ख़बर के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन के कुछ हिस्सों पर हमला कर दिया. इस दौरान, एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है. तस्वीर में कुछ लोग बर्फ में घुटनों पर बैठकर प्रार्थना कर रहे हैं. ये तस्वीर यूक्रेन के हालिया तनावपूर्ण माहौल की बताई जा रही है. यूज़र्स दावा कर रहे हैं कि यूक्रेन के लोग कड़कड़ाती ठंड में बाहर बैठकर प्रार्थना कर रहे हैं.

‘Propel Women’ की फ़ाउन्डर क्रिस्टीन केन ने एक ट्वीट में लिखा कि ये तस्वीर उनकी दोस्त @SheilaWalsh ने ट्वीट की थी. तस्वीर में यूक्रेन में बसे ईसाई लोग ज़मीन पर घुटनों के बल बैठकर प्रार्थना कर रहे हैं. क्रिस्टीन ने लोगों से इस प्रार्थना में शामिल होने के लिए भी पूछा. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

क्रोएशिया की संसद सदस्य मारियाना पेटीर ने भी ये तस्वीर हाल की बताकर ट्वीट की. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

ये तस्वीर हिन्दी कैप्शन के साथ भी शेयर की गई है.

ट्विटर से लेकर फ़ेसबुक पर ये तस्वीर वायरल है.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

आसान से रिवर्स इमेज सर्च से ऑल्ट न्यूज़ को ये तस्वीर ‘इंटरनेशनल मिशन बोर्ड’ के 25 सितंबर 2019 के आर्टिकल में मिली. ये वेबसाइट ईसाई धर्म से जुड़ी स्टोरीज़ पब्लिश करती है. रिपोर्ट में ये तस्वीर यूक्रेन के खारकीव शहर की बताई गई है.

आर्टिकल के मुताबिक, मार्च 2014 में यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में रूस के अलगाववादियों ने हमला किया था. ऐसी स्थिति के चलते पादरियों ने प्रार्थना के लिए लोगों को बुलाया था. इसके एक हफ़्ते के अंदर ही वहां 100 से ज़्यादा लोग प्रार्थना के लिए पहुंचने लगे. 2014 के बाद से शुरू हुए इस प्रेयर ग्रुप को सैनिकों और पुलिसकर्मियों ने धमकियां भी दी. रिपोर्ट में आगे लिखा है कि अलगाववादियों ने नज़दीक के लुगांस्क और डोनेट्स्क शहर पर भी हमला किया था. ये आर्टिकल लिखने वाली लेखक निकोल लेह ने खार्कोव शहर के फ़्रीडम स्क्वेर में होनेवाली इन प्रेयर्स में हिस्सा लिया था. और अपना अनुभव बताते हुए उन्होंने ये आर्टिकल पब्लिश किया था.

साल 2014 में रूस ने यूक्रेन के क्रीमिया पर कब्ज़ा कर लिया था. इसके बाद से यूक्रेन की सेना और अलगाववादियों के बीच संघर्ष जारी रहा.

कुल मिलाकर, यूक्रेन में प्रार्थना कर रहे लोगों की पुरानी तस्वीर हाल के तनावपूर्ण स्थिति की बताकर शेयर की गई.

ग़लत
दावा:
यूक्रेन के लोग ज़मीन पर बैठकर प्रार्थना कर रहे हैं, देखें तस्वीर

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें