कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने अपने ट्विटर टाइमलाइन पर एक वीडियो क्लिप पोस्ट की है, जिसमें भाजपा नेता कलराज मिश्र को निशाना बनाया गया है। 22 सेकंड लंबी इस क्लिप में कलराज मिश्र बोल रहे हैं। इस क्लिप के साथ सुरजेवाला द्वारा शेयर किया गया संदेश इस प्रकार है –

“भाजपा की हिंसक मानसिकता का ताज़ा नमूना- कलराज मिश्र जी ने फरीदाबाद सांसद के विरोध में नारे लगाने वालों को धमकी भरे लहजे में कहा- “अगर यह उनका प्रदेश होता तो इस तरह गड़बड़ करने वालों को वह स्टेज से उतरकर गोली मार देते” क्या ये है भाजपा का संदेश- सवाल पूछो तो गोली खाओ! सुनिये-”

सुरजेवाला ने कहा कि कलराज मिश्र के शब्दों ने फरीदाबाद के सांसद के खिलाफ नारे लगाने वालों को धमकाते हुए भाजपा की “हिंसक मानसिकता” को उजागर किया।

सुरजेवाला का गलत दावा

इस सभा और कलराज मिश्र के भाषण का पूरा वीडियो, मिश्र ने खुद अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया है। उनके भाषण को सुनकर यह स्पष्ट होता है कि उन्होंने किसी को भी गोली मारने का उल्लेख नहीं किया। इस वीडियो को 24 मार्च को लाइव स्ट्रीम किया गया था।

 

Posted by Kalraj Mishra on Sunday, 24 March 2019

भाषण का प्रासंगिक हिस्सा, भाषण की शुरुआत से लेकर 01:13वें मिनट तक है। मिश्र ने अपने भाषण में कहा था, ”अगर कोई यहां गड़बड़ करना चाहता है, तो मैं उनसे प्रार्थना करूंगा कि वह उठके चला जाए और कहीं और गड़बड़ करे, बीच में नहीं… सभा में इस प्रकार से गड़बड़ करना और फिर यह कहना कि मोदी का आदमी हूँ, ये झूठ बोलते हैं। अरे आज माहौल बन रहा है पूरे देश में मोदी के लिए और आप मोदी का वातावरण खराब कर रहे हैं। शर्म नहीं लगती है? आप देशभक्त आदमी हैं, देश का भी सोचों।”

इसके बाद उन्होंने कहा, “चुनाव लड़ना एकमात्र मापदंड नहीं है मित्रों। हमें बड़ा खराब लगा है। अगर हमारा प्रदेश होता, तो मैं नीचे उतर के वही बात कहता।”

इस क्लिप का यही समापन वाला हिस्सा जिसे रणदीप सुरजेवाला द्वारा शेयर किया गया, जानबूझकर या किसी अन्य कारण से, गलत तरीके से ‘गोली मार देने की धमकी के रूप में’ समझा गया। वीडियो से, यह स्पष्ट है कि मिश्र ने कहा था, “अगर हमारा प्रदेश होता, तो मैं नीचे उतर के वही बात कहता”। इसकी बजाय, सुरजेवाला ने दावा किया कि मिश्र ने कहा था, “अगर यह उनका प्रदेश होता तो इस तरह गड़बड़ करने वालों को वह स्टेज से उतरकर गोली मार देते”।

इसे मिश्र ने खुद एक ट्वीट के माध्यम से स्पष्ट किया, जिसमें इसे ओछी हरकत कहते हुए, उन्होंने सुरजेवाला पर हमला किया।

ग़लत
दावा:
कालराज मिश्र ने कहा, “अगर यह उनका प्रदेश होता तो इस तरह गड़बड़ करने वालों को वह स्टेज से उतरकर गोली मार देते”

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें