पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच, एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी ज़्यादा शेयर हो रहा है. इसमें वर्दीधारी लोग खंभों और इमारतों पर लगे कैमरे तोड़ते और हटाते दिख रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि इज़रायली, ईरानी हमलों और ईरान द्वारा की गई तबाही की फ़ुटेज छिपाने के लिए इन कैमरों को हटा रहे हैं.

वीडियो में दो अलग-अलग क्लिप्स हैं. पहली क्लिप में इज़रायली बैज के साथ वर्दी पहने एक व्यक्ति फावड़े का इस्तेमाल करके CCTV कैमरे को तोड़ता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो के दूसरे भाग में समान वर्दी पहने एक अन्य व्यक्ति सीढ़ी पर खड़ा है और CCTV कैमरा हटा रहा है.

ये वीडियो कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर हो रहा है.

मिंटप्रेस न्यूज़ (@MintPressNews) नामक एक X हैंडल ने अपने 2.5 लाख से ज़्यादा फॉलोअर्स के बीच ये वीडियो शेयर किया और लिखा कि इज़रायली, ईरान के मिसाइल हमलों के फ़ुटेज को छिपाने के लिए सड़क पर लगे कैमरे तोड़ रहे थे. (आर्काइव)

पोस्ट को 145,000 से ज़्यादा बार देखा गया.

1.5 लाख से ज़्यादा फॉलोअर्स वाले एक फ़ेसबुक पेज का नाम चिनासा नवोरू है. इस पेज ने भी इसी तरह के दावे के साथ वीडियो पोस्ट किया. पोस्ट 649,000 से ज़्यादा बार देखा गया. (आर्काइव)

इंस्टाग्राम पर एक अकाउंट, TC MEDIA (tcmedianews) ने 9 मार्च, 2026 को तस्नीम न्यूज़ एजेंसी को अपनी जानकारी का सोर्स बताते हुए समान दावे के साथ वही वीडियो शेयर किया. (आर्काइव)

 

 

View this post on Instagram

 

A post shared by TC MEDIA (@tcmedianews)

फ़ैक्ट-चेक

हमने वायरल वीडियो के कुछ कीफ़्रेम्स पर रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें 22 अक्टूबर, 2025 को वेस्टर्न गैलिली पुलिस (police_galilmaravi) द्वारा पोस्ट किया गया एक इंस्टाग्राम पोस्ट मिला. पोस्ट के टेक्स्ट का हिंदी अनुवाद कुछ यूं है, “निवासियों के लिए शासन और संप्रभुता. वेस्टर्न गैलिली स्टेशन के पुलिसकर्मी सार्वजनिक स्थानों पर आपराधिक संगठनों और कमजोरियों द्वारा लगाए गए कैमरों को नष्ट करना जारी रखते हैं.” (आर्काइव)

 

View this post on Instagram

 

A post shared by TC MEDIA (@tcmedianews)

जैसा कि पाठक देख सकते हैं, इस इंस्टाग्राम पोस्ट के वीडियो में दोनों छोटी क्लिप हैं जो अब वायरल हो रहे वीडियो का हिस्सा हैं.

इसके बाद, हमने एक कीवर्ड सर्च किया जिससे हमें इज़राइली मीडिया की अलग-अलग रिपोर्ट्स मिलीं. एक स्थानीय न्यूज़ आउटलेट ने बताया कि पश्चिमी गलील में पुलिस ने लगभग 19 कैमरे नष्ट कर दिए. शक था कि अपराधियों द्वारा निगरानी और अन्य अवैध गतिविधियों के लिए लगाए गए थे.

इसके अलावा, 28 मार्च, 2025 को हाइफ़ा न्यूज़ की एक रिपोर्ट में कहा गया कि हाइफ़ा स्टेशन से तट जिला पुलिस ने लगभग 20 सुरक्षा कैमरे हटा दिए थे जिनके बारे में इज़रायली अधिकारियों ने दावा किया था कि वे पायरेटेड थे और आपराधिक तत्वों द्वारा स्थापित किए गए थे. ये कैमरे शहर के सार्वजनिक स्थानों पर लगे थे.

कुल मिलाकर, वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इज़रायली ईरानी मिसाइल हमलों के फ़ुटेज को छिपाने के लिए सड़क पर लगे कैमरे तोड़ रहे थे, जो भ्रामक है. वीडियो हाल का नहीं है, और CCTV कैमरे वास्तव में स्थानीय पुलिस द्वारा हटा दिए गए थे क्योंकि वे आपराधिक संगठनों द्वारा लगाए गए थे.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.