राजस्थान में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है. मौसम केंद्र जयपुर ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें घरों के बीच संकड़ी गली में पानी के तेज़ बहाव में लोग बह रहे हैं, इन्हें कुछ लड़के अपने प्रयासों से बहने से बचा लेते हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो जयपुर में हाल में हुई बारिश के दौरान का है.

मिरर नाउ के पत्रकार सोनू शर्मा ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, “जयपुर में भयंकर बारिश बनी आफत, पानी के तेज बहाव में बहे लोग सड़कें बनीं तालाब, कारें तैरने लगी.” (आर्काइव लिंक)

न्यूज़24 ने भी ये वीडियो ट्वीट करते हुए इसे जोधपुर का बताया था. लेकिन बाद में ये ट्वीट डिलीट कर दिया गया. (आर्काइव लिंक)

ऋषभ वीरेन्द्र दीक्षित नाम के यूज़र ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, “जयपुर में बारिश का कहर, पानी का तेज बहाव लोगों को भी बहा रहा है.” (आर्काइव लिंक)

कई अन्य यूज़र ने भी वीडियो को हाल का बताते हुए शेयर किया.

फ़ैक्ट-चेक

हमने वायरल वीडियो के एक फ़्रेम को गूगल पर रीवर्स इमेज सर्च किया. इस वीडियो को 14 अगस्त, 2020 को न्यूज़18 ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि जयपुर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हो गए. इससे इतना तो साफ है कि ये वीडियो पुराना है और हाल कि कोई घटना से जुड़ा नहीं है. (आर्काइव लिंक)

ट्विटर पर इससे जुड़ी की-वर्ड्स सर्च करने पर हमें पत्रकार सौमित मोहन का 14 अगस्त, 2020 का एक ट्वीट मिला. इस ट्वीट में उन्होंने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “कल, गलती से मैंने जयपुर की बारिश का एक वायरल वीडियो दिल्ली की बारिश बताकर पोस्ट कर दिया, जिसका मुझे खेद है. नीचे दिया गया वीडियो जयपुर की बारिश का 3 साल पुराना वीडियो है जिसे आज की बारिश के रूप में शेयर किया जा रहा है.” (आर्काइव लिंक) ज्ञात हो कि 2020 में राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश कि वजह से जलभराव की स्थिति बन गई थी. मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया था.

यहां से मिली जानकारी के अनुसार हमने की-वर्ड्स और वीडियो के अलग अलग फ्रेमस् को सर्च करने की कोशिश की. हमें अबतक इस वीडियो के 2017 में पोस्ट किये जाने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली. इसलिए ऑल्ट न्यूज़ इस बात की पुष्टि नहीं करता कि ये वीडियो 2017 का है या नहीं. जानकारी मिलने पर हम इस आर्टिकल को अपडेट कर देंगे. लेकिन इतना तो तय है कि ये वीडियो हाल में राजस्थान के जयपुर या जोधपुर में हुई बारिश के दौरान का नहीं है. ये वीडियो कम से कम 2 साल पुराना है.

ग़लत
दावा:
जोधपुर में भयंकर बारिश बनी आफत, पानी के तेज बहाव में बहे लोग

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें