शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें दूल्हा शराब के नशे में धुत्त होकर दुल्हन की बजाय स्टेज पर खड़ी दूसरी लड़की को वरमाला पहना देता है. ऐसी हरकत के बाद वो लड़की गुस्से में दूल्हे को थप्पड़ मारती है. ये वीडियो शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब के नशे में धुत्त दूल्हे ने दुल्हन की बजाय उसकी बहन को वरमाला पहना दी.

एक यूज़र ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, “बिहार में शराब बैन है”. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

टाइम्स नाउ ने इस वीडियो के बारे में आर्टिकल में ऐसा ही दावा किया.

दैनिक जागरण ने भी इसी दावे के साथ आर्टिकल पब्लिश किया.

इंडिया टाइम्स ने भी इस वीडियो के बारे में आर्टिकल पब्लिश करते हुए ऐसा ही दावा किया.

इसके अलावा, और भी कई मीडिया संगठनों ने ये वीडियो इसी दावे के साथ चलाया है. इसमें एसियानेट न्यूज़ कन्नड़, फ़्री प्रेस जर्नलतेलगू स्टॉप, नेशनल दस्तक, आईडिवा हिन्दी और पाकिस्तानी न्यूज़ आउटलेट Geo TV शामिल हैं. सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी ये वीडियो शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

ये वीडियो देखने से ही समझ में आ जाता है कि ये स्क्रिप्टेड हो सकता है. ऑल्ट न्यूज़ ने यूट्यूब पर की-वर्ड्स सर्च किया. हमें ये वीडियो 17 मई 2022 को यूट्यूब चैनल मिथिला बाज़ार द्वारा अपलोड किया हुआ मिला. डिस्क्रिप्शन में लिखा है, “इस वीडियो के सभी पात्र एवं कथा कल्पनिक है जिसका उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ मनोरंजन मात्र है.”

साथ में इस वीडियो में मौजूद कलाकारों के नाम भी दिए हैं. इस चैनल की टाइमलाइन चेक करने पर हमने पाया कि ये अक्सर ऐसे वीडियोज़ मनोरंजन के लिए बनाते हैं. ऐसे ही एक और वीडियो में यही कलाकार दिख रहे हैं जिन्होंने वायरल वीडियो में एक्टिंग की हैं. ऑल्ट न्यूज़ ने गौर किया कि इनके कपड़े भी एक जैसे ही हैं और लोकेशन भी एक ही है. लेकिन इस वीडियो का स्क्रिप्ट अलग है. इसमें दुल्हन को जबरदस्ती मिठाई खिलाने की वजह से शादी टूटने की बात दिखाई गई है. यहां साफ हो जाता है कि वायरल वीडियो स्क्रिप्टेड है और इसे मनोरंजन के उदेश्य से बनाया गया था.

कुल मिलाकर, कई मीडिया आउटलेट्स और सोशल मीडिया यूज़र्स ने एक नाटकीय वीडियो असली घटना का बताकर चलाया.

असत्य
दावा:
शराब के नशे में धुत्त दूल्हे ने दुल्हन कि बहन को पहनाया वरमाला

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें