सोशल मीडिया पर एक टीवी डिबेट का वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है. वीडियो में ऐंकर एक पेनलिस्ट से सवाल करता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने काशी विश्वनाथ कॉरीडोर का उद्घाटन कर जो हिन्दू कार्ड खेला है, क्या राहुल गांधी इसका मुकाबला कर सकते हैं? इस सवाल का जवाब देते हुए पेनलिस्ट कहते हैं, “ये मुश्किल है. राहुल गांधी क्या किसी के लिए भी मुश्किल है. नरेंद्र मोदी हीरो हैं. आज भी 10-15 करोड़ लोग ऐसे होंगे देश में जो उनको भगवान मानते हैं. उसके सारे फ़ैलियर्स को सुनना नहीं चाहते. उसकी बुराई नहीं सुनना चाहते. और रही बात काशी की तो काशी में जो कुछ हुआ है वो अद्भुत हुआ है….”. सवाल का जवाब देते हुए वो PM मोदी की तारीफ़ों की पुल बांध देते हैं. ये वीडियो शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि ये पेनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता हैं.

ट्विटर हैन्डल ‘@VishalRuhelaIND’ ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए यही दावा किया. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

एक और ट्विटर यूज़र ने ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

फ़ेसबुक और ट्विटर पर ये वीडियो वायरल है.

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो में चैनल का लोगो ठीक से नहीं दिख रहा है. लेकिन नीचे स्क्रीन पर ‘फ़र्स्ट इंडिया न्यूज़’ लिखा है. ये राजस्थान की एक लोकल न्यूज़ चैनल है.

इस आधार पर ऑल्ट न्यूज़ ने यूट्यूब पर की-वर्ड्स सर्च किया. फ़र्स्ट इंडिया न्यूज़ ने 14 दिसंबर को लाइव डिबेट की थी. ये वीडियो भी उसी डिबेट का हिस्सा है. वायरल हिस्सा इस वीडियो में 55 मिनट 36 सेकंड के बाद दिखता है. इसके अलावा, डिबेट की शुरुआत में ऐंकर वीडियो में दिख रहे शख्स की पहचान चैनल हेड जगदीश चंद्र के रूप में करता है.

आगे, फ़र्स्ट इंडिया न्यूज़ की वेबसाइट पर जगदीश चंद्र के बारे में सर्च करते हुए हमें चैनल की एक वीडियो रिपोर्ट मिली. ये वीडियो न्यूज़ चैनल के 8 साल पूरे होने के बारे में था. वीडियो में जगदीश चंद्र चैनल के 8 साल पूरे होने पर शुभकामनाएं दे रहे हैं. और ये वही शख्स हैं जो वायरल वीडियो में दिखते हैं.

कुल मिलाकर, फ़र्स्ट इंडिया न्यूज़ के चैनल हेड जगदीश चंद्र ने एक शो के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ़ की थी. इस घटना का वीडियो झूठे दावे के साथ शेयर किया गया कि कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ़ की.

ग़लत
दावा:
कांग्रेस प्रवक्ता ने डिबेट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ़ की

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें