सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सड़क पर एक बाइक सवार फिसलकर गिरता है और उसके हेलमेट से सफ़ेद एयरबैग निकलकर फूलता है. इस वजह से उसका पूरा शरीर ढक जाता है. कई मीडिया आउटलेट्स ने इसे चीन का नया आविष्कार बताकर शेयर करते हुए दावा किया कि एक चीनी कंपनी ऐसे हेलमेट को टेस्ट कर रही है जिसमें एयरबैग लगा है और जो हादसे के दौरान सिर को झटके से बचाता है.
टाइम्स नाउ नवभारत ने वायरल वीडियो पोस्ट कर लिखा कि चीन ने एयरबैग वाले हेलमेट पेश किए हैं और ये नई तकनीक हादसों में सुरक्षा का तरीका बदल सकती है.

ज़ी न्यूज़ ने भी ये वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा कि चीन में बाइक सवारों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए एयरबैग वाले हेलमेट का नया इनोवेशन सामने आया है. दावा किया गया कि ये हेलमेट हादसे के दौरान सिर को झटके से बचाता है और चोट लगने का जोखिम घटाता है.

जागरण हाइटेक, टाइम्स नाउ, लोकमत टाइम्स, ET Now, CNN-News18 और द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की Indulge जैसे न्यूज़ आउटलेट्स ने भी वायरल वीडियो इसी दावे के साथ शेयर किया.
फ़ैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो को ध्यान से देखा तो पाया कि जब बाइक सवार सड़क पर आता दिखता है, तो सड़क किनारे खड़े कुछ लोग उसे मोबाइल फ़ोन में रिकॉर्ड कर रहे हैं. जबकि रिकॉर्डिंग कर रहे लोगों के फ़ोन की स्क्रीन पर बाइक सवार नहीं दिखता, लेकिन वीडियो में इन लोगों के पीछे सड़क पर बाइकसवार दिख रहा है. यहां AI जनित वीडियो का संकेत देता है.

ऑल्ट न्यूज़ ने वीडियो में ऐसी ही कुछ और गड़बड़ियां नोट की. उदाहरण के लिए क्लिप में जब बाइक सवार आता है, तब उसके घुटनों पर पीले रंग का नी (Knee) गार्ड नहीं होता है. लेकिन बाद में जब वो कथित एयरबैग से निकलता है तो उसके घुटने पर पीले रंग का नी गार्ड दिख रहा है. इसके अलावा, जब बाइक सवार गिरता है तो उसके हाथ नीचे दबे होते हैं. लेकिन जब कथित एयरबैग खुलता है तो उसका हाथ उसके सर के बगल से निकलता है, इसके अलावा एक हाथ से दो हाथ निकालने की विकृति भी दिखती है जो कुछ देर बाद गायब हो जाती है.

वीडियो में एयरबैग इतना बड़ा है कि वो बाइक चलाने वाले के पूरे शरीर को ढक लेता है. जबकि दावा ये किया गया है कि ये एयर बैग कथित हेलमेट से निकला है. इतने छोटे हेलमेट में इतना बड़ा एयरबैग फिट हो जाना थोड़ा अजीब है. इसके अलावा, एक ही वीडियो में चीज़ों के रंग और आकार का इस तरह बदल जाना AI से बने वीडियो की आम पहचान है.
वायरल वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया तो हमें इस वीडियो से जुड़ा सबसे पुराना पोस्ट ‘Zero Gravity Gang‘ नाम के फ़ेसबुक पेज के 2 अक्टूबर 2026 के पोस्ट में मिला.

इस पेज के बाकी कंटेन्ट देखने पर ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि इस पेज पर तरह-तरह के, और ऐसे ही एयरबैग वाले अन्य वीडियोज़ अपलोड किए गए हैं जो कि AI से बनाए गए हैं.
कुल मिलाकर, चीन में पूरे शरीर को ढकने वाले एयरबैग हेलमेट के टेस्ट के दावे से वायरल वीडियो असली नहीं बल्कि AI से बना हुआ है. हालांकि, मामले में कोई क्रॉस चेक किये बगैर कई न्यूज़ आउटलेट्स ने इस वीडियो को सच मानकर इसपर खबर चला दी.





