आम आदमी पार्टी के बिलबोर्ड की एक तस्वीर भाजपा नेताओं और सदस्यों ने सोशल मीडिया पर शेयर की है. बिलबोर्ड में कथित तौर पर लिखा है, “बधाई हो दिल्ली कीर्तिनगर इंडस्ट्रियल एरिया में दस नए डस्टबिन की व्यवस्था.” नीचे भाजपा के दिल्ली सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा का एक ट्वीट है.

कथित विज्ञापन को भाजपा प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी और तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भी शेयर किया. उनके ट्वीट को कपिल मिश्रा और रविंदर गुप्ता ने कोट-ट्वीट किया. भाजपा प्रवक्ता नवीन कुमार जिंदल ने भी इसे शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

ये तस्वीर फ़ेसबुक पर काफ़ी वायरल है.

फ़ैक्ट-चेक

बिलबोर्ड को करीब से देखने पर कुछ ऐसे निशान दिखते हैं जिससे साबित होता है कि तस्वीर को डिजिटली बदला गया है. उदाहरण के तौर पर, बाईं ओर नीले रंग के दो अलग-अलग शेड देखे जा सकते हैं. ऊपर इस्तेमाल किया गया नीला रंग नीचे वाले से गहरा है. ये बताता है कि असली बिलबोर्ड पर जो छपा था उसे छिपाने के लिए इस रंग का इस्तेमाल किया गया है. एडिट करने वाले व्यक्ति ने कोशिश बहुत की लेकिन लेकिन फिर भी सटीक मेल नहीं हो पाया.

नीचे दी गयी तस्वीर में दो बातें ध्यान देने योग्य हैं:
1) रिफ्लेक्शन कभी अचानक नहीं रुकता बल्कि हमेशा धीरे-धीरे फीका पड़ता है. ‘हो’ शब्द और उससे आगे शब्द के ठीक ऊपर रोशनी का कोई रिफ्लेक्शन नहीं दिखता है.
2) इसके अलावा, रोशनी का रिफ्लेक्शन छपाई के ऊपर आना चाहिए. लेकिन यहां रिफ्लेक्शन के ऊपर मात्रा दिख रही है जो बताता है कि तस्वीर को एडिट किया गया है.

अंत में, बाईं ओर ओरिजिनल टेक्स्ट का कुछ हिस्सा अभी भी बाकी है.

विज्ञापनों पर खर्च के लिए आम आदमी पार्टी की भाजपा सदस्यों, समर्थकों समेत अन्य विपक्षी दलों से जुड़े लोगों द्वारा लगातार आलोचना की जाती रही है. ऑप इंडिया ने कई अखबारों में प्रकाशित COVID-19 परिवार वित्तीय सहायता योजना के लिए AAP के विज्ञापन पर एक आर्टिकल लिखा था.

अंग्रेज़ी, हिंदी और गुजराती में इस विज्ञापन का डिजाइन वायरल तस्वीर के समान है. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की तस्वीर भी कुछ ऐसी ही है.

This slideshow requires JavaScript.

होर्डिंग पर विज्ञापन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर मौजूद हैं और डिजाइन उन जगहों पर अलग दिखता है जहां टेक्स्ट बदला गया है.

देखने से ये बिलबोर्ड किसी मेट्रो स्टेशन या रेलवे स्टेशन पर लगा हुआ लगता है. आम आदमी पार्टी ने दूसरी जगहों पर भी कोविड वित्तीय सहायता योजना के विज्ञापन लगाए हैं.

6 जुलाई को अरविन्द केजरीवाल ने इस योजना और उन परिवारों के लिए इसके लाभों पर चर्चा की थी जिन्होंने COVID से अपने सदस्यों को खो दिया था.

आम आदमी पार्टी के विज्ञापन वाले एक बिलबोर्ड को एडिट करके ये दिखाया गया कि पार्टी दिल्ली के लोगों को 10 कूड़ेदान लगाने के लिए बधाई दे रही है. इससे पहले, एक और होर्डिंग की एडिट की हुई तस्वीर शेयर की गयी थी ताकि आम आदमी पार्टी को स्पीड ब्रेकर के निर्माण का बधाई देते हुए दिखाया जा सके.

ग़लत
दावा:
आम आदमी पार्टी ने 10 कूड़ेदान निर्माण पर लोगों को बधाई दिए जाने के बिलबोर्ड लगाए

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें