिंह की रिपोर्ट में इस्तेमाल की गई तस्वीर से अलग है और उसे AI की मदद से बदला गया है. साथ ही संतोष सिंह का वीडियो और दावा अभी भी ऑनलाइन है, जिसे कोई भी देख सकता है.

इसके अलावा, भोजपुर के एसपी का कहना है कि आरोपियों के पर्सनल अलायंस से इन्वेस्टिगेशन का कोई संबंध नहीं है.