सोशल मीडिया पर कुछ टनल्स की तस्वीरें हालिया इज़राइल-फिलिस्तीन संघर्ष से जोड़कर शेयर की जा रही हैं. इन तस्वीरों को शेयर करते हुए बताया जा रहा है कि ये हमास के टनल सिस्टम का पर्दाफाश है जिसमें इज़राइल डिफेंस फोर्स के हवाले से बताया गया है कि गाज़ा की जमीन के 80 मीटर नीचे कुल 1300 सुरंगें हैं जो 500 किलोमीटर तक फैला है जिसका इस्तेमाल हमास के आतंकी अलग-अलग कामों को अंजाम देने के लिए करते हैं.

द राउंडटेबल शो से जुड़े मारियो नवफाल ने ये तस्वीरें शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया और टनल सिस्टम को आठ अलग-अलग लेवल बताया. (आर्काइव लिंक) मारियो ने पहले भी गलत जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी. उस वक़्त ऑल्ट न्यूज़ ने इस दावे का फ़ैक्ट-चेक किया था.

इज़राइली ऑथर और बिहोल्ड इज़राइल के फाउंडर आमिर सरफाती ने अपनी टेलीग्राम चैनल पर भी यही दावा शेयर किया जिसे 2 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. आमिर की टेलीग्राम चैनल पर 4.67 लाख से ज़्यादा फ़ॉलोवर्स हैं. (आर्काइव लिंक)

जेविश न्यूज़ आउटलेट VIN न्यूज़ ने भी एक आर्टिकल में ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने कोलाज के रूप में शेयर की गई इन तस्वीरों को क्रॉप कर बारी-बारी से रिवर्स इमेज सर्च किया. हमने पाया कि ये पुरानी तस्वीरें हैं और इसका हाल में इज़राइल-फिलिस्तीन के बीच चल रहे संघर्ष से कोई लेना-देना नहीं है. इन तस्वीरों पर हमने नंबर मार्क किया है जिससे यह आसानी से समझा जा सके कि शेयर की गई तस्वीरों में से कौन सी तस्वीर किस आर्टिकल का हिस्सा है और इनकी तारीख को हमने लाल घेरे में हाइलाइट किया है. हमने देखा कि इनमें से सबसे पुरानी तस्वीर साल 2011 की है और सबसे लेटेस्ट 2018 की तस्वीर है. यानी, ये तस्वीर हालिया इज़राइल-फिलिस्तीन संघर्ष से जुड़ी हुई नहीं है. आगे, इन तस्वीरों से जुड़े आर्टिकल्स की तारीक और उसके लिंक्स मौजूद हैं.

पहली तस्वीर (2018) – i24 News

दूसरी तस्वीर (2014) – The Jerusalem Post

तीसरी तस्वीर (2011) – The Jerusalem Post

चौथी तस्वीर (2015) – The Times of Israel

पाँचवी तस्वीर (2014) – The Times of Israel

छठी तस्वीर (2014) – Voice Of America

कुल मिलाकर, कई पुरानी तस्वीरों को हाल में इज़राइल-फिलिस्तीन के बीच चल रहे संघर्ष से जोड़कर शेयर किया गया.

ग़लत
दावा:
गाजा में हमास की सुरंगों का खुलासा

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें