इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) यूनिट को नुकसान पहुंचाते एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसे 2024 के आम चुनाव के प्रथम चरण से जोड़कर शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि लोग EVM से परेशान हैं और अपना गुस्सा प्रकट कर रहे हैं.

आदिवासी समाचार ने ये वीडियो 2024 आम चुनाव के प्रथम चरण की तारीख यानी 19 अप्रैल को बिना किसी संदर्भ के शेयर किया और कहा कि नरेंद्र मोदी से गुस्सा होकर व्यक्ति ने EVM के टुकड़े कर डाले.

पुखराज बिश्नोई नाम के यूज़र ने भी चुनाव के दिन इस वीडियो को बिना किसी संदर्भ के ट्वीट किया और इसे EVM पर निकाला गया गुस्सा बताया.

फ़ैक्ट-चेक

हमने वायरल वीडियो के एक फ्रेम को रिवर्स-इमेज सर्च किया तो हमें इससे जुड़ी ख़बर Star of Mysore अखबार की वेबसाइट पर 12 मई 2023 को पब्लिश्ड मिली. इस खबर के मुताबिक, कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान 10 मई 2023 को चामुंडेश्वरी विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर EVM को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया था. व्यक्ति की पहचान 48 वर्षीय शिवमूर्ति के रूप में हुई थी. उसने रजिस्टर पर हस्ताक्षर करंने के बाद अचानक से बैलेट कंट्रोल यूनिट को उठाकर फर्श पर पटक दिया और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और बाद में क्षतिग्रस्त बैलेट कंट्रोल यूनिट को बदल दिया गया और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से वापस शुरू कर की गई. विजयनगर पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि शिवमूर्ति मानसिक रूप से बीमार था और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था. द हिन्दू अखबार की वेबसाइट पर भी इस घाटना से जुड़ी खबर मौजूद है.

कुल मिलाकर, 2023 कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान एक व्यक्ति द्वारा EVM यूनिट को नुकसान पहुंचाने का वीडियो बिना संदर्भ के 2024 लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के दिन शेयर किया गया.

ग़लत
दावा:
2024 लोकसभा चुनाव के दौरान व्यक्ति ने EVM पर गुस्सा निकाला और उसे तोड़ दिया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें