सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें एक व्यक्ति को पुलिसकर्मियों द्वारा पकड़ के ले जाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के साथ जो संदेश है उसमें दावा किया गया है कि जनवरी में जम्मू, कथुआ में 8 साल की लड़की के बलात्कार और हत्या के आरोपियों में से एक मोहम्मद इलियास नाम के इस शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

जैसा कि ऊपर पोस्ट किए गए वीडियो में देखा जा सकता है, उस व्यक्ति को पुलिसकर्मियों द्वारा पकड़ कर ले जाया जा रहा है। उसी समय उसके चेहरे पर वहां के लोगों ने कालिख पोत दी और उसे एक औरत थप्पड़ भी मारती है। दावा है कि यह कथुआ के भयानक बलात्कार और हत्या मामले में आरोपी में से एक है। सोशल मीडिया के हर प्लेटफार्म पर यह वीडियो वायरल है।

सच क्या है?

ऑल्ट न्यूज़ ने इस दावे की तथ्य-जाँच की तो पाया कि यह कठुआ रेप और हत्या मामले से सम्बंधित वीडियो नहीं है। नीचे पोस्ट किया गया वीडियो 05 अप्रैल, 2018 को न्यूज नेशन ने अपलोड किया था जिसमे यह बताया गया कि यह घटना उत्तर प्रदेश में हुई थी जहां 13 वर्षीय लड़की से बलात्कार करने वाले आरोपी को पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में पीटा गया था।

दिलचस्प बात यह है कि 20 अप्रैल, 2018 के दैनिक भास्कर के एक लेख ने इस घटना के ‘संघ शासित प्रदेश’ चंडीगढ़ में होने के बारे में बताया। इस खबर का स्क्रीनशॉट नीचे तस्वीर में देखा जा सकता है।

अब जब हमें इस वीडियो के बारे में दो अलग-अलग जगहों की रिपोर्ट मिली तो हमने यह जानने के लिए आगे जाँच की कि असल में यह वीडियो कहाँ से है। वीडियो क्लिप में दिख रहे कुछ दृश्यों से हमने पाया कि वीडियो शायद मध्य प्रदेश से है। यह अनुमान दो संकेतों के माध्यम से लगाया जा सकता है- पुलिसकर्मी की वर्दी पर लगे राज्य की पहचान और पुलिस गाड़ी की नंबर प्लेट से। जैसा कि नीचे की तस्वीर में देखा जा सकता है, ‘एमपी पुलिस’ का प्रतीक चिन्ह (म.प्र.पु) पुलिसकर्मी के कंधे पर दिखाई देता है। गाड़ी की नंबर प्लेट पर MP 02 3431 है।

हमने इस वीडियो में कुछ साइनबोर्ड भी देखे। उनमें से एक ‘आरशी केंद्र हनुमानगढ़ या (हनुमानगंज) की तरह दिख रहा है। वीडियो में देखा गया एक और साइनबोर्ड जो ‘फानी ट्रेडिंग कंपनी’ की तरह दिख रहा है।

हालांकि, उपर्युक्त जानकारी इस वीडियो के सटीक समय और जगह का पता करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। हमने फेसबुक पर वीडियो के धीमे संस्करण को पोस्ट किया और वीडियो के संबंध में लोगों से जानकारी मांगी। फेसबुक पर कुछ यूजर्स ने बताया कि यह घटना भोपाल के हनुमानगंज क्षेत्र से है।

इन सुरागों के आधार पर, हमने भोपाल के हनुमानगंज थाना से जानकारी लेने का प्रयास किया। आल्ट न्यूज ने सुदेश तिवारी से बात की जो हनुमानगंज पुलिस स्टेशन, भोपाल के थाना प्रभारी हैं। उन्होंने यह स्पस्ट किया कि “यह विडियो हमारे यहाँ का है। इसे कोर्ट में पेश करने ले जा रहे थे तभी रास्ते में पब्लिक ने, महिलाओं ने मुंह काला करके अपना आक्रोश व्यक्त किया। इसने 13 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था तो पब्लिक ने इसको सबक सिखाया।”

बाद में हमने पाया कि इस घटना को www.eenaduindia.com ने 5 अप्रैल, 2018 को रिपोर्ट किया था। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश, इटावा का रहने वाला है।

यह वीडियो फेसबुक पर बड़े पैमाने पर शेयर किया जा रहा है जहां इसे कई लोकप्रिय पेजों ने अपलोड किया है। कुछ पर्सनल हैंडल से भी कुछ यूजर्स ने इस वीडियो को एक जैसे शब्द विवरण के साथ शेयर किया है जिससे पता चलता है कि यह व्हाट्सएप पर भी फ़ैल रहा है। इस वीडियो को एक फेसबुक ग्रुप ‘अगर आप राजपूत है तो join कीजिये ये ग्रुप, देखते हैं FB पर कितने राजपूत है’ में भी पोस्ट किया गया है जिसे 20000 से अधिक बार शेयर किया जा चूका है। इस ग्रुप में सदस्यों की संख्या 16 लाख से भी अधिक है। गोबिंदा दास नामक एक व्यक्ति ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है और उसके पोस्ट को 19000 से अधिक बार शेयर किया जा चूका है।

कथुआ बलात्कार और हत्या के मामले में लोगों का क्रोध दिखने के बाद, सोशल मीडिया पर इस घटना के बारे में कई नकली ख़बरें फैलाई जा रही है। इस उदाहरण में हमने देखा कि, मध्य प्रदेश के एक वीडियो को कथुआ बलात्कार के आरोपी के रूप में फैलाया गया। इस वीडियो को हजारों बार शेयर किया गया है और अभी भी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर फैल रहा है।

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.