25 नवंबर 2026 को बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी हुई. शादी के कई वीडियोज़ सोशल मीडिया पर वायरल हैं. इसी बीच एक ऐसा वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें जमीन पर बड़ी संख्या में पैसे (करन्सी नोट्स) बिखरे हैं और कुछ लोग झाड़ू व कार्डबोर्ड की मदद से इन करन्सी नोट्स इकट्ठा कर रहे हैं. इसे शिवांगी सिंह की शादी का बताते हुए कई मीडिया आउटलेट्स ने रिपोर्ट्स पब्लिश की.
द इंडियन एक्सप्रेस ने ये वीडियो अनंत सिंह की बेटी की शादी का बताकर पब्लिश किया. हालांकि, बाद में द इंडियन एक्सप्रेस ने रिपोर्ट और एक्स-हैंडल का पोस्ट डिलीट कर दिया. लेकिन फेसबुक पर इस बारे में किया गया पोस्ट ये आर्टिकल पब्लिश होने तक मौजूद है. (आर्काइव लिंक-1, लिंक-2)
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस, प्रभात खबर, ज़ी न्यूज़ इंग्लिश, सीएनबीसी-टीवी 18, मोजो स्टोरी, टीवी 9 भारतवर्ष, मनी कंट्रोल, लाइव हिंदुस्तान, न्यूज़ 1 इंडिया, inshort, vijayavani समेत कई मीडिया संगठनों ने इस वीडियो को अनंत सिंह की बेटी की शादी का बताकर खबरें चलाई.
फैक्ट-चेक
वायरल वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ को यही वीडियो इंस्टाग्राम यूज़र अनिल पंवार के अकाउंट पर मिला. उन्होंने इसे 26 सितंबर 2026 को पोस्ट किया था. यानी, ये वीडियो अनंत सिंह की बेटी की शादी से करीब दो महीने पहले से इंटरनेट पर मौजूद था.
View this post on Instagram
अनिल पंवार के पोस्ट में स्पष्ट रूप से एक पुलिस बैरिकेड दिख रहा है जिस पर ‘पुणे शहर वाहतूक पोलिस’ (Traffic Police) लिखा है. इससे पता चलता है कि वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के पुणे का है. इसके अलावा, वीडियो में ज़मीन पर बिखरे नोटों को ध्यान से देखने पर उन पर ‘Children Bank of India’ लिखा दिखाई देता है. और तो और नोटों पर सीरियल नंबर की जगह ‘000000’ छपा है. यहां स्पष्ट होता है कि ये असली भारतीय करेंसी नहीं बल्कि नकली नोट्स हैं.

आगे, हमें 27 सितंबर 2026 को प्रमोद जाधव नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया गया एक ऐसा ही वीडियो मिला. इसमें भी जमीन पर इसी तरह के नकली नोट बिखरे हुए हैं. कैप्शन के मुताबिक, गणपति विसर्जन की शोभायात्रा के बाद पुणे के बेलबाग चौक पर नकली नोटों का ढेर मिला था. इस वीडियो में भी पुणे सिटी पुलिस का बैरिकेड दिखता है.
View this post on Instagram
हालांकि, जांच के दौरान हमें कुछ रिपोर्ट्स में अनंत सिंह का कथित रूप से अपनी बेटी की शादी से पहले हुए कार्यक्रमों में डांसर और सिंगर पर पैसे उड़ाने के बारे में खबरें मिली.
कुल मिलाकर, सितंबर 2026 से इंटरनेट पर मौजूद पुणे का एक वीडियो, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का बताकर शेयर किया गया. द इंडियन एक्सप्रेस, द न्यू इंडियन एक्सप्रेस, प्रभात खबर, ज़ी न्यूज़ इंग्लिश समेत कई मीडिया संस्थानों ने बिना किसी जांच-पड़ताल के अनंत सिंह की बेटी की शादी में पैसे उड़ाये जाने के दावे से ये पुराना वीडियो चलाया.





