दीवाली और काली पूजा के बाद जब कोलकाता में जहरीली हवा से दम घुट रहा था, तब पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पटाखों से होने वाले प्रदूषण पर चिंता जताने वालों को ‘कम्युनिस्ट’ करार दिया और कहा कि वे हिंदू परंपराओं के विरोधी हैं. उनका ये बयान राईटविंग विचारधारा के एक वर्ग की उस कोशिश से मेल खाता है, जो पटाखों की आलोचना को हिंदू धार्मिक प्रथाओं पर हमले के रूप में पेश करने की कोशिश करते हैं. हालांकि, कोलकाता में शोर और प्रदूषण की शिकायत करने वालों में खुद सुवेंदु अधिकारी की पार्टी और कैबिनेट के सदस्य भी शामिल थे.
बंगाल के मुख्यमंत्री ने सोमवार को तटीय शहर दीघा के दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में ये बातें कहीं. वे वहां एक प्रशासनिक बैठक में हिस्सा लेने और ‘श्यामा प्रसाद मुखर्जी ट्रेडर्स एसोसिएशन’ द्वारा आयोजित काली पूजा में शामिल होने गए थे.
पत्रकारों से बात करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “इस राज्य में सनातन का जागरण हुआ है, और कुछ लोगों को इससे दिक्कत है. जो लोग (पटाखों को लेकर) ऐसे आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने हिंदू धार्मिक त्योहारों को महज सांस्कृतिक उत्सवों में बदल दिया था… ये लोग अपने माथे पर टीका नहीं लगाते, कलाई पर धार्मिक धागे नहीं बांधते और न ही गले में तुलसी की माला पहनते हैं.”
सुवेंदु अधिकारी ने आगे कहा, “कम्युनिस्ट पटाखे जलाने का मुद्दा उठा रहे हैं. हमने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक इस पर नियंत्रण रखा है. कुछ जगहों पर रात 10 बजे के बाद भी पटाखे जलाए गए, और पुलिस ने जरूरी कार्रवाई की. हमने डीजे (DJ) पर रोक लगाई है, और हम पर्यावरण प्रदूषण नहीं चाहते. लेकिन लोग दिवाली पर मजे तो करेंगे ही. वे रोशनी करेंगे और पटाखे जलाएंगे. इसमें क्या दिक्कत है?”
ये मानते हुए कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय समय सीमा के बाद भी पटाखे जलाए गए थे, सुवेंदु अधिकारी ने प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई का ज़िक्र करते हुए आलोचना को टालने की कोशिश की.
उन्होंने कहा, “जो लोग शिकायत कर रहे हैं कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय समय से कुछ घंटे ज्यादा देर तक पटाखे जलाए गए, उन्हें पता होना चाहिए कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पुलिस ऐसे उल्लंघनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. मैं पटाखे जलाने की शिकायत करने वालों से ये भी कहूंगा कि वे डीजे पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार को बधाई दें. मैं ये नहीं कहूंगा कि दूर-दराज के इलाकों में डीजे नहीं बजे होंगे, लेकिन कम से कम सड़कों के आसपास तो मुझे कहीं डीजे बजते हुए नहीं सुनाई दिए.”
बंगाल के मंत्री का दावा – पटाखे जलाने से बीमारियां ठीक हो सकती हैं; बाद में मांगी माफी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक, दीवाली पर रात 8 बजे से 10 बजे के बीच केवल ‘ग्रीन पटाखे’ जलाने की अनुमति थी. हालांकि, मंत्रियों के बयानों, पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा जिम्मेदारी से दीवाली मनाने की अपील करने वाली पोस्ट को हटा दिए जाने, और आम धारणा—कि भाजपा सरकार हिंदू त्योहारों पर कोई पाबंदी नहीं लगाएगी—इन सबने मिलकर एक स्पष्ट मैसेज दिया: जब बहुसंख्यक समुदाय के किसी बड़े त्योहार को मनाने की बात आती है, तो नियमों में ढील दी जा सकती है, या उन्हें पूरी तरह से अनदेखा भी किया जा सकता है.
भाजपा नेता और टॉलीगंज की विधायक पापिया अधिकारी ने सोमवार को कहा, “हमारे माननीय मुख्यमंत्री ने कहा है कि लोग पटाखे तो जरूर जलाएंगे. हम काली पूजा बिना पटाखों के कैसे मना सकते हैं? लेकिन हम स्थानीय पुलिस थाने के निर्देशों के मुताबिक ही पटाखे जलाएंगे. इसके अलावा, पटाखे जलाने से कई बीमारियों से भी बचा जा सकता है.”
हालांकि बाद में पापिया अधिकारी ने माफ़ी मांगी और अपने बयान से पीछे हट गईं, ये दावा करते हुए कि मीडिया ने उनकी बातों का ग़लत मतलब निकाला था, लेकिन उनका मैसेज लोगों तक पहुंच गया था.
सोशल मीडिया यूज़र्स का एक वर्ग उन लोगों को भी निशाना बनाने लगा जो अलग राय रखते थे और अपने साथी नागरिकों को समझाने की कोशिश कर रहे थे. पार्थ प्रतिम कुंडू नाम के एक यूज़र, जो खुद को वन्यजीव फ़ोटोग्राफ़र बताते हैं, ने एक पोस्ट में पूछा कि पहले के समय में, जब पटाखों पर कोई रोक नहीं थी, तब बुजुर्ग, बच्चे और जीव-जंतु कैसे ज़िंदा रहते थे.
फ़ेसबुक के एक अन्य यूज़र, चयन मुखर्जी ने (जिन्होंने पटाखों को लेकर मुख्यमंत्री के नरम रुख की तारीफ की थी) एक पोस्ट में दावा किया कि “भारत के ज़्यादातर पर्यावरणविद् और मानवाधिकार कार्यकर्ता, साथ ही अलग-अलग संस्थानों के प्रोफ़ेसर, देश के विकास का विरोध करने के लिए बाहर से फंडिंग पाते हैं.”
डोमकल के CPI(M) विधायक मुस्तफिजुर रहमान राणा ने लोगों से अपील की थी कि वे दीवाली को रोशनी के त्योहार के रूप में मनाएं, जिसमें शोर-शराबा और तेज़ आवाज वाले पटाखे न हों. भाजपा विधायक तरुणज्योति तिवारी ने इस मुद्दे को सांप्रदायिक ऐंगल देते हुए सवाल किया कि क्या विधायक ‘बिना खून-खराबे वाली ईद’ मनाने की भी अपील करेंगे.
राज्य भाजपा नेता केया घोष ने भी शोर-मुक्त और धुआं-मुक्त दीवाली की वकालत करने के लिए मुस्तफिजुर रहमान की आलोचना की.
The lone CPIM MLA of West Bengal had wished smokeless, soundless Diwali.
Would he wish a bl0odless Eid too?#JustAsking https://t.co/SELbzbuJNF
— Keya Ghosh (@keyakahe) November 9, 2026
AQI 500-600 की रेंज में पहुंचा
राजनीतिक मैसेज के बावजूद, ज़मीनी स्तर पर नियमों का बड़े पैमाने पर उल्लंघन हुआ. आम जनता के एक बड़े हिस्से ने पटाखों से जुड़े नियमों को खुलेआम तोड़ा. लगभग सभी मीडिया संस्थानों ने बताया कि पूरी रात ज़ोर-शोर से पटाखे फोड़े गए, जिससे बुजुर्गों, बच्चों, पालतू जानवरों, पक्षियों और आवारा जानवरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
‘द टेलीग्राफ़’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार रात करीब 11 बजे कोलकाता का AQI 623 तक पहुंच गया. सोमवार सुबह 12 बजकर 51 मिनट पर, IQAir ने शहर की हवा की गुणवत्ता को ‘खतरनाक’ (hazardous) की श्रेणी में रखा. उस वक्त AQI 532 दर्ज किया गया, जिसमें PM2.5 का स्तर 342 और PM10 का स्तर 405 था. ये दोनों ही कण (particulate matter) WHO द्वारा तय की गई सीमा से कई गुना ज़्यादा थे.

कोई और विकल्प न बचने पर, कई इलाकों के निवासियों ने खुद मोर्चा संभाला; उन्होंने धड़ल्ले से पटाखे फोड़े जाने का विरोध किया और इसे रोकने के लिए हस्तक्षेप किया. फ़ेसबुक यूज़र अनितेश चक्रवर्ती ने एक पोस्ट में अपना अनुभव शेयर किया.
अनितेश चक्रवर्ती रात करीब 1 बजकर 45 मिनट पर पड़ोस की एक इमारत की छत पर गए, ताकि वहां पटाखे फोड़ रहे लोगों से उन्हें रोकने के लिए कह सकें. जहां कुछ निवासियों ने उनके विरोध का समर्थन किया, वहीं आस-पास की छतों पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने इशारों और ताने-कसे शब्दों से उनका मज़ाक उड़ाया. फिर भी, उनके हस्तक्षेप से पटाखे फोड़ने का सिलसिला रुक गया. उन्होंने गौर किया कि अपार्टमेंट की छतें ऐसी जगह बन गई हैं, जहां लोग बेझिझक पाबंदियों का उल्लंघन करते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह के उल्लंघनों के खिलाफ अपनी आवाज़ उठाएं.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रात 1 बजे तक पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शोर से जुड़ी 84 शिकायतें मिली थीं, जबकि कोलकाता पुलिस के पास 434 शिकायतें दर्ज हुई थीं.
पुलिस ने अवैध पटाखे फोड़ने के आरोप में 371 लोगों को पकड़ा, जिनमें से 205 को गिरफ़्तार कर लिया गया. इसके अलावा, उपद्रव करने के आरोप में 387 लोगों को गिरफ़्तार किया गया. कई जानकारों ने बताया कि अवैध पटाखों के इस्तेमाल को रोकने का सबसे असरदार तरीका ये है कि इनके निर्माण और बिक्री पर ही रोक लगा दी जाए. इस साल ऐसे पटाखों की केवल 238.6 किलोग्राम खेप ज़ब्त की गई, जबकि पिछले साल 853 किलोग्राम ज़ब्त की गई थी.
कोलकाता की ऊंची इमारतें (हाई-राइज बिल्डिंग्स) पटाखे और शोर से जुड़े नियमों के उल्लंघन का मुख्य केंद्र रहीं. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने खुद माना कि हर ऊंची इमारत में नियमों को लागू करना संभव नहीं था, क्योंकि राज्य के पास पर्याप्त पुलिस बल नहीं है.
साइलेंस ज़ोन (शांत क्षेत्रों) में स्थित अस्पताल भी इससे नहीं बच पाए. ‘द टेलीग्राफ़‘ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बी सी रॉय, आर जी कर, एम आर बांगुर और शिशुमंगल जैसे अस्पतालों के आस-पास के इलाकों में भी ज़ोरदार पटाखों का शोर देखने को मिला.
ज़िम्मेदारी से जश्न मनाएं या नहीं? बंगाल पुलिस उलझन में
इस स्थिति के संकेत पहले ही मिल गए थे, जब पश्चिम बंगाल पुलिस ने पटाखों के बारे में जागरूकता फैलाने वाली एक पोस्ट को पब्लिश करने के कुछ ही घंटों बाद डिलीट कर दिया था. ‘ऑल्ट न्यूज़’ ने पहले ही इस बारे में रिपोर्ट की थी.
5 नवंबर की सुबह पब्लिश की गई इस पोस्ट का कैप्शन था, “कृपया ज़िम्मेदारी से जश्न मनाएं. ये हमारी भी दिवाली है.” AI से बनाए गए इस पोस्टर में दो आवारा बिल्लियां और एक कुत्ता पटाखों के तेज़ शोर से कांपते हुए दिखाए गए थे. हालांकि, तीन घंटे के भीतर ही इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया.
पोस्ट के कमेंट सेक्शन में पुलिस को दी गई धमकियों और राईटविंग विचारधारा से जुड़े आम तर्कों की बाढ़ आ गई. लोगों ने सवाल उठाए कि क्या पुलिस ‘बिना खून-खराबे वाली ईद’ (bloodless Eid) मनाने की भी अपील करेगी, और ये भी पूछा कि पुलिस और प्रशासन केवल हिंदू त्योहारों में ही दखल क्यों देते हैं.
इसी तरह, दिल्ली पुलिस ने भी पटाखों के बारे में जागरूकता फैलाने वाली एक पोस्ट हटा दी, जबकि बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक वीडियो हटा दिया, जिसमें अभिनेत्री दीया मिर्जा प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की अपील कर रही थीं. ये दोनों फैसले सोशल मीडिया पर BJP-RSS समर्थकों के विरोध के बाद लिए गए; उनका दावा था कि इन पोस्ट से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.
AISA नेता नेहा बोरा के एक ऐसे ही मैसेज को भी सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी समूहों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा.
It is that time of the year where our conversations will be accompanied by sore throats and respiratory problems.
But who is responsible for this?
Clean air and a pollution free city is a right and must be demanded from the government. https://t.co/SZHAC7l1fl
— Neha (@neha_aisa) November 4, 2026
बीजेपी विधायकों ने शोर-शराबे की शिकायत की
राईटविंग विचारधारा के एक धड़े ने हिंदू परंपराओं को बनाए रखने के नाम पर दिवाली और काली पूजा के दौरान बेरोकटोक जश्न मनाने को बढ़ावा दिया, लेकिन बीजेपी के भीतर से ही कुछ अलग तरह की आवाजें भी उठीं.
बीजेपी नेता और सोनारपुर दक्षिण की विधायक रूपा गांगुली ने फ़ेसबुक पर एक पोस्ट में कोलकाता पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि पटाखों के शोर की वजह से वो सो नहीं पा रही हैं. हालांकि, अब ये पोस्ट मौजूद नहीं है.

राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल को शहर में पुलिस की गाड़ी में घूमते हुए देखा गया; वो पटाखों से होने वाली परेशानी पर लगाम लगाने की कोशिश कर रही थीं.
अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “कृपया दूसरों के बारे में भी सोचें. बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत पर ध्यान दें. पटाखे इतनी ज़ोर से फूट रहे हैं कि मेरा दिल कांप रहा है.”
हालांकि, ये कदम बहुत कम और बहुत देर से उठाए गए. सत्ताधारी खेमे ने अपने बयानों और पाबंदियां लागू करने में दिखाई गई हिचकिचाहट के ज़रिए, लोगों को कानून तोड़ने की एक तरह से खुली छूट दे दी, जिसका खामियाजा पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को भुगतना पड़ा.





