ट्रिगर वार्निंग: शारीरिक चोट की तस्वीरें

1 नवंबर को पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के रायन गांव में, लगभग 40 लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर एक ‘हाउस चर्च’ (घर में चल रहे चर्च) पर हमला कर दिया. रविवार की प्रार्थना सभा के दौरान, हमलावरों ने पादरी और वहां मौजूद कई ईसाई श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की. हमलावरों ने आरोप लगाया कि ये लोग हिंदुओं को लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन करा रहे हैं और ‘हनी ट्रैप’ भी चला रहे हैं.

हमले में बचे लोगों ने ‘ऑल्ट न्यूज़’ को बताया कि उन्हें जबरन ‘जय श्री राम’ बोलने के लिए मजबूर किया गया. उनसे कहा गया, “ये हिंदू इलाका है; यहां यीशु की पूजा बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”

इस हमले में कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए. पीड़ितों ने बताया कि वे गहरे सदमे में हैं और उन्हें प्रशासन की ओर से न तो कोई सुरक्षा मिली और न ही कोई भरोसा दिया गया. बर्धमान पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज़ कराई गई थी. हालांकि, पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर पुलिस स्टेशन के अंदर आ गए और शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद उन्हें अपनी शिकायत वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा.

‘ऑल्ट न्यूज़’ ने पादरी छोटू रुईदास से बात की, जो रविवार की प्रार्थना सभा का नेतृत्व कर रहे थे. हमले में बचे अन्य लोगों से भी बातचीत की गई. घटना के बारे में बताते हुए रुईदास ने कहा कि सुबह करीब 10 बजे सुशांत मजीला के घर पर प्रार्थना सभा के लिए लोग इकट्ठा हुए थे. प्रार्थना सभा खत्म होने ही वाली थी और श्रद्धालु ‘कम्युनियन’ (प्रभु भोज) में हिस्सा ले रहे थे, तभी लगभग 40 लोगों का एक समूह ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए वहां आ धमका.

रुईदास के मुताबिक, गांव के एक प्रभावशाली और अमीर निवासी विश्वेश्वर चौधरी (जो जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए जाने जाते हैं) भी उस समूह का हिस्सा थे. प्रार्थना सभा के दौरान वे रुईदास के पास आए और कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मार दिया.

रुईदास ने ‘ऑल्ट न्यूज़’ को बताया, “इसके बाद, विश्वेश्वर चौधरी के साथ आए गुंडों ने हमें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. उन्होंने हमें थप्पड़ मारे, लातें मारीं और अपने पास मौजूद बांस की डंडियों से पीटा. उन्होंने अपनी बेल्ट निकालकर भी हमें कोड़े की तरह मारा.”

रुइदास ने बताया कि 17 साल के एक लड़के के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे बहुत ज़्यादा खून बहने लगा. उन्होंने बताया, “गुंडों ने उससे कहा, ‘हमने तो तुम्हारा इलाज कर दिया है. अब किसी डॉक्टर के पास जाओ और इसे ठीक करवा लो.'”

रुइदास ने बताया कि हमलावरों ने कथित तौर पर प्रार्थना करने वालों को घर से बाहर घसीटा और उनकी पिटाई की. जो लोग पड़ोस के घरों में छिपने की कोशिश कर रहे थे, हमलावरों ने उनका पीछा किया और उन पर भी हमला किया.

उन्होंने कहा, “गुंडों द्वारा हमें पीटे जाने के बाद, वहां मौजूद अन्य लोगों ने मुझे सुरक्षित रखने के लिए रसोई के अंदर बंद कर दिया. लेकिन उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया और मुझे बाहर खींच लिया. मेरी बड़ी बहन ने मुझे गले लगा लिया और मुझे बचाने की कोशिश में जमीन पर गिर गईं. इसके बावजूद वे हमें लात मारते रहे. आखिरकार मेरी बहन बेहोश हो गईं, और मुझे उन्हें पास की एक डिस्पेंसरी ले जाना पड़ा.”

रुइदास ने ‘ऑल्ट न्यूज़’ को बताया कि रसोई में छिपे होने के दौरान उन्होंने पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं हो पाई. इसके बाद उन्होंने पास्टर जोस बर्नार्ड को सूचित किया, जिन्होंने फिर पुलिस से संपर्क किया.

बर्नार्ड ने ‘ऑल्ट न्यूज़’ को बताया कि उन्होंने बर्धमान पुलिस स्टेशन में दो-तीन बार फ़ोन किया, लेकिन कथित तौर पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. अंत में उन्होंने इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिसकर्मी गांव पहुंचे.

बर्नार्ड ने बताया कि प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों में उनकी पत्नी और नाबालिग बेटी भी शामिल थीं. जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक कई उपद्रवी वहां से भाग गए थे. उन्होंने दावा किया कि जब पुलिस परिसर के अंदर आई, तो वहां बचे हुए उपद्रवियों ने प्रार्थना करने वालों पर ही आरोप लगा दिया कि उन्होंने उनके साथ झगड़ा शुरू किया था.

पास्टर के मुताबिक, हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय, पुलिस ने ईसाई समुदाय के 20 महिलाओं, तीन नाबालिगों और आठ पुरुषों को हिरासत में ले लिया.

बर्नार्ड ने जबरन धर्मांतरण या प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने के आरोपों का पूरी तरह से खंडन किया.

पुलिस स्टेशन के अंदर आरोपियों ने प्रार्थना करने वालों को हिरासत में लिया और धमकाया

हिरासत में लिए गए लोगों को पहले बर्धमान मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां एक डॉक्टर ने गाड़ी के अंदर ही उनकी जांच की. इसके बाद, उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया और दो अलग-अलग कमरों में रखा गया.

इसके बाद पास्टर जोस बर्नार्ड ने पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज़ कराई. लेकिन, कुछ ही देर बाद, कथित हमलावरों का एक समूह पुलिस स्टेशन में घुस आया, उसने पास्टर का कॉलर पकड़ा और उन्हें धमकी दी कि अगर उन्होंने शिकायत वापस नहीं ली, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि ये सब पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुआ.

बर्नार्ड ने ‘ऑल्ट न्यूज़’ को बताया, “वे पुलिस स्टेशन के अंदर आए, मेरा कॉलर पकड़ा, मुझे शारीरिक रूप से डराया-धमकाया और कहा कि अगर मैंने अपनी शिकायत वापस नहीं ली, तो वे मुझे मार डालेंगे. और ये सब पुलिस के सामने हुआ.”

बर्नार्ड के मुताबिक, पुलिस ने उन लोगों से बस इतना कहा, “यहां CCTV कैमरे लगे हैं; यहां से चले जाओ.” बस इतना ही.

बर्नार्ड ने बताया कि धमकियों और डराने-धमकाने की वजह से उन्हें आखिरकार अपनी शिकायत वापस लेनी पड़ी. उन्होंने ‘ऑल्ट न्यूज़’ को बताया कि उन्होंने उपद्रवियों और पुलिस से विनती की थी कि कम से कम ये सुनिश्चित किया जाए कि रायन गांव के ईसाइयों को आगे और परेशान न किया जाए. बर्नार्ड ने उनके शब्दों को याद करते हुए बताया, “ये हमारी सरकार है. एक हिंदू सरकार. एक हिंदू देश. यहां यीशु की पूजा करने की अनुमति नहीं है. उन्हें गंगा में स्नान करना होगा, और हम उनकी ‘घर वापसी’ कराएंगे.”

बर्नार्ड ने ये भी आरोप लगाया कि इंचार्ज इंस्पेक्टर देबब्रत मुखर्जी ने वहां मौजूद लोगों से सवाल किया कि वे प्रार्थना करने के लिए इकट्ठा ही क्यों हुए थे. जब वहां मौजूद लोगों और बर्नार्ड ने अपनी बात समझाने की कोशिश की, तो मुखर्जी ने कथित तौर पर पूछा कि वे ऐसा जोखिम क्यों उठा रहे हैं, जबकि कई जगहों पर ऐसा करने वालों के साथ मारपीट की जा रही है.

आखिरकार, महिलाओं को रात करीब 11 बजे पुलिस स्टेशन से छोड़ दिया गया, जबकि पुरुषों को रात करीब 1 बजे रिहा किया गया.

‘ऑल्ट न्यूज़’ से बात करते हुए, बर्धमान के इंचार्ज इंस्पेक्टर देबब्रत मुखर्जी ने इस आरोप से इनकार किया कि हमलावर पुलिस स्टेशन के अंदर आए थे और उन्होंने पादरी जोस बर्नार्ड को शिकायत वापस लेने की धमकी दी थी.

उन्होंने कहा, “उन्होंने एक शिकायत दर्ज़ कराई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसे वापस ले लिया. पुलिस स्टेशन के अंदर उन्हें किसी ने धमकी नहीं दी.” उन्होंने आगे बताया कि “स्थानीय लोगों ने भी उनके खिलाफ जवाबी शिकायतें दर्ज़ कराई हैं.”

जब उनसे पूछा गया कि घायलों को पुलिस स्टेशन में इतने लंबे समय तक क्यों रखा गया, तो मुखर्जी ने दावा किया कि उन्हें घर ले जाने के लिए उनके परिवार का कोई सदस्य नहीं आया था.

अधिकारी ने फ़ोन पर आगे के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया.

घर में बुजुर्ग महिला पर हमला

वहां मौजूद लोगों में से एक, सागरी कोनाई, शुरुआती हमले से बचकर अपने घर लौट गईं. हालांकि, आरोप है कि कुछ लोग उनके घर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया. पादरियों ने बताया कि इस हमले में उनकी उंगली में फ्रैक्चर हो गया है.

रुइदास ने आरोप लगाया कि उन लोगों ने कोनाई को कान पकड़कर उठक-बैठक करने के लिए मजबूर किया और ईसाई धर्म मानने के लिए माफी मांगने को कहा. आरोप है कि उन्हें पास के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों में हिस्सा लेने के लिए भी मजबूर किया गया.

कोनाई एक बुजुर्ग विधवा हैं, जो अपनी बेटी के साथ रहती हैं.

इस हमले ने पीड़ितों को बुरी तरह झकझोर दिया है. रुइदास ने बताया कि उन्हें लगी चोटों के कारण अभी भी दर्द हो रहा है और वे रायन गांव स्थित अपने घर लौटने से डर रहे हैं. फिलहाल वे बर्नार्ड के साथ रह रहे हैं.

वहीं, बर्नार्ड ने बताया कि इस घटना का उनकी छोटी बेटी पर गहरा असर पड़ा है, जिसने अपनी आंखों के सामने ये हिंसा देखी थी. उसने कहा, “उसने अपनी आंखों के सामने इतनी भयानक नफरत कभी नहीं देखी थी. मुझे हैरानी होती है कि क्या ये लोग जानवर हैं.”