दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, ने गुजरात के 2 दिवसीय दौरे के दौरान अहमदाबाद में ऑटो-रिक्शा चालकों की एक सभा को संबोधित किया. वहीं एक ऑटो-रिक्शा चालक, विक्रमभाई दंतानी ने उन्हें अपने घर पर रात के खाने के लिए आमंत्रित किया

इसके बाद अरविंद केजरीवाल की विक्रमभाई दंतानी के परिवार के साथ बातचीत करते हुए एक तस्वीर शेयर की जाने लगी. यूज़र्स ये तस्वीर शेयर करते हुए बैकग्राउंड में दीवार पर टंगी पीएम नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर की ओर इशारा कर रहे हैं.

मुंबई शहर के भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष वसीम खान ने तस्वीर को इस कैप्शन के साथ ट्वीट किया, “केजरीवाल जी जिनके घर गए, वह लोग तो @narendramodi जी के दीवाने निकले केजरीवाल जी को मांमू बना दिया.” आर्टिकल लिखे जाने तक इस ट्वीट को 15 हज़ार बार लाइक्स और 2 हज़ार बार रीट्वीट किया जा चुका है. (आर्काइव्ड लिंक).

यूज़र ‘@narendramodi177‘ ने भी ये तस्वीर ट्वीट की. इस ट्वीट को आर्टिकल लिखे जाने तक 4 हज़ार से ज़्यादा बार लाइक किया जा चुका है. (आर्काइव्ड लिंक)

इस तस्वीर को फ़ेसबुक पर कई यूज़र्स ने पोस्ट किया है.

फ़ैक्ट-चेक

12 सितंबर, 2022 को अरविंद केजरीवाल ने ऑटो-रिक्शा चालक विक्रमभाई दंतानी के घर पर रात के खाने की कुछ तस्वीरें ट्वीट कीं. ट्वीट में वायरल तस्वीर भी शेयर की गई है. लेकिन वायरल तस्वीर से अलग अरविंद केजरीवाल द्वारा ट्वीट की गई तस्वीर में बैकग्राउंड में पीएम मोदी की तस्वीर नहीं है.

नीचे, ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल तस्वीर और अरविंद केजरीवाल द्वारा ट्वीट की गई दोनों तस्वीरों की तुलना की है.

कई मीडिया आउटलेट्स ने केजरीवाल की तस्वीर आर्टिकल में शेयर की है. इन तस्वीरों में से किसी भी तस्वीर में दीवार पर मोदी की तस्वीर नहीं दिख रही है. (लिंक 1, लिंक 2, लिंक 3, लिंक 4, लिंक 5)

इंडिया टुडे ने इस पूरी घटना को कवर किया है. इस वीडियो रिपोर्ट में 2 मिनट 35 सेकंड पर, केजरीवाल द्वारा शेयर की गई वही तस्वीर दिखती है. इसमें भी पीएम मोदी की तस्वीर नहीं दिख रही है.

कुल मिलाकर, यहां बिल्कुल साफ हो जाता है कि वायरल तस्वीर को एडिट कर बैकग्राउंड में पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर शामिल की गई. 

ग़लत
दावा:
अरविंद केजरीवाल का डिनर होस्ट करने वाले व्यक्ति के दीवार पर मोदी की तस्वीर

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें