वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें एक महिला लिफ्ट में घुसती हुई नज़र आ रही है. पहली नज़र में देखने पर मालूम पड़ता है कि ये तेलगु और कन्नड एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना हैं. बताया दें कि हाल ही में रश्मिका का रणवीर कपूर के साथ आने वाली बॉलीवुड फिल्म ‘एनिमल’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ है. कई यूज़र्स ने वायरल वीडियो को रश्मिका मंदाना बताकर फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर शेयर किया जिसपर लाखों व्यूज़ हैं. इसके कुछ उदाहरण यहां हैं जिसमें एक फैन अकाउंट ने 13 अक्टूबर 2023 को इंस्टाग्राम पर ये वीडियो पोस्ट किया था. इसपर 82 लाख से ज्यादा व्यूज़ हैं. इसी तरह ये वीडियो इंस्टाग्राम पर idioticgyan नाम के मीम पेज ने शेयर किया था जिसपर 1.20 लाख से ज्यादा व्यूज़ हैं.

ये वीडियो रश्मिका के एक फ़ैन पेज द्वारा फ़ेसबुक पर शेयर किया गया था जिसपर 46 लाख से ज्यादा व्यूज़ हैं. बाद में इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया. वहीं वायरल मीडिया नाम के एक फ़ेसबुक पेज ने भी ये वीडियो अपलोड किया था जिसपर 2.6 लाख से ज़्यादा व्यूज़ हैं.

एक ट्विटर यूज़र ने भी ये वीडियो 31 अक्टूबर को ट्वीट किया था और इसे रश्मिका मंदाना का बताया था. (आर्काइव लिंक)

वीडियो में डीपफ़ेक का इस्तेमाल किया गया है.

हमने इस वीडियो के बारे में खुलासा किया कि ये वीडियो डीपफ़ेक की मदद से बनाया गया है. वायरल वीडियो को गौर से देखने पर मालूम पड़ता है कि शुरुआत के मिलीसेकेंड्स में जब रश्मिका मंदाना (डीपफेक) लिफ्ट के अंदर घुस रही होती हैं, तब उनका चेहरा पूरी तरह से ट्रांसफॉर्म हो जाता है, जबकि शुरुआत के मिलीसेकेंड्स में किसी और लड़की का चेहरा वीडियो में नज़र आता है.

यहां दिए GIF से बेहतर समझा जा सकता है कि वायरल वीडियो में शुरुआत के मिलीसेकेंड्स में किसी और लड़की का चेहरा है.

असल वीडियो ज़ारा पटेल का है.

असल में जो वीडियो एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना का चेहरा वाला वीडियो ज़ारा पटेल नाम की ब्रिटिश-इंडियन लड़की की है जिसके इंस्टाग्राम पर 4 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं. ज़ारा पटेल के ही वीडियो में डीपफ़ेक की मदद से रश्मिका मंदाना का चेहरा जोड़ा गया है. असली वीडियो ज़ारा पटेल के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 9 अक्टूबर को अपलोड किया गया था. हमें ज़ारा पटेल के अकाउंट पर दूसरे वीडियोज़ भी मिले जिसमें वो उसी लिफ्ट में नज़र आती हैं जो वायरल वीडियो में मौजूद है. इससे पुष्टि की जा सकती है कि ये वीडियो ज़ारा पटेल की ही है जिसे डीपफ़ेक की मदद से एडिट किया गया है. हालांकि, ऑल्ट न्यूज़ इस बात की पुष्टि नहीं करता कि इस वीडियो को डीपफ़ेक की मदद से किसने एडिट किया.

 

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Zara Patel (@zaarapatellll)

क्या है डीपफ़ेक?

डीपफ़ेक टेक्नोलॉजी आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का ही एक हिस्सा है जो लोगों के चेहरे, आवाज़ को बदलकर असली जैसा दिखने वाला फ़र्ज़ी वीडियो और ऑडियो बनाने में सक्षम है. डीपफ़ेक का इस्तेमाल इंटेरटेन्मेंट, व्यंग्य, कॉन्टेन्ट क्रियेशन जैसी चीजों के लिए हो सकता है, लेकिन इसका दुरुपयोग समाज पर हानिकारक प्रभाव भी डाल सकता है. जैसे कि झूठी जानकारी फैलाना, चरित्र हनन, राजनीतिक प्रतिद्वन्द्वियों के खिलाफ दुष्प्रचार, ब्लैकमेल, इत्यादि. 28 मई 2023 को भारत के टॉप रेसलर्स विनेश फोगाट, संगीता फोगाट, इत्यादि को दिल्ली पुलिस ने धरना-प्रदर्शन करते वक्त हिरासत में लिया था, तब भी उनका बस में बैठा एक तस्वीर वायरल हुआ था जिसमें वे लोग हंसते हुए दिखाई दे रहे थे. इसे शेयर करते हुए कई सोशल मीडिया यूज़र्स उनके धरना-प्रदर्शन को एक ड्रामा बताया था, जबकि असल मे वह एक डीपफ़ेक तस्वीर थी जिसमें उनके चेहरे के एक्सप्रेशन को बदला गया था. ऑल्ट न्यूज़ ने तब भी रेसलर्स के वायरल तस्वीर का फ़ैक्ट-चेक किया था.

रश्मिका मंदाना का बयान

ये फ़ैक्ट-चेक ट्विटर पर वायरल होने के बाद एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने ट्वीट करते हुए इसपर आपत्ति दर्ज कराई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की. रश्मिका ने कहा, “मुझे बहुत दुख के साथ ऑनलाइन फैलाए जा रहे मेरे डीपफ़ेक वीडियो के बारे में बात करनी पड़ रही है. यह न केवल मेरे लिए बल्कि हम में से हर एक के लिए डरावना है जो आज प्रौद्योगिकी के दुरुपयोग के कारण बहुत अधिक असुरक्षित हैं.”

रश्मिका ने अपने ट्वीट में स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाली लड़कियों के लिए चिंता ज़ाहिर करते हुए कहा कि आज, एक महिला और एक अभिनेता के रूप में, मैं अपने परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों की आभारी हूं जो मेरी सुरक्षा और सपोर्ट सिस्टम हैं. लेकिन अगर मेरे साथ ऐसा तब होता जब मैं स्कूल या कॉलेज में थी, तो मैं सोच भी नहीं सकती कि मैं इससे कैसे निपट सकती थी.

उन्होंने आगे लिखा कि इससे पहले कि हम में से अधिक लोग इस तरह की आइडेंटिटी की चोरी से प्रभावित हों, हमें एक कम्युनिटी के रूप में और तत्परता से इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है.

अमिताभ बच्चन ने दी प्रतिक्रिया

बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन ने कहा कि इस मामले पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.

केंद्रीय आईटी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर का बयान

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत सरकार इंटरनेट का उपयोग करने वाले सभी डिजिटल नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. अप्रैल, 2023 में नोटिफ़ाई किये गए इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी नियमों के तहत, सोशल मीडिया समेत अन्य प्लेटफॉर्म्स का यह एक कानूनी दायित्व है कि उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी यूज़र द्वारा कोई ग़लत सूचना पोस्ट नहीं की गई हो. और जब किसी भी यूज़र या सरकार द्वारा रिपोर्ट किया जाता है, तो उन्हें ग़लत सूचना को 36 घंटे के अंदर हटाना होगा. यदि प्लेटफॉर्म इसका पालन नहीं करते हैं, तो नियम 7 लागू होगा और आईपीसी के प्रावधानों के तहत पीड़ित व्यक्ति द्वारा प्लेटफार्मों को अदालत में ले जाया जा सकता है.

ज़ारा पटेल का बयान

जिस ब्रिटिश-इंडियन लड़की ज़ारा पटेल के वीडियो का इस्तेमाल एक्ट्रेस राश्मिका मंदाना का डीपफेक वीडियो में हुआ था, उन्होंने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी डालते हुए एक स्टेटमेंट जारी किया है. उन्होंने कहा कि किसी ने उनकी बॉडी और एक लोकप्रिय बॉलीवुड अभिनेत्री के चेहरे का उपयोग करके एक डीपफेक वीडियो बनाया है. उस वीडियो से उनका कोई संबंध नहीं है और जो कुछ भी हो रहा है उससे वह व्यथित हैं. उन्होंने आगे कहा कि उन्हें उन महिलाओं और लड़कियों के भविष्य की चिंता है जिन्हें अब उनके फ़ोटोज़ और वीडियोज़ को सोशल मीडिया पर डालने से और भी अधिक डर लगेगा. कृपया एक कदम पीछे हटें और इंटरनेट पर आप जो देखते हैं उसका फ़ैक्ट-चेक करें, क्योंकि इंटरनेट पर सब कुछ वास्तविक नहीं है. ज़ारा पटेल ने राश्मिका मंदाना के डीपफेक वीडियो पर दुख ज़ाहिर करते हुए काह कि ये जो कुछ हो रहा है उससे वह बहुत परेशान हैं.

अपडेट: इस आर्टिकल में ज़ारा पटेल का बयान बाद में जोड़ा गया है.

असत्य
दावा:
लिफ्ट के अंदर घुसती एक्ट्रेस राश्मिका मंदाना

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें