MDH मसाला कंपनी के मालिक धर्मपाल गुलाटी का 98 वर्ष की उम्र में 3 दिसम्बर को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया. इसके बाद से कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने एक वीडियो शेयर किया और इसे उनके आखिरी समय की तस्वीरें बताई. ऐसा दावा करने वालों में फ़िल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री, ABP न्यूज़ के ऐंकर विकास भदौरिया और कई लोग शामिल हैं.

विवेक अग्निहोत्री ने विकास भदौरिया के ट्वीट को कोट ट्वीट किया था.

न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़ ने भी ये वीडियो धर्मपाल गुलाटी का आखिरी वीडियो बताकर चलाया. इसके अलावा ‘द सेंटीमेंटल‘ नाम के एक वेरीफ़ाइड पेज ने भी ये वीडियो शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

BJP हरियाणा के सोशल मीडिया हेड अरुण यादव ने भी ये वीडियो शेयर करते हुए कुछ ऐसा ही दावा किया कि ये धर्मपाल के आखिरी समय का वीडियो है.

पुराना वीडियो

वीडियो देखने से पता चलता है कि ये हाल का नहीं हो सकता क्यूंकि किसी ने भी मास्क नहीं पहना है. यहां ये ध्यान रखना चाहिए कि ये किसी के घर का नहीं बल्कि अस्पताल का वीडियो है जहां मास्क पहनने के बारे में सख्त निर्देश दिए जाते हैं. हमने देखा कि विकास भदौरिया के ट्वीट पर गगन आहूजा नाम के एक यूज़र ने रिप्लाई किया है कि लाल शर्ट में गीत गा रहा शख्स उनका भाई राकेश आहूजा है.

हमने पाया कि गगन ने ये वीडियो फ़ेसबुक पर भी पोस्ट किया है. यहां उन्होंने लिखा है कि लगभग एक वर्ष से बीमार चल रहे महाशय जी जब हॉस्पिटल में थे तब का ये वीडियो है. उनके हाथ-पैर की मूवमेंट्स बिल्कुल बंद हो गयी थी, तब एक पारिवारिक मित्र ने जब उनका मनपसंद गीत सुनाया तो ये चमत्कार हुआ.

 

संगीत में अदभुत शक्ति होती है…..लगभग एक वर्ष से बीमार चल रहे महाशियां जी जब हॉस्पिटल में थे और हाथ पैर की मूवमेंट्स बिल्कुल बंद हो गयी थी तब मेरे एक पारिवारिक मित्र Rakesh Ahuja जी जो MDH किंग महाशियां जी के बहुत अजीज़ थे , उनसे मिलने गए और डॉक्टर्स से सलाह के बाद संगीत थेरेपी के तौर पर उनका मनपसंद गीत सुनाया….लगभग दो महीने से हाथों का मूवमेंट बंद था….और फ़िर जो चमत्कार हुआ आप खुद देखिए….
अलविदा जीवंतता …
#गगनकीबात

Posted by Gagan Ahuja on Thursday, 3 December 2020

हमने वीडियो में गीत गा रहे शख्स राकेश आहूजा से बात की. उन्होंने बताया, “मैं पिछले साल सितंबर या अक्टूबर में महाशय जी को देखने दिल्ली के चानन देवी हॉस्पिटल गया था. वे हिल भी नहीं पा रहे थे. उनकी हालत ठीक नहीं थी. मैं जब भी उनसे मिलता था वो हमेशा मुझसे ये गाना सुनते थे. ये उनके पसंदीदा गानों में से एक था. मैंने डॉक्टर से बात करने के बाद ये गाना गाया और वो मूवमेंट करने लगे थे. ऐसा वीडियो में भी दिख रहा है. ये एक तरह से म्यूज़िकल थेरेपी की तरह काम किया.”

हमने धर्मपाल के कुछ करीबी लोगों से भी बातचीत की, सबने हमें यही बताया कि ये वीडियो हाल का नहीं है. कुछ लोगों का कहना था कि ये 2-3 साल पुराना है. जबकि कुछ ने कहा कि साल 2019 का है. एक व्यक्ति ने कहा कि उनका इलाज दिल्ली के ‘माता चानन देवी हॉस्पिटल’ में चल रहा था. वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली. हमने हॉस्पिटल मैनेजमेंट से बात की. जिन्होंने इस बात की पुष्टि की कि ये वीडियो उसी हॉस्पिटल का है लेकिन पुराना है.

यानी, एक पुराना वीडियो धर्मपाल गुलाटी की मौत के बाद उनके आखिरी वक़्त का बताकर शेयर किया गया. पत्रकार विकास भदौरिया ने भी बाद में ट्वीट किया कि ये वीडियो दो साल पुराना है.

असत्य
दावा:
MDH मसाला कंपनी के मालिक धर्मपाल गुलाटी का हॉस्पिटल में आखिरी वीडियो

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें