जब दिल्ली और मुंबई की सड़कों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे थे, उसी दौरान सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए जिनमें युवतियों को सड़कों पर डांस करते हुए दिखाया गया.
लगभग 1 मिनट के एक वीडियो में कुछ लड़कियां बॉलीवुड गाना ‘कैरेक्टर ढीला है’ पर डांस करते हुए दिख रही हैं. ये वीडियो 3 अक्टूबर को यूज़र @priyanshu__63 ने X पर पोस्ट किया था. इसमें दावा किया गया कि ये डांस परफॉर्मेंस मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP के विरोध प्रदर्शन का हिस्सा था. इस वीडियो को अब तक 2 लाख से ज़्यादा बार देखा गया है और 3,700 बार शेयर किया गया है. (आर्काइव)
फिल्मों की नगरी में आंदोलन हो और बाॅलीवुड का तड़का न लगे, ऐसा कैसे हो सकता है 👇🏻
यह वीडियो आज मुंबई के शिवाजी पार्क पर हुए CJP के आंदोलन के दौरान का है जहां कुछ युवाओं ने “करैक्टर ढीला है” गाने पर डांस करके समां बांध दिया 🔥 https://t.co/bIp1096PZ0
— Priyanshu Kumar (@priyanshu__63) October 2, 2026
यही क्लिप @AjeetPataudi, @RajuValmikiN, Maharashtra Bandhu News, @ShampaDey13, @TrendFlash1 जैसे X हैंडल्स और अन्य लोगों ने भी इसी तरह के दावों के साथ पोस्ट की. इन सभी पोस्ट में डांस परफॉर्मेंस को CJP विरोध-प्रदर्शनों से जोड़ा गया और कुछ लोगों ने महिला डांसर्स के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया.
दूसरा वीडियो, जिसमें काले कपड़े पहने युवा महिला सड़क पर ‘बनठन चली बोलो’ गाने पर डांस कर रहीं हैं, उसे 5 अक्टूबर को @janardanmis नामक यूज़र ने X पर पोस्ट किया था. इसे भी इसी दावे के साथ पोस्ट किया गया था कि ये ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग वाले हालिया विरोध-प्रदर्शनों में से एक का विजुअल है. इस पोस्ट को लगभग 4 लाख बार देखा गया और 1,800 बार शेयर किया गया.
मिश्रा ने लिखा, “इस मुजरे को देखकर ऐसा लगता है कि वे ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि ज्ञानेश कुमार के सम्मान में मुजरा कर रहे हैं.” (आर्काइव)
इस मुजरे को देखकर तो लगता है कि ये ज्ञानेश कुमार का स्तीफा नहीं मांग रहे हैं बल्कि ज्ञानेश कुमार के सम्मान में में मुजरा कर रहे हैं https://t.co/csWqyIn2T5
— Janardan Mishra (@janardanmis) October 5, 2026
इस वीडियो को X यूज़र्स @RubiSonkar_, @RajuValmikiN, Sainidan Ratnu, @HiNdU05019434, @ivishalkaushik, और अन्य लोगों ने आगे बढ़ाया. इन सभी ने कहा कि डांसर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की मांग कर रहे थे. इनमें से कुछ लोगों ने अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया.
फ़ैक्ट-चेक
पहला वीडियो
सच्चाई जानने के लिए, हमने पहले वीडियो से कई की-फ़्रेम लिए. एक की-फ़्रेम का रिवर्स इमेज सर्च से हमें ‘Dev Ki Duniya [IIT Delhi]’ पेज पर पोस्ट किया गया एक यूट्यूब वीडियो मिला. इसका टाइटल है ‘Insane Girl vs Boy Dance Face-Off At Rendezvous!’ इस वीडियो में वही ग्रुप, वही कपड़े में डांस करते दिख रहे हैं जो ऊपर बताए गए वायरल क्लिप में थे.
वीडियो के डिस्क्रिप्शन से पता चलता है कि ये क्लिप IIT दिल्ली के कल्चरल फ़ेस्ट ‘Rendezvous’ में हुए स्ट्रीट डांस बैटल का है. इसमें लिखा है, “Rendezvous (IIT दिल्ली) में बॉय बनाम गर्ल स्ट्रीट डांस बैटल ज़बरदस्त था! इन डांसर्स को ज़बरदस्त म्यूज़िक सेंस, ज़बरदस्त बीट ड्रॉप्स और दमदार एनर्जी के साथ आमने-सामने मुकाबला करते हुए देखें. रेंडेवस फ़ेस्टिवल की भीड़ पूरी तरह से जोश में आ गई थी! ये राउंड किसने जीता? टीम बॉय या टीम गर्ल? नीचे अपना वोट दें!” इसमें जगह का नाम “रेड स्क्वायर, IIT दिल्ली कैंपस” और इवेंट का नाम “Rendezvous स्ट्रीट डांस फ़ेस-ऑफ़ (बॉय बनाम गर्ल)” बताया गया है.
आगे की खोजबीन में हमें इसी डांस बैटल का एक और वर्जन मिला, जिसे यूज़र @avika_re12 ने 1 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. इसके साथ कैप्शन था: “हिप हॉप बैटल पार्ट 1.”
View this post on Instagram
IIT दिल्ली के डांस बैटल का वीडियो इंस्टाग्राम पेज ‘indianbestdancer’ ने भी पोस्ट किया था.
दूसरा वीडियो
इसी तरह, दूसरे वीडियो के कुछ की-फ्रेम्स का रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें 25 मार्च को इंस्टाग्राम पेज ‘india_best_dancerss’ पर पोस्ट की गई एक इंस्टाग्राम रील मिली. इसमें वही लड़कियां, वही कपड़े पहने हुए और उसी गाने पर डांस करती दिख रही हैं, जैसा वायरल क्लिप में था. वीडियो के कैप्शन से पता चलता है कि ये चंडीगढ़ की एक यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स की डांस परफॉर्मेंस का वीडियो है.
View this post on Instagram
और गहराई से छानबीन करने पर हमें ‘चंडीगढ़्स यूथ मीडिया प्लेटफ़ॉर्म’ (@sd_flashzoom) अकाउंट से 7 मार्च को पोस्ट की गई एक और पुरानी इंस्टाग्राम रील मिली. इस पोस्ट की लोकेशन चंडीगढ़ के गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज के तौर पर टैग की गई है.
View this post on Instagram
कुल मिलाकर, दोनों वीडियोज़ अलग-अलग कॉलेजों के डांस परफॉर्मेंस के हैं; पहला वीडियो अक्टूबर के पहले हफ़्ते में IIT दिल्ली में हुए परफॉर्मेंस का है और दूसरा चंडीगढ़ के एक कॉलेज के प्रोग्राम का है, जिसे मार्च में शेयर किया गया था. इन दोनों वीडियोज़ का SIR और वोट चोरी के ख़िलाफ़ CJP के नेतृत्व में हो रहे विरोध-प्रदर्शनों से कोई लेना-देना नहीं है. यानी, सोशल मीडिया यूज़र्स जो दावे कर रहे हैं, वे ग़लत हैं.





