14 जनवरी 2024 से कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हुई. राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ये यात्रा पिछले काफी वक़्त से सुर्खियों में है. वहीं सोशल मीडिया पर भी राहुल गांधी से जोड़कर कई तरह के दावे किये जा रहे हैं. ऐसा ही 17 सेकंड का एक वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है. इसमें राहुल गांधी कहते हैं: “एक तरफ बीजेपी के लोग सबको एक साथ लाने की कोशिश कर रही है और दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी एक धर्म दूसरे धर्म से बांट रहे हैं, एक जात को को दूसरी जात से बांट रहे हैं, एक प्रदेश को दूसरे प्रदेश से बांट रहे हैं.”

वेरिफ़ाइड ट्विटर अकाउंट ‘हेमंत बिस्वा सरमा पैरोडी’ ने ये क्लिप ट्वीट की और लिखा कि “राहुल गाँधी जी हमारा स्टार प्रचारक है और ये अकेला बीजेपी को जिताने के लिए काफी है”. ये फ़ैक्ट-चेक रिपोर्ट लिखे जाने तक इस ट्वीट को 3,200 बार रीट्वीट किया जा चुका है. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

और भी कुछ यूज़र्स ने ये वीडियो राहुल गांधी का मज़ाक उड़ाते हुए ट्वीट किया है.

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो ध्यान से देखने पर ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि इसमें 3 जगह पर कट है. पहला कट 4 सेकंड पर, दूसरा 6 सेकंड पर और तीसरा 9 सेकंड पर. यहां हमें संदेह हुआ कि ये वायरल वीडियो एडिटेड है. और इसे अलग-अलग क्लिप्स को साथ में जोड़कर बनाया गया है.

आगे, हमने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के संदर्भ में सर्च किया तो हमें वायरल स्पीच वाला हिस्सा 2 मार्च 2024 के एक ट्वीट में मिला. मध्य प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी के इस भाषण का वीडियो ट्वीट किया था. इस क्लिप में 2 मिनट 1 सेकंड पर वायरल वीडियो वाला हिस्सा प्ले होता है जिसमें राहुल गांधी कहते हैं: “एक तरफ बीजेपी के लोग एक धर्म को दूसरे धर्म से बांट रहे हैं, एक जात को दूसरी जात से बांट रहे हैं, एक प्रदेश दूसरे प्रदेश से बांट रहे हैं, और दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी सबको एक साथ लाने की कोशिश कर रही हैं…और यात्रा से एक लाइन में कांग्रेस पार्टी की पूरी की पूरी विचारधारा एक लाइन में आ गई, नफरत के बाज़ार मोहब्बत की दुकान खोल दी है कांग्रेस पार्टी ने”.

ऑल्ट न्यूज़ ने इस भाषण के वीडियोज़ के बारे में राहुल गांधी की यूट्यूब चैनल खंगाली. राहुल गांधी का ये भाषण 2 मार्च 2024 को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था. कैप्शन के अनुसार, ये भाषण उन्होंने मध्य प्रदेश के मोरेना में दी थी जब उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा राजस्थान से मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रही थी. उनके भाषण का वायरल हिस्सा इस यूट्यूब वीडियो में 20 मिनट 29 सेकंड के बाद से शुरू होता है.

यानी, कांग्रेस को धर्म, जाति और प्रदेश के हिसाब से लोगों को बांटने का आरोप लगा रहे राहुल गांधी का वीडियो एडिटेड है. असली स्पीच में वो भाजपा पर लोगों को बांटने और कांग्रेस को लोगों को साथ में लाने की बात कह रहे थे. इससे पहले भी राहुल गांधी के एडिट किये गए वीडियोज़ सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं.

ग़लत
दावा:
कांग्रेस को धर्म, जाती और प्रदेश के हिसाब से लोगों को बांटने का आरोप लगा रहे राहुल गांधी

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें