एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ज़मीन पर पड़ी राख को माथे पर लगा रहे हैं. इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में घटित उमेशपाल हत्याकांड में शहीद हुए पुलिस कांस्टेबल की चिता की राख को माथे पर लगाया.

इंडिया टीवी के वरिष्ट पत्रकार जयप्रकाश सिंह ने वीडियो ट्वीट करते हुए दावा किया कि योगी आदित्यनाथ उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड में शहीद हुए पुलिस कांस्टेबल की राख को सर माथे पर लगाया. (आर्काइव लिंक)

जन की बात की एडिटर पूजा कुशवाहा ने भी ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

ठाकुर अंकित सिंह नाम के यूज़र ने भी ये वीडियो ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

ये वीडियो सोशल मीडिया पर कई वेरिफ़ाइड हैन्डल्स ने इसी दावे के साथ शेयर किया है.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल वीडियो से जुड़े की-वर्ड्स ट्विटर पर सर्च करने पर हमें टाइम्स ग्रुप के पत्रकार समीर दीक्षित का 22 मार्च 2022 का ट्वीट मिला. इसमें उन्होंने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा था कि योगी आदित्यनाथ ने होलिका दहन के बाद राख को माथे पर लगाया. यानी कि ये वीडियो कम से कम एक साल पुराना है. इसे हाल में हुए उमेशपाल हत्याकांड में शहीद हुए पुलिस कांस्टेबल से जोड़कर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.

ऑल्ट न्यूज़ को इस वीडियो के बारे में और जानकारी नहीं मिली. बहरहाल इतना तो तय है कि ये वीडियो हाल में हुए उमेशपाल हत्याकांड से संबंधित नहीं है.

कुल मिलाकर, होलिका दहन के बाद होली की राख को माथे पर लगाते हुए उत्तर-प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीडियो हाल में हुए उमेशपाल हत्याकांड से जोड़कर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया.

ग़लत
दावा:
योगी आदित्यनाथ ने उमेशपाल हत्याकांड में शहीद पुलिस कांस्टेबल की चिता के राख को माथे पर लगाया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें