न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में एक व्यक्ति के हवा में पैसे फेंकने का वीडियो वायरल है. वीडियो शेयर करते हुए लिखा जा रहा है, “न्यूयॉर्क सिटी में एक व्यक्ति की कोरोना के कारण मौत हो गई थी. उसने अपने दोस्त को कहा था कि उसकी मौत के बाद वो रास्ते के बीचो-बीच उसके पैसे हवा में उछाले ताकि लोगों को सबक मिले के दुनियाभर के पैसे की स्वास्थ्य के सामने कोई कीमत नहीं है”. वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कहता है कि वो अपने दोस्त जो कुश की याद में पैसे उछाल रहा है जिसकी मौत पिछले साल हुई थी. कई यूज़र्स ये वीडियो फ़ेसबुक और ट्विटर पर इसी मेसेज के साथ शेयर कर रहे हैं.

ऑल्ट न्यूज़ के व्हाट्सऐप नंबर पर इस वीडियो की पड़ताल की रिक्वेस्ट आई है.

This slideshow requires JavaScript.

अप्रैल से वायरल

ट्विटर हैन्डल ‘@rajivmehta19’ द्वारा ट्वीट किये गए इस वीडियो को 34 हज़ार से ज़्यादा बार देखा जा चुका है. (आर्काइव लिंक)

‘GOQii’ के सीईओ विशाल गोंडल ने भी ये वीडियो इसी मेसेज के साथ ट्वीट किया है. (आर्काइव लिंक)

फ़ेसबुक पर सिंगर मीनू मुनीर ने ये वीडियो इसी मेसेज के साथ पोस्ट किया है जिसे आर्टिकल लिखे जाने तक 7 लाख बार देखा जा चुका है. व्हाट्सऐप पर भी ये वीडियो शेयर किया जा रहा है. ऑल्ट न्यूज़ के ऑफ़िशियल मोबाइल ऐप पर भी इस वीडियो की जांच के लिए रीक्वेस्ट आई हैं.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो में ये व्यक्ति अपने दोस्त की मरने की वजह नहीं बताता है. वो रास्ते पर पैसे फेंकते हुए कहता है, “पिछले साल इस दिन, मेरे एक दोस्त की मौत हो गई थी. वो अच्छे पैसे कमाता था. उसका नाम जो कुश था. उसकी हत्या कर दी गई थी और कुछ ऐसे जवाहरात थे जो उसने बनाए थे. ये देखिए (और वो 2 डायमंड पेंडन्ट दिखाता है). उसने अपनी बेटी के लिए भी एक पेंडन्ट बनाया था. वो एक अच्छा इंसान था. जो अच्छे पैसे भी कमाता था और बेवजह ही मारा गया. मैं उसकी पुण्यतिथि शान से मनाना चाहता हूं उसकी मौत मार्च में (शायद 15 मार्च) हुई थी. तो ये उसकी याद में मैं ये नहीं करना चाहता हूं. लेकिन ये उसके लिए है और अगर उसका परिवार ये देख रहा है तो मैं चाहता हूं कि वो मुझे मेसेज करें और मैं उन्हें ये देना चाहता हूं. रेस्ट इन पीस, मेरे भाई.”

जो कुश, अमेरिका के एक रैपर हैं. लेटेस्ट न्यूज़ साउथ अफ़्रीका की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जो मार्च 2020 से सोशल मीडिया पर ऐक्टिव नहीं हैं. इससे ये अफ़वाह फैली कि जो की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि आर्टिस्ट के मैनेजमेंट ने इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. गूगल पर की-वर्ड्स सर्च करने पर भी जो कुश की मौत की पुष्टि करती कोई रिपोर्ट नहीं मिली.

जो के इंस्टाग्राम पेज के मुताबिक, फ़्रेडजे प्रोडक्शन जो कुश की बुकिंग्स संभालता है. जो ने सबसे आखिर में 13 मार्च 2020 को पोस्ट किया था जिसमें जो को पैसे गिनते हुए देखा जा सकता है.

ये वायरल वीडियो 20 मार्च 2021 को ‘TraxNYC डायमंड ज्वेलरी’ ने अपलोड किया था. ‘TraxNYC’, न्यू यॉर्क की एक ज्वेलरी ब्रांड है जिसके फ़ाउन्डर मकसूद ट्रेक्स ऐगेजानी हैं. वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मकसूद ही है.

अमेरिका की फैशन मैगज़ीन GQ ने मकसूद का एक वीडियो शेयर किया था जिसमें मकसूद ने क्वेवो, गुची मैइन, ऑफ्सेट, 2 चेंज़, वीक मेन्सा, लील पम्प, फ्यूचर एंड वीज़ खलीफ़ा समेत रैपर्स की आलोचना की थी.

दिसम्बर 2019 में जो ने रास्ते पर पैसे उछालने का एक वीडियो अपलोड किया था. इस वीडियो में कई जगह पर मकसूद भी दिखते हैं.

कुल मिलाकर, अमेरिका की ज्वेलरी स्टोर ‘TraxNYC’ के वीडियो को भारतीय सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए झूठा दावा किया गया कि पिछले साल एक व्यक्ति (जो कुश) की कोरोना के कारण मौत हुई थी जिसके 1 साल बाद उसके दोस्त ने रास्ते पर पैसे उछाले. हालांकि जो कुश की मौत की कोई ख़बर मौजूद नहीं है.


हरियाणा के करनाल में हो रही वेब सीरीज़ की शूटिंग के दृश्य को लोगों ने असली घटना बताकर शेयर किया :

ग़लत
दावा:
न्यू यॉर्क में कोरोना वायरस के चलते पिछले साल मरे एक व्यक्ति के दोस्त ने उसकी पुण्यतिथि पर रास्ते पर पैसे फेंके

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें