कोरोना वायरस के संक्रमण ने पूरी दुनिया में अपने पैर पसार लिए हैं. भारत समेत दुनिया के सभी प्रमुख देश इस वायरस के बढ़ते संक्रमण को लेकर चिंता में हैं. देश में अब तक कोरोना वायरस के कन्फ़र्म केसेज़ की संख्या 3,800 के पार पहुंच चुकी है. देश में इस आपदा के चलते 24 मार्च 2020 को 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की गई थी. इस महामारी के चलते डॉक्टरों के पास ज़रूरी सुविधाएं जैसे कि पीपीई, वेंटिलेटर की भारी कमी देखने को मिली. इस बीच सोशल मीडिया पर यूज़र्स मीडिया की भूमिका को भी कठघरे में खड़ा कर रहे हैं. ट्विटर पर ‘#टीवी_देखना_बंद_करो’ हैशटैग ट्रेंड हुआ.

इस सब के बीच में ‘ABP न्यूज़’ की एंकर रूबिका लियाक़त का एक वीडियो काफ़ी शेयर हो रहा है. वीडियो में लियाक़त को चैनल स्टूडियो में एक गाने पर डांस करते हुए देखा जा सकता है. इस वीडियो में काफ़ी भद्दा गाना सुनाई पड़ता है. ट्विटर यूज़र ज़ोया ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा -“कौन है ये?#टीवी_देखना_बंद_करो” ज़ोया के ट्विटर फॉलोवर्स की संख्या 32 हज़ार के पार है. इस वीडियो को आर्टिकल लिखे जाने तक 69 हज़ार बार देखा जा चुका है. इसे 2,400 बार रीट्वीट किया गया है. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

एक फ़ेसबुक यूज़र ने यही वीडियो पोस्ट किया है. (पोस्ट का आर्काइव लिंक)

मुजरेवाली है यह मीडिया मुजरा करती है😂😂😂😂
मुजरे वाली भी अपने profession के ऐसा नहीं करती ये कोन सी मिट्टी की बनी है।

#टीवी_देखना_बंद_करो

Posted by Shahrukh Pardhan on Saturday, 4 April 2020

अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करके ये वीडियो और भी कई यूज़र्स ने ट्विटर और फ़ेसबुक पर शेयर किया है.

फ़ैक्ट-चेक

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो की सच्चाई आखिर क्या है ये हम अपने इस आर्टिकल में देखेंगे. इतना तो तय था कि ओरिजिनल वीडियो में ये गाना नहीं ही होगा. मगर इसके ओरिजिनल वीडियो को देखते हुए लगा कि शायद इसे रुबिका लियाकत ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया हो. इसी के आधार पर हमने रूबिका लियाकत के सोशल मीडिया को खंगालना शुरू किया. रूबिका लियाक़त के ट्विटर हैन्डल और टाइम फ़्रेम को ध्यान में रखते हुए सर्च किया. जब हमने इसे 2018 से 2019 के टाइम फ़्रेम के बीच ढूंढा तो हमें ये वीडियो 7 नवंबर 2018 को अपलोड किया हुआ मिला. ट्विटर पर अलग-अलग टाइम फ़्रेम के साथ सर्च किया. लियाकत ने ये वीडियो शेयर करते हुए इसे दीवाली जश्न का बताया है.

लियाकत के ऑफ़िशियल हैन्डल से ट्वीट किये गए वीडियो में “उसने बनाई सबके लिए हैप्पी दिवाली…सारे सितारे उसके लिए हैप्पी दिवाली” गाना सुनाई दे रहा है. इस तरह सोशल मीडिया में शेयर हो रहे वीडियो को एडिट कर उसमें एक भद्दा गाना डाला गया है और एक महिला पत्रकार का अपमान किया गया.

इससे ये बात साफ़ हो जाती है कि 2018 के दिवाली उत्सव का वीडियो एडिट कर उसमें एक भद्दा गाना शामिल कर शेयर किया जा रहा है. इस तरह एक महिला पत्रकार के खिलाफ़ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर उनके साथ-साथ मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाया जा रहा है.

असत्य
दावा:
चेनल स्टूडियो में एंकर रुबिक लियाकत का डांस वीडियो हालिया घटना

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें