25 अक्टूबर, 2026 को वाराणसी में आयोजित ‘एयर फ़ोर्स एरियल डिस्प्ले-2026’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए. इस शो को देखने के लिए जुटी भीड़ की तारीफ करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट किया.
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, “ये बदलते भारत की तस्वीर है; ये नए भारत का आत्मविश्वास है.” साथ ही, उन्होंने दावा किया कि वाराणसी के घाटों पर 10 लाख लोग इकट्ठा हुए थे.
ये बदलते भारत की तस्वीर है, ये नए भारत का आत्मविश्वास है 🇮🇳
प्रधानमंत्री @NarendraModi जी के वाराणसी आगमन से पूर्व काशी के घाटों पर उमड़ा जनसैलाब और गगन में भारतीय वायुसेना का अद्भुत शौर्य, हर दृश्य देश के सामर्थ्य, स्वाभिमान और राष्ट्रगौरव की गाथा बयां कर रहा है।
#KashiAirShow के दौरान 10 लाख से अधिक लोगों की ऐतिहासिक उपस्थिति ने बता दिया कि काशी के कण-कण में राष्ट्रभक्ति की धारा प्रवाहित होती है।
#IndianAirForce
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) October 25, 2026
ये कार्यक्रम भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ मनाने के लिए “विंग्स ओवर गंगा” (Wings over Ganges) थीम के तहत आयोजित किया गया था.
पीयूष गोयल की पोस्ट पर कई X यूज़र्स ने टिप्पणी की और दावा किया कि उन्होंने पुरानी तस्वीर पोस्ट की है. कई यूज़र्स ने कहा कि ये तस्वीर कुंभ मेले की है. पीयूष गोयल के दावे को ग़लत साबित करने के लिए कुछ लोगों ने गूगल लेंस (Google Lens) पर AI प्रॉम्प्ट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया जिसमें बताया गया था कि तस्वीर में कुंभ मेले की भीड़ दिख रही है. इनमें से कुछ टिप्पणियां नीचे दी गई गैलरी में देखी जा सकती हैं:
क्या ये तस्वीर वाकई पुरानी है?
ख़बरों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में “पूर्वांचल के दूर-दराज के ज़िलों से आए लाखों लोग शामिल हुए, जो इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए गंगा किनारे इकट्ठा हुए थे.” प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत कई प्रमुख लोग वहां मौजूद थे.
न्यूज एजेंसी ANI ने इस कार्यक्रम के कई वीडियोज़ पोस्ट किए हैं जिनमें घाट पर भारी भीड़ है. ये भीड़ उतनी ही है जितनी पीयूष गोयल की पोस्ट में दिखाई गई है.
#WATCH | Varanasi, Uttar Pradesh: Prime Minister Narendra Modi witnesses the Air Force Day Aerial Display-2026 at Namo Ghat in Varanasi. The programme will commemorate the 94th anniversary of the Indian Air Force and will be held under the theme “Wings over Ganges”.
Defence Minister Rajnath Singh, Uttar Pradesh Governor Anandiben Patel, and Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath also present.
(Source: DD News)
— ANI (@ANI) October 25, 2026
पीयूष गोयल द्वारा पोस्ट की गई तस्वीर का इस्तेमाल कई राजनेताओं ने भी किया जिनमें राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू और सुजीत कुमार शामिल हैं. उन्होंने भी उसी भीड़ की तस्वीरें अलग-अलग ऐंगल से पोस्ट कीं.
इसके अलावा, हमें यूट्यूब पर एक व्लॉग मिला जिसे किसी ऐसे व्यक्ति ने अपलोड किया था जो ये रोड शो से पहले ट्रेन से घाट के पास से गुज़र रहा था. उसके द्वारा पोस्ट किए गए घाट के विज़ुअल्स मंत्रियों द्वारा पोस्ट की गई तस्वीरों से मेल खाते हैं.
आगे, यूट्यूब वीडियो के एक फ्रेम और पीयूष गोयल द्वारा पोस्ट की गई तस्वीर की तुलना है. भीड़ और जगह, दोनों ही पीयूष गोयल की पोस्ट में दिखाई गई तस्वीर के समान हैं.

कुल मिलाकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा पोस्ट की गई तस्वीर, जिसमें भारी भीड़ दिख रही है, असल में 25 अक्टूबर को वाराणसी में आयोजित ‘एयर फ़ोर्स एरियल डिस्प्ले 2026’ की है. इसके पुराने होने का दावा ग़लत है.









