पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी की पत्नी, एलिजाबेथ एंटनी द्वारा ‘INS विक्रांत’ की पूजा करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित है। यह दावा किया जा रहा है की श्रीमती एंटनी एयरक्राफ्ट पर ईसाई धर्म का चिन्ह “क्रॉस” बना रही है और ईसाई धर्म के अनुसार पूजा कर रही है। वीडियो के साथ साझा किये गए संदेश के मुताबिक –“पूर्व रक्षा मंत्री ए.के.एंथोनी की पत्नी एलिजाबेथ ने INS विक्रांत पर क्रॉस बनाया और इसके लॉन्च के दौरान इसकी बपतिस्मा के अनुसार पूजा की….किसी को कोई आपत्ति नहीं थी…हालेलुया!!!”-अनुवादित। इस ट्वीट को 7,600 से भी ज़्यादा बार रिट्वीट किया जा चूका है।

भारतीय लोक गायिका और पद्मश्री विजेता मालिनी अवस्थी ने समान दावे के साथ इस वीडियो को साझा किया था। इनकी पोस्ट को 2000 से अधिक रिट्वीट प्राप्त हुए हैं।

फेसबुक पेज इंडिया अगेंस्ट अर्बन नक्सलियों द्वारा पोस्ट किये गए इस वीडियो को 1,900 से ज्यादा बार शेयर किया गया है।

ट्विटर हैंडल @AMIT_GUJJU ने भी समान दावे के साथ इस वीडियो को साझा किया है। इस पोस्ट को 1,900 रिट्वीट प्राप्त हुए है।

तथ्य जांच

गूगल पर खोज करने से ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि एलिजाबेथ एंटनी ने 12 अगस्त, 2013 को कोच्चि में कोचीन शिपयार्ड में स्वदेश निर्मित एयरक्राफ्ट कैरियर ‘INS विक्रांत’ लॉन्च किया था। इसके अलावा, ट्विटर उपयोगकर्ता सनाकन वेणुगोपाल को एक वीडियो मिला, जिसमें पूर्व रक्षामंत्री की पत्नी को जहाज पर पूजा करते हुए देखा जा सकता है और जहाज को ‘बपतिस्मा’ (ईसाई रिवाज़ से पूजा करना) नहीं किया गया है जैसा कि सोशल मीडिया पर दावा किया गया है। वीडियो में 55 सेकंड पर, श्रीमती एंटनी को जहाज पर एक चिन्ह बनाते हुए देखा जा सकता है। उद्घाटन के दौरान किए गए अनुष्ठानों के दौरान, एक हिंदू पुजारी को लगातार श्रीमती एंटनी को निर्देश देते हुए देखा जा सकता है, इसलिए यह एक कैथोलिक समारोह नहीं हो सकता है।

13 अगस्त 2014 को प्रोकारला वेबसाइट द्वारा प्रकाशित एक लेख के अनुसार, श्रीमती एंटनी लॉन्च समारोह के हिस्से के रूप में IAC पर कुमकुम लगा रही थीं।

निष्कर्ष के तौर पर, पूर्व रक्षा मंत्री की पत्नी द्वारा एयरक्राफ्ट पर पूजा करने का पुराना वीडियो झूठे दावे के साथ साझा किया गया था कि वह जहाज को बपतिस्मा (ईसाई दीक्षा) दे रही थी और जहाज पर एक क्रॉस बना रही थी। इससे यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि वह जहाज पर ईसाई धर्म के अनुसार पूजा कर रही थी।

असत्य
दावा:
पूर्व रक्षा मंत्री ए.के.एंथोनी की पत्नी ने INS विक्रांत पर क्रॉस बनाकर पूजा की

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें