“NDTV का आदमी निकला गुरुग्राम का बरकत अली, बरकत अली ने फर्जी आरोप लगाया था मेरी टोपी उछाल दी गयी, जय श्री राम बुलवाया गया, हिन्दुओ के खिलाफ बड़ी भयंकर साजिश। वो NDTV के पुराने टीवी शोज में देखा गया ये शख्स NDTV का ऑडियंस है नफरत फैलाने के मकसद से सेकुलरों और वामपंथियोंने मिलकर”। – इस संदेश को सोशल मीडिया में एक तस्वीर के साथ साझा किया गया है। इस तस्वीर में मोहम्मद बरकत को NDTV चैनल के एक शो के दौरान बैठे हुए देखा जा सकता है।

दरअसल मोहम्मद बरकत, जिनको 25 मई शनिवार की रात को गुरुग्राम में प्रताड़ित किया गया था, उनका कहना है कि उन्होंने सिर पर टोपी पहनी थी और वह मुस्लिम समुदाय से है, इस वजह से उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया था। इस घटना के बारे में कई मीडिया संगठनों ने लेख भी प्रकाशित किया है। पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज में देखा गया कि बरकत की किसी बात को लेकर एक व्यक्ति के साथ बहस हो गई थी। पुलिस ने आगे कहा कि “इस मामले को गलत दिशा में ले जाना उचित नहीं। यह केवल दो युवकों के बीच का मामला है।”

यह तस्वीर इसी सन्देश के साथ कई व्यक्तिगत सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने फेसबुक पर साझा की है।

NDTV का आदमी निकला गुरुग्राम का बरकत अली, हिन्दुओ के खिलाफ बड़ी भयंकर साजिश
बरकत अली ने फर्जी आरोप लगाया था की मेरी टोपी…

Posted by बेनाम यूनिवर्सिटी on Wednesday, May 29, 2019

इस तस्वीर को ट्विटर पर भी साझा किया गया है। इसके अलावा हिस्ट्री ऑफ़ इंडिया हैंडल ने इस तस्वीर को गौतम गंभीर, को टैग करते हुए इसी दावे के साथ ट्वीट किया है। गौतम गंभीर हाल ही में दिल्ली से लोकसभा सांसद बने हैं।

अरुण मेहरा नाम के एक यूज़र ने इस तस्वीर को शेयर किया था, जिसे अब तक 2.5 हज़ार लोग रीट्वीट कर चुके हैं।

ट्विटर पर आर्ची नामक एक महिला ने भी इस तस्वीर को इसी दावे के साथ साझा किया है। आर्ची को ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फॉलो करते हैं।

तथ्य जांच

सोशल मीडिया में हो रहे दावों के मुताबिक मोहम्मद बरकत को NDTV न्यूज़ चैनल के प्रोग्राम में अक्सर देखा गया है। जिस तस्वीर के आधार पर यह दावा किया जा रहा है, वह तस्वीर NDTV के 26 मई के शो से संबधित है, जो गुरुग्राम में शनिवार रात को हुई घटना पर आधारित था। बरकत को शो में बुलाने की वजह उससे गुरुग्राम की घटना के बारे में जानकारी प्राप्त करना था। आप NDTV के उस शो के वीडियो को नीचे देख सकते है।

उपरोक्त वीडियो में बरकत के बयान को 49:30 मिनट पर सुना जा सकता है, जिसमें वह अपने साथ हुई घटना के बारे में बता रहे हैं।

हालांकि इस तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा कि मोहम्मद बरकत को NDTVअपने शो में नियमित रूप से बुलाता रहा है, यह दावा गलत साबित होता है। क्योंकि जिस तस्वीर को सोशल मीडिया में साझा किया गया है, वह तस्वीर NDTV के 26 मई रविवार की रात के एक शो की है, जब की यह घटना 25 मई शनिवार को हुई थी। इस एक तस्वीर के मद्देनज़र यह दावा नहीं किया जा सकता कि बरकत NDTV के शो में नियमित रूप से आते रहते हैं।

ग़लत
दावा:
गुरुग्राम की घटना के पीड़ित मोह्हमद बरकत NDTV के कई शो में पहले से आते रहे है

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें