सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है जिसमें हाथापाई होती दिख रही है. क्लिप में अफरा-तफरी के बीच एक महिला को गिरते हुए और बुर्का पहने दो अन्य महिला को कार में चढ़ते और बाहर निकलते हुए भी दिखाया गया है. इसके बाद भीड़ को सड़क पर गिरी महिला को संभालते हुए देखा जा सकता है.

सोशल मीडिया यूज़र्स इस क्लिप को ‘लव जिहाद’ ऐंगल के साथ शेयर कर रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि एक 22 साल की हिंदू महिला ने एक मुस्लिम व्यक्ति से अदालत में शादी की और अपनी मां को ‘काफिर’ कहा. उसी वक्त उसकी मां को दिल का दौरा पड़ा और वो गिर गईं.

प्रीमियम सब्सक्राइब्ड X (ट्विटर) यूज़र अखिलेश त्रिपाठी (@highcourtallad) ने 14 फ़रवरी को ये वीडियो शेयर किया और लिखा: “कार के पास काले बुर्के मे 22 साल की चार्टेड अकाउंटेंट लड़की हैं जिसने अभी अभी कोर्ट मैरिज की है । उसी के पास लाल ड्रेस में मां रो रोकर लड़की से गले लगते हुए समझाने की कोशिश कर रही है। लड़की ने मां को काफिर कह कर दूर कर दिया। मां को हार्ट अटैक आ गया और वो जमीन पर गिर गई और लड़की आराम से कार मे बैठ कर चली गई। ऊपर खड़े शांति दूत खुश हो कर कह रहे की इक बोझ कम हो गया। आज की शिक्षा देकर पैसे ओर कमाने का जुनून दो या ना दो पर धर्म की शिक्षा जरूर दो हिंदुओ वरना बर्बाद हो जाओगे तबाह हो जाओगे.” ट्वीट को 3.2 लाख से ज़्यादा बार देखा और 2,200 से ज़्यादा बार रीट्वीट किया गया है. (आर्काइव)

एक अन्य प्रीमियम सब्सक्राइब्ड X यूज़र @ArchanaaTivari ने 14 फ़रवरी को इसी दावे के साथ ये क्लिप शेयर की. इनके बायो के मुताबिक, वो एक पत्रकार और समाचार एडिटर हैं. ट्वीट को 96 हज़ार से ज़्यादा बार देखा और 1,500 से ज़्यादा बार रीट्वीट किया गया. (आर्काइव लिंक)

कई अन्य यूज़र्स ने ट्विटर पर इसी दावे के साथ ये वीडियो शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

हमने इस क्लिप से कई फ्रेम्स लिए और उनमें से कुछ का रिवर्स इमेज सर्च किया. इससे हमें 31 अक्टूबर, 2023 का एक ट्वीट मिला. इस ट्वीट में वही वीडियो है जो अभी वायरल हो रहा है. ट्वीट में बताया गया कि ये घटना बांग्लादेश की है.

इसके बाद बांग्ला में सबंधित की-वर्डस सर्च करने पर हमें 30 अक्टूबर, 2023 को ‘DHOFAR Tv’ नामक चैनल द्वारा पोस्ट किया गया एक यूट्यूब वीडियो मिला. वीडियो का टाइटल बांग्ला में है जिसका हिन्दी में अनुवाद कुछ यूं है: “कोमिला कोर्ट | आज घटी एक घटना | दो लड़कियां हिंदू से मुस्लिम बन गईं.” यूट्यूब वीडियो में ये वायरल क्लिप मौजूद है. इसके डिस्क्लेमर में ये भी ज़िक्र किया गया है कि लड़कियों ने लगभग पांच महीने पहले हिंदू धर्म से इस्लाम धर्म अपना लिया था और उन्हें सुरक्षा के मकसद से हिरासत में रखा गया था और जिस दिन उन्हें जाने दिया गया था उसी दिन ये वीडियो लिया गया था.

आगे, इसमें बताया गया है: “मामले के नियुक्त वकील ने कहा कि दो लड़कियां, जिन्होंने पांच महीने पहले हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम धर्म अपना लिया था, उन्होंने अपना घर छोड़ दिया था और कहीं और रह रही थीं. ये खुद के खर्चे के लिए ट्यूशन पढ़ा रही थीं. बाद में उनके पिता ने थाने में उनके लापता होने की सूचना दी और जीडी दाखिल की. इसके बाद पुलिस ने दोनों को सब-जज के माध्यम से ऊपरी अदालत को सौंप दिया. सौंपे जाने के बाद, उन्होंने अपने माता-पिता के साथ नहीं जाने की बात की और बताया कि उन्होंने इस्लाम धर्म अपना लिया है, इसलिए घर लौटने पर उन्हें सामाजिक और पारिवारिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है. नियुक्त अदालत ने उन्हें सुरक्षित हिरासत में वापस भेज दिया. लंबे समय तक हिरासत में रहने के बाद, जब पीड़ित वयस्क हो गए, तो नियुक्त अदालत ने उनके वकील के माध्यम से उनके अनुरोध पर उन्हें रिहा करने का आदेश दिया.

इसके बाद की प्रक्रिया में जब ये दोनों हिरासत से रिहा होने के बाद अदालत परिसर से बाहर निकल रहीं थीं, तो अचानक ये घटना घटी जब उनके माता-पिता और रिश्तेदारों ने उन्हें जबरन ले जाने की कोशिश की. वकील और पुलिस की सहायता से दोनों अदालत परिसर से बाहर निकले.

हमें एडवोकेट एम होसेन आसिफ़ द्वारा 1 नवंबर, 2023 को पोस्ट किया गया एक फ़ेसबुक वीडियो भी मिला जिसमें वही दोनों लड़कियां दिख रही हैं. वीडियो में लड़कियां अदालत परिसर के बाहर हुई उस घटना के बारे में बात करती हैं जो वायरल वीडियो में शेयर की जा रही है और उन्होंने इस्लाम अपनाने का फैसला क्यों किया.

लड़कियों ने ज़िक्र किया कि जब उन्होंने अपने माता-पिता के साथ नहीं जाने का फैसला किया, तो उन्होंने उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की. हालांकि, उनके वकील आसिफ़ और कुछ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें (लड़कियों को) सुरक्षित वहां से बाहर निकाल लिया. उन्होंने ये भी बताया कि अब वो सुरक्षित हैं और इस बात का खुलासा नहीं करना चाहती कि वो कहां रहती हैं.

उन्होंने आगे बताया कि उन दोनों (दोनों लड़कियों) के बीच या किसी और के साथ कोई रोमांटिक सबंध नहीं था, अगर ऐसा होता तो वे अपने प्रेमियों के साथ शादी कर लेतीं या भाग जातीं. वे अपने इस्लाम धर्म अपनाने का कारण भी बताती हैं. उनका कहना है कि उन्होंने अपनी मर्जी से ऐसा किया है.

 

 

বিগত ২৯ শে অক্টোবর ২০২৩ কুমিল্লার চিফ জুডিশিয়াল ম্যাজিস্ট্রেট আদালত ভাবনের সামনে দুটি হিন্দু মেয়ে মুসলিম হওয়াকে কেন্দ্র করে একটি ঘটনা ঘটে। পরবর্তীতে উক্ত ঘটনার একটি ভিডিও ফুটেজ সামাজিক যোগাযোগ মাধ্যম ফেসবুকে ভাইরাল হয়, বিভিন্ন জন বিভিন্ন ধরনের মন্তব্য করেছেন। কেউ কেউ ঘটনা সম্পর্কে না জেনে বিরূপ প্রতিক্রিয়া দেখিয়েছেন। সেই প্রেক্ষিতে বিষয়টি স্পষ্ট হওয়া দরকার বিধায় ভিকটিম মেয়ে দুটি এবং উক্ত ঘটনায় সংশ্লিষ্ট আইনজীবী হিসেবে আমার বক্তব্য…..

বি: দ্র: সত্য ঘটনাটি জানতে পুরো ভিডিওটি না টেনে দেখুন, ধন্যবাদ।
#Cumilla #judgecourt #viralvideo #Muslims #MuslimUmmah #muslimcommunity #facebookvideo #Comilla #judiciary #কুমিল্লাআদালত

Posted by Adv M Hossen Asif on Wednesday, 1 November 2023

हमने ये भी नोटिस किया कि द क्विंट ने पिछले साल इस वीडियो का फ़ैक्ट-चेक किया था और पुलिस की जनरल डायरी (GD) एंट्री तक पहुंच बनाई थी. GD के अनुसार, दोनों महिलाएं 19 साल की थीं और कोमिला ज़िले से थीं. उन्होंने अपना घर छोड़ दिया था. पुलिस स्टेशन ले जाने के बाद, उन्होंने कहा कि उन्होंने इस्लाम धर्म अपना लिया है और घर जाने से इनकार कर दिया. नतीजतन पुलिस ने उन्हें कोर्ट की हिरासत में भेज दिया.

कुल मिलाकर, ये साफ है कि लड़कियों ने हिंदू धर्म से इस्लाम धर्म ज़रूर अपना लिया था, लेकिन ‘लव जिहाद’ के वायरल दावे झूठे हैं. साथ ही ये दावा भी झूठा है कि उन्होंने शादी करने की वजह से धर्म परिवर्तन किया.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.