9 दिसंबर, 2022 को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प में दोनों देशों के सैनिकों को चोटें आई और कई सैनिक घायल हो गए. इस घटना की ख़बर आने के बाद सैनिकों के झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि ये हाल में तवांग सेक्टर हुए झड़प का वीडियो है.

कपिल कुमार नाम के एक यूज़र ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

एक अन्य यूज़र ने इसे भारतीय और चाइनीज़ सैनिकों के बीच हुई झड़प का वीडियो बताया. (आर्काइव लिंक)

ट्विटर यूज़र संघ आस्था ने भी वीडियो ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

हमने वायरल वीडियो के एक फ़्रेम को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ये वीडियो यूट्यूब पर 31 मई 2020 को अपलोड मिला. इस वीडियो के टाइटल में इसे लद्दाख के पैंगोंग लेक में भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प का का दृश्य बताया गया है.

इंडिया टुडे के पत्रकार शिव अरूर ने 17 जून 2020 को ये वीडियो ट्वीट किया था. उन्होंने इसे मई, 2020 के अंत का वीडियो बताया था.

ज्ञात हो कि 15 जून 2020 को लद्दाख़ की गलवान वैली में भारत और चीन के बीच हुई झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे. इसके बाद ये वीडियो जून, 2020 में हुई झड़प का बताकर शेयर किया जा रहा था. ऑल्ट न्यूज़ ने उस वक्त इसका फ़ैक्ट-चेक किया था.

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने भारत और चीन के सैनिकों के बीच मई, 2020 में हुई झड़प का वीडियो 2022 में अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में हुई झड़प का बताकर शेयर किया.

ग़लत
दावा:
अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारतीय और चीनी फौज के बीच झड़प का वीडियो

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें