सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावों के साथ एक वीडियो शेयर किया जा रहा है. इन दावों के मुताबिक, हाल ही में पटना में RRB-NTPC के छात्रों का हिंसक प्रदर्शन पटना में खान जीएस रिसर्च सेंटर चलाने वाले खान सर के इशारे पर किया गया था.

वीडियो में खान सर कहते हैं, “शुक्र मनाइए सरकार कि अभी कोरोना है, तो लड़के सड़क पर नहीं उतरे हैं, वरना अगर ऐसा ही हाल रहा न, तो हम गारंटी देते हैं कि लड़के सड़क पर उतर जायेंगें. और नहीं उतरे न तो हमलोग उतार देंगे.. यहां पे हम कसम खाते हैं भारत मां की अगर नहीं सुधरा न तो लड़कों को उतार दिया जाएगा सड़क पर, फिर दिल्ली में ज़गह नहीं बचेगी लड़कों को बैठाने के लिए …”

हाल ही में RRB-NTPC के विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप लिया था. इसके बाद खान सर, 16 छात्र और कुछ अनजान व्यक्तियों के खिलाफ़ कथित तौर पर भीड़ को उकसाने के लिए FIR दर्ज की गई थी.

2020 का वीडियो

यूट्यूब पर की-वर्ड्स सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ को ‘खान जीएस रिसर्च सेंटर’ चैनल पर 31 अगस्त 2020 को अपलोड किया गया ये वीडियो मिला. इस वीडियो में वायरल क्लिप वाला हिस्सा 13 मिनट के बाद से शुरू होता है. वीडियो में खान सर खाली पदों के लिए परीक्षा आयोजित न कर पाने की वज़ह से एसएससी-रेलवे की आलोचना कर रहे हैं.

एसएससी के खिलाफ़ छात्रों के अभियान को रवीश कुमार ने 1 सितंबर, 2020 को अपने कार्यक्रम प्राइम टाइम पर दिखाया था.

इस तरह, परीक्षा आयोजित न कर पाने की वज़ह से एसएससी-रेलवे की आलोचना कर रहे खान सर का पुराना वीडियो हाल का बताते हुए ग़लत दावे के साथ शेयर किया गया कि उन्होंने RRB-NTPC उम्मीदवारों को हिंसा के लिए उकसाया.

ग़लत
दावा:
खान सर ने RRB-NTPC उम्मीदवारों को हिंसा के लिए उकसाया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें