व्हाट्सऐप पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला और एक पुरुष को दिन-दहाड़े गोली मारी जा रही है. वीडियो में दो पक्षों की बहस होती है और पुलिस वाला पिस्तौल निकाल कर सामने वाले व्यक्ति को गोली मार देता है जिसके बाद महिला उसपर चिल्लाने लगती है. इसके बाद पुलिसवाला उस औरत को भी मार देता है और लोग देखते रह जाते हैं.

ऑल्ट न्यूज़ को व्हाट्सऐप पर (+917600011160) इस वीडियो के वेरिफ़िकेशन की कई रिक्वेस्ट भेजी गयी.

This slideshow requires JavaScript.

एक यूज़र शरिया अली सिद्धिकी ने वीडियो पोस्ट करते हुए हमसे घटना के लोकेशन के बारे में पता करने का अनुरोध किया. यूज़र ने लिखा, “ये दर्दनाक वीडियो है, इसका लोकेशन नहीं पता लेकिन बहुत दर्दनाक है. क्या मोदी के शासन में देश का ये हाल हो गया है?”

फ़ैक्ट-चेक

हमने पाया कि वीडियो में बैकग्राउंड में फ्रेंड्स कैफ़े है. ये हरियाणा के करनाल में स्थित है. हमने गूगल मैप्स पर इस कैफ़े (बायीं तरफ़) की तस्वीर भी देखी जिससे साफ़ होता है कि दोनों एक ही जगह है. ऑल्ट न्यूज़ ने इस कैफ़े के मालिक से संपर्क किया. उन्होंने हमें बताया कि वीडियो असल में फ़िल्म का एक सीन है.

हमने शूट हो रहे वेब सीरीज़ में पुलिस का अभिनय करने वाले विनय कुहाड़ से भी संपर्क किया. उन्होंने कहा, “मेरे दोस्तों ने मुझे बताया कि ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ये वीडियो महज़ एक रिहर्सल है. शूटिंग देख रहे किसी व्यक्ति ने इसे रिकॉर्ड किया होगा.” हमने पूछा कि ये कौन-सी सीरीज़ की शूटिंग थी. विनय ने कहा कि अभी नाम फ़ाइनल नहीं हुआ है, इसे रिलीज़ किया जाना बाकी है. उन्होंने वीडियो में दिख रहे अन्य कलाकारों के नाम भी बताये जिन्हें गोली मारी जा रही है. दोनों कलाकारों के नाम श्वेता और देव हैं. हमने पाया कि विनय कुहाड़ ने अपनी फ़ेसबुक प्रोफ़ाइल से भी इस शूट की तस्वीरें शेयर की हैं जिनमें उन्हें पुलिस की वर्दी में देखा जा सकता है.

इसके अलावा, वीडियो में कोने में शूटिंग से जुड़ा सामान भी रखा हुआ नज़र आ रहा है.

हरियाणा के करनाल में एक वेब सीरीज़ के लिए चल रहे वीडियो शूट का क्लिप वायरल हो गया. इसमें एक महिला और एक पुरुष की हत्या की ऐक्टिंग को लोगों ने सच मान लिया.

ग़लत
दावा:
एक पुलिस वाले ने एक महिला और पुरुष की हत्या की

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें