संसद के मानसून सत्र में विपक्ष द्वारा सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में बहस के दूसरे दिन राहुल गांधी ने भाषण दिया. इसके तुरंत बाद 9 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा जिसमें राहुल गांधी कह रहे हैं, “भाइयों और बहनों, लंका को हनुमान ने नहीं जलाया था.” भाजपा नेता और समर्थक इसे शेयर करते हुए कह रहे हैं कि राहुल गांधी ने गलत रामायण पढ़ लिया है.

भाजपा नेता बिपिन बिहारी सिंह ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि यह कौन सी रामायण पढ़ कर आया है? (आर्काइव लिंक)

भाजपा नेता विक्रम मित्तल ने भी 9 सेकंड का ये वीडियो ट्वीट किया और राहुल गांधी के ज्ञान पर तंज कसा. (आर्काइव लिंक)

अक्सर फ़र्ज़ी जानकारी फैलाते हुए पाए जाने वाले Mr Sinha और BALA नाम के हैंडल्स ने भी वीडियो शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

हमने लोक सभा में राहुल गांधी का भाषण सुना और पाया कि हनुमान द्वारा लंका दहन के वक्तव्य को बिना किसी संदर्भ के काटकर चलाया जा रहा है. असल में राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा था, “रावण दो लोगों की सुनता था, मेघनाद और कुंभकरण. वैसे ही नरेंद्र मोदी दो लोगों की सुनते हैं, अमित शाह और अडानी. लंका को हनुमान ने नहीं जलाया था, लंका को रावण के अहंकार ने जलाया था. राम ने रावण को नहीं मारा था, रावण के अहंकार ने रावण को मारा था.” कांग्रेस के यूट्यूब चैनल से राहुल गांधी के भाषण का वो हिस्सा शेयर किया गया है.

संसद टीवी पर मौजूद राहुल गांधी के भाषण वाले वीडियो में ये हिस्सा 35 मिनट 49 सेकेंड पर आता है.

कुल मिलाकर, कई भाजपा समर्थक और राइट विंग से जुड़े अकाउंट्स ने राहुल गांधी द्वारा संसद में दिए गए भाषण का हिस्सा काटकर उसे बिना संदर्भ के शेयर करते हुए झूठा दावा किया कि उन्हें रामायण के बारे में नहीं पता है

ग़लत
दावा:
राहुल गांधी ने कहा लंका को हनुमान ने नहीं जलाया था.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें