उत्तर रेलवे के एक RTI जवाब ने मीडिया में चलाए गए उन दावों पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया जिनमें कहा गया था कि 8 अक्टूबर को विपक्ष की विरोध रैली के कारण लगे ट्रैफिक प्रतिबंधों की वजह से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 5,000 से ज्यादा यात्री अपनी ट्रेनें नहीं पकड़ पाए. कई मेनस्ट्रीम मीडिया आउटलेट्स ने रेलवे अधिकारी का हवाला देते हुए इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों की ट्रेन छूट जाने की खबरें चलाई. लेकिन रिपोर्ट्स में कोई आधिकारिक दस्तावेज या बयान मौजूद नहीं था. ऑल्ट न्यूज़ की RTI के बाद मिले जवाब में बताया गया कि भारतीय रेलवे के पास ऐसा कोई सिस्टम या तरीका नहीं है जिससे स्टेशन-वार उन यात्रियों का रिकॉर्ड रखा जा सके जो अपनी ट्रेन नहीं पकड़ पाए.
ये खबर, 8 अक्टूबर को विपक्ष की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बाद सामने आई. कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी सांसद प्रदर्शन के लिए दिल्ली के कनॉट प्लेस के मोएट्स रेस्टोरेंट में आयोजित एक लंच के बाद राजघाट पहुंचे थे. पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र बैरिकेड लगाए थे और ट्रैफिक भी डायवर्ट किया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर जाम लगा. और नई दिल्ली स्टेशन के एक अहम रास्ते ‘मिंटो ब्रिज’ पर, सांसदों के काफ़िले के गुज़रने के बाद सबसे ज़्यादा ट्राफिक का असर सामने आया. नोट करें कि इस ब्रिज से मोएट्स रेस्टोरेंट कुछ ही दूरी पर है, और ये नई दिल्ली रेल्वे स्टेशन तक पहुंचने का भी एक अहम रास्ता है.
इंडिया टुडे के पत्रकार पीयूष मिश्रा ने रेलवे सूत्रों के हवाले से सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कनॉट प्लेस के मोएट्स रेस्टोरेंट में आयोजित एक लंच मीटिंग के कारण रेलवे स्टेशन तक जाने वाले रास्ते पूरी तरह से बंद हो गए. और इस कारण 5,000 से ज़्यादा यात्री अपनी ट्रेनों में सवार नहीं हो सके.
Railways sources: More than 5,000 passengers were unable to board their trains after access roads to Railway Station were completely blocked due to a luncheon meeting hosted by Congress president Mallikarjun Kharge at Moets, CP.
— Piyush Mishra (@Piyush_mi) October 8, 2026
इंडिया टुडे ने भी इस बारे में एक रिपोर्ट पब्लिश की जिसमें एक रेलवे अधिकारी का हवाला देते हुए ऐसा ही दावा किया गया था.

इसके बाद, CNN न्यूज़18, इंडिया टीवी और मनी कंट्रोल जैसी न्यूज़ वेबसाइट्स ने भी यही दावा रेलवे सूत्रों और रेलवे अधिकारी के हवाले से चलाया. लेकिन इन रिपोर्ट्स में सूत्रों के पद या विभाग के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी. साथ ही 5,000 यात्रियों के ट्रेन छूटने का आंकड़ा किस प्रक्रिया या तरीके से निकाला गया. इन आर्टिकल्स में न कोई डॉक्युमेंट दिखाया गया न ही कोई आधिकारिक बयान का ज़िक्र है.
हमने उत्तर रेलवे से ‘सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005’ के तहत इसको लेकर जानकारी मांगी थी. ऑल्ट न्यूज़ ने पूछा था कि क्या रेलवे हर दिन उन यात्रियों की संख्या दर्ज करता है जिन्होंने किसी स्टेशन से यात्रा के लिए टिकट बुक किया. लेकिन उस स्टेशन से अपनी ट्रेन में सवार नहीं हुए (नो-शो यात्री). अगर हां, तो 1 से 8 अक्टूबर 2026 के बीच नई दिल्ली स्टेशन (NDLS) के लिए तारीख़वार आंकड़े प्रदान करें.
उत्तर रेलवे ने हमें जवाब भेजा कि सिस्टम में ऐसा कोई टूल उपलब्ध नहीं है. इसलिए मांगी गई जानकारी नहीं दी जा सकती.

इस जानकारी के बाद बड़ा सवाल ये सामने आता है कि अगर रेलवे के पास ‘स्टेशन-वार नो-शो यात्रियों’ का रिकॉर्ड रखने की कोई व्यवस्था ही नहीं है, तो 5,000 से ज़्यादा यात्री के ट्रेन छूटने की संख्या किसी आधिकारिक आंकड़े के रूप में नहीं देखि जा सकती. संभव है कि ये कोई अनुमान हो या किसी अज्ञात व्यक्ति की निजी गिनती. इसी वजह से इसे ‘सत्यापित तथ्य’ नहीं माना जा सकता.
यहां, ये स्पष्ट कर देना बेहद जरूरी है कि आंकड़ों का न होना ये साबित नहीं करता कि किसी यात्री को परेशानी नहीं हुई. ऑल्ट न्यूज़ भी इस बारे में कोई कमेन्ट नहीं करता है कि कांग्रेस के 8 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन के कारण किसी व्यक्ति को ट्राफिक के कारण परेशानी नहीं हुई. कई रिपोर्ट्स में ट्रैफिक पाबंदियां की वजह से कुछ यात्रियों की ट्रेन छूटना की घटना दर्ज की गई है. लेकिन 5000 यात्रियों के ट्रेन छूटने का आधिकारिक रिकार्ड या सिस्टम में ऐसा कोई टूल उपलब्ध नहीं होना, इस संख्या के दावे पर सवाल खड़ा करता है.
ये दावा उस समय सामने आया जब विपक्ष का 10 अक्टूबर का एक बड़ा विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित था और राजनीतिक माहौल गर्म था. ऐसे में ये खबर कि कांग्रेस के जुलूस के कारण 5000 से ज़्यादा यात्री अपनी ट्रेन पकड़ नहीं पाए, कही न कही सत्ताधारी पार्टी के लिए फायदा करनेवाली है. वहीं मीडिया संगठन किसी जानकारी को बिना ठोस सबूत या अज्ञात स्रोत के आधार पर पब्लिश करें तो उनकी तटस्थता पर सवालों के घेरे में आती है.





