सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल है जिसमें कचरे के ढेर के ऊपर एक होर्डिंग दिख रहा है. इस पर ‘आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक’ लिखा है. इसके नीचे छोटे अक्षरों में जगह का नाम ‘नीति विहार, किराड़ी, नई दिल्ली’ लिखा है. भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने ये तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, “ये है केजरीवाल जी के आम आदमी पार्टी शासित दिल्ली का मोहल्ला क्लीनिक” (ट्वीट का आर्काइव लिंक). भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने इसे कोट ट्वीट करते हुए ज़मीनी हकीकत बताया. (आर्काइव लिंक)

भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने ये तस्वीर ट्वीट करते हुए दावा किया कि ये दिल्ली में अरविंद केजरीवाल द्वारा खोले गए 1000 मोहल्ला क्लिनिक में से एक है. (आर्काइव लिंक)

भारतीय जनता युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष साईं प्रसाद समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओंसमर्थकों ने ये तस्वीर इसी दावे के साथ शेयर की.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने देखा कि भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह के ट्वीट के जवाब में आदिल आज़मी नाम के यूज़र ने वायरल तस्वीर वाले लोकेशन का एक वीडियो ट्वीट किया था. आदिल ने वायरल होर्डिंग से लेकर, बगल में थोड़ी ही दूरी पर स्थित मोहल्ला क्लीनिक तक का वीडियो शेयर किया गया था. यानी, ये होर्डिंग मोहल्ला क्लीनिक से थोड़ी दूरी लगा था. यूज़र ने लिखा कि मोहल्ला क्लिनिक अंदर है. और बोर्ड मेन रोड पर लगाया गया है जिससे लोगों को क्लिनिक के बारे में आसानी से पता चल सके. (आर्काइव लिंक)

हमने आदिल आज़मी से इस मुद्दे पर संपर्क किया. उन्होंने हमें बताया कि ये वीडियो उनके एक दोस्त ने रिकार्ड किया था. साथ ही उन्होंने हमें एक अपडेटेड वीडियो भी भेजा जिसमें वायरल तस्वीर में दिख रहे होर्डिंग को उसके स्थान से हटा दिया गया है.

आम आदमी पार्टी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक दूसरा वीडियो ट्वीट करते हुए किराड़ी के मोहल्ला क्लीनिक के होर्डिंग की तस्वीर के साथ वायरल दावे को फ़र्ज़ी बताया. साथ ही आम आदमी पार्टी ने वायरल तस्वीर में कचरे के ढ़ेर को भाजपा की असफलता बताते हुए कहा कि 15 साल से दिल्ली नगर निगम में भाजपा का शासन है लेकिन वे अबतक इस गंदगी को नहीं हटा पाए.

कुल मिलाकर, दिल्ली के नीति विहार में कचरे के ढेर के ऊपर लगे होर्डिंग को भाजपा सांसदों, नेताओं व समर्थकों ने असल मोहल्ला क्लीनिक बताकर शेयर किया. जबकि हकीकत में, मोहल्ला क्लीनिक उसके बगल में है. बोर्ड को मेन रोड पर लोगों की सुविधा के लिए लगाया गया था.

ग़लत
दावा:
किराड़ी में कचरे के ढेर पर है आम आदमी पार्टी का मोहल्ला क्लिनिक

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें