9 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने से गुज़रते हुए दिख रहे हैं. भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने ये वीडियो ट्वीट किया और राहुल गांधी पर तंज कसते हुए लिखा, “जब तक चल रही है… जब नहीं काम करेगी तो रोक देंगे…ऐसे कैसे चलेगा, शहज़ादे?” (आर्काइव लिंक)

भाजपा दिल्ली के सचिव कुलजीत सिंह चहल ने वीडियो ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया. साथ ही इस वीडियो के आधार पर ये भी लिखा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ राहुल गांधी के लिए टाइमपास है. इस ट्वीट से ऐसा लग रहा है कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा की बात करते हुए ये कह रहे हैं. (आर्काइव लिंक)

भाजपा राजस्थान के प्रदेश मंत्री लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने भी इस 9 सेकेंड के वीडियो के साथ ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

हमने देखा कि अमित मालवीय के ट्वीट पर जवाब देते हुए नेशनल यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने 16 सेकेंड का वीडियो ट्वीट किया है. इस वीडियो में एक व्यक्ति कहता है, “टी-शर्ट ही रहेगी क्या लगातार?”. इसके जवाब में राहुल गांधी कहते हैं कि “जबतक चल रही है, चलाएंगे… जब नहीं चलेगी तो रख देंगे“.

ANI के रिपोर्टर सिद्धार्थ शर्मा ने इस मौके का लम्बा वीडियो शेयर किया था. उनके मुताबिक, किसी रिपोर्टर ने राहुल गांधी से टी-शर्ट के बारे में पूछा था. रिपोर्टर को जवाब देते हुए उन्होंने कहा था जबतक चल रही है चलाएंगे. यानी, भाजपा नेताओं ने इस वीडियो के अगले हिस्से को, जिसमें रिपोर्टर सवाल कर रहा है उसे छांटकर बिना संदर्भ के शेयर किया. इसके साथ ही ये ग़लत दावा किया कि वो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रोकने के बारे में कह रहे हैं.

हमने Veed(dot)io टूल की मदद से वायरल वीडियो का बैकग्राउंड नॉइज़ हटाकर उसे सुना तो पाया कि राहुल गांधी स्पष्ट तौर पर बोल रहे हैं, “जबतक चल रही है तबतक चलाएंगे, जब नहीं काम करेगी तो रख देंगे“. जबकि भाजपा नेताओं ने अपने ट्वीट में ‘रख‘ शब्द को बदलकर ‘रोक‘ कर दिया जिससे ऐसा लगता है कि राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रोकने की बात कर रहे हैं.

कुल मिलाकर, भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी का क्लिप्पड वीडियो ट्वीट करते हुए दावा किया कि वो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रोकने की बात कर रहे थे. जबकि वो अपनी टी-शर्ट को लेकर ये बातें कह रहे थे कि जब नहीं चलेगी तो रख देंगे. लेकिन BJP नेताओं ने वीडियो में ‘रख देंगे’ के बजाय ‘रोक देंगे’ बोलने का ग़लत दावा किया.

ग़लत
दावा:
राहुल गांधी ने भारत जोड़ों यात्रा के बारे में कहा कि जबतक चल रही है चलने देते हैं, जब नहीं चलेगी तो रोक देंगे

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें